हांसी बनेगा हरियाणा का 23वां जिला
हांसी व नारनौंद विधानसभा क्षेत्रों के 110 गांव होंगे शामिल

चंडीगढ़, 17 दिसंबर 2025: हरियाणा कैबिनेट ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई बैठक में हांसी को नया जिला बनाने की मंजूरी प्रदान कर दी है। इसके साथ ही हांसी हरियाणा का 23वां जिला बन गया है। यह जिला वर्तमान में हिसार जिले में शामिल हांसी और नारनौंद विधानसभा क्षेत्रों से गठित किया जाएगा। यह प्रस्ताव विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार की अध्यक्षता में गठित राज्य पुनर्गठन समिति द्वारा 9 दिसंबर 2025 को अनुमोदित किया गया था।
प्रस्तावित जिला हांसी में दो उपमंडल—हांसी व नारनौंद, तीन तहसीलें—हांसी, नारनौंद व बास, एक उप-तहसील—खेड़ी जालब तथा तीन विकास खंड—हांसी-1, हांसी-2 और नारनौंद शामिल होंगे। जिले का कुल भौगोलिक क्षेत्रफल लगभग 1,34,976 हेक्टेयर तथा अनुमानित जनसंख्या करीब 5,40,994 होगी। नागरिक-केंद्रित सेवाओं को बेहतर बनाने, प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और सरकारी कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
जिला हांसी में शामिल 110 गांवों में हांसी शहर, अनीपुरा, बडाला, बांडा हेडी, बाडा जग्गा, बड़छपर, बास आजमशाहपुर, बास अकबरपुर, बास बादशाहपुर, बास खुर्द बिजान, भकलाना, भैणी अमीरपुर, भाटला, भाटोल जाटान, भाटोल रागडान, बीड हांसी, बुडाना, चानोत, डाटा, दयाल सिंह कॉलोनी, दैपल, धामियां, ढाणा खुर्द, ढाणा कलां, ढंढेरी, ढाणी ब्राह्मणान माजरा राजपुरा, ढाणी गुजरान, ढाणी केंदु, ढाणी कुम्हारान, ढाणी कुन्दनपुर, ढाणी पाल, ढाणी पीरान, खेड़ा रागडान, खेड़ी गगन, खेड़ी जालब, खेड़ी लोचब, खेड़ी रोज व खेड़ी श्योराण, किन्नर, कोथ कलां, कोथ खुर्द, कुलाना, कुम्भा, कुतुबपुर, लालपुरा, लोहारी राघो, मदन हेडी, माढा, मैहंदा, महजद, माजरा, मामनपुरा, मसूदपुर, मिलकपुर, मिर्चपुर, मोहला, मोठ करनैल साहब, मोठ रांगडान, मुजादपुर, नाडा, नारनौंद, नारनौंद औंगशाहपुर, पाली, पेटवाड़, प्रेमनगर, ढाणी पीरावाली, ढाणी पुरिया, ढाणी राजू, ढाणी सकरी, ढाणी ठाकरिया, धर्म खेड़ी, गढ़ी, गढ़ी अजिमा, गामड़ा, घिराय, गुराना, हैबतपुर, हाजमपुर, जमावड़ी, जामनी खेड़ी, जीतपुरा, कांगसर, कंवारी, कापड़ो, खाण्डा खेड़ी, खानपुर, खरबला, खरकड़ा, पुट्ठी मंगलखां, पुट्ठी समैण, राजपुरा, राजथल, राखी खास, राखी शाहपुर, रामायण, रामपुरा, रोशन खेड़ा माजरा खरबला, सैनीपुरा, शेखपुरा, सिंधर, सिंघवा खास, सिंघवा राघो, सीसर, सिसाय बोला, सिसाय कालीरावण, सोरखी, सुलचानी, सुल्तानपुर, थुराना, उगालन और उमरा शामिल हैं।
हांसी को जिला बनाए जाने के साथ ही हरियाणा में जिलों की कुल संख्या बढ़कर 23 हो गई है, जिससे क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक व विकासात्मक कार्यों में सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।









