अव्यवस्थित जीवनशैली एवं मादक पदार्थों का सेवन कैंसर के प्रमुख कारण : डीआईजी विरेंद्र विज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 16 दिसंबर। रिक्रूट प्रशिक्षण केंद्र (आरटीसी) भौंडसी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आरवी अस्पताल एवं अमेरिकन ऑन्कोलॉजी संस्था के संयुक्त तत्वावधान में कैंसर हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उप पुलिस महानिरीक्षक विरेंद्र विज, आरटीसी भौंडसी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

वीरेंद्र विज ने कैंप में उपस्थितजन को संबोधित करते हुए कहा कि अव्यवस्थित जीवनशैली, पर्यावरणीय कारणों तथा अनुवांशिक प्रभावों के चलते महिलाओं में स्तन कैंसर के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि शराब का सेवन, धूम्रपान, मोटापा, 30 वर्ष की आयु के बाद संतान उत्पन्न करना अथवा गर्भधारण न होना स्तन कैंसर के जोखिम को बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि कैंसर के प्रति पूर्ण जागरूकता, इसके लक्षणों की पहचान एवं समय पर निवारण के उद्देश्य से इस कैंप का आयोजन किया गया है।

आरवी अस्पताल की डॉ. बबिता बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि महिलाओं में स्तन की कोशिकाओं में उत्परिवर्तन होकर वे कैंसर कोशिकाओं में परिवर्तित हो जाती हैं, जिससे ट्यूमर का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि सामान्यतः यह बीमारी 50 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को अधिक प्रभावित करती है। कैंप के दौरान कैंसर से संबंधित विभिन्न जांच एवं परीक्षण किए गए। इसके अतिरिक्त स्त्री रोगों से संबंधित जांच, बीपी, शुगर सहित अन्य स्वास्थ्य परीक्षण भी किए गए। इस स्वास्थ्य जांच शिविर से सैकड़ों महिला कर्मी लाभान्वित हुईं।

कैंप में चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशिमा श्योराण, उप पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद (एचपीएस), उप निरीक्षक अर्चना, अनीता, इंदु, शीतल, मीना, अंजू सहित महिला प्रशिक्षुओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!