श्री कल्कि कथा धर्म, आध्यात्म और संस्कृति के प्रति समझ पैदा करती है : पंडित मोहन लाल बड़ौली

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली सह परिवार संभल पहुंचकर श्री कल्कि कथा में शामिल हुए

प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत अपनी प्राचीन आध्यात्मिक जड़ों से जुड़ा है : बड़ौली

नायब सैनी सरकार कुरुक्षेत्र को दुनिया का सबसे गौरवपूर्ण स्थान बनाने के लिए प्रतिबद्ध : बड़ौली

चंडीगढ़, 2 दिसंबर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली उत्तर प्रदेश के सम्भल स्थित श्री कल्कि धाम में आचार्य प्रमोद कृष्णम के आमंत्रण पर कल्कि पुराण-आधारित श्रीकल्कि कथा में सह-परिवार शामिल हुए। इस मौके पर श्री बड़ौली ने जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी का सान्निध्य में प्राप्त कर आशीर्वाद लिया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि श्रीकल्कि कथा का आयोजन अद्वितीय और ऐतिहासिक है। कथा में जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी द्वारा संदेश दिया गया कि जब अधर्म बढ़ता है, तब धर्म स्वयं रक्षा हेतु अवतार रूप में प्रकट होता है। श्री बड़ौली ने कहा कि कल्कि अवतार का आशय केवल भविष्यवाणी नहीं, बल्कि धर्म, कर्तव्य, शुचिता और साहस की शाश्वत प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि श्रीकल्कि धाम के निर्माण की प्रगति भी उत्साहजनक है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि श्री कल्कि कथा भारतीय संस्कृति के महत्व और उसकी गहराइयों को समझने में मदद करती है। उन्होंने कहा कि यह कथा धर्म, आध्यात्म और संस्कृति के प्रति और अधिक ज्ञान और समझ पैदा करती है। उन्होंने कहा कि श्री कल्कि कथा सुनने से सनातन धर्म, संस्कृति और संस्कृत भाषा का ज्ञान प्राप्त होता है।

मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि देश में सांस्कृतिक और धार्मिक पुनर्जागरण चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी और मार्गदर्शक नेतृत्व में भारत अपनी प्राचीन आध्यात्मिक जड़ों से जुड़ा है। पिछले 11 वर्षों में भारत में उल्लेखनीय सांस्कृतिक परिवर्तन हुए हैं। मोदी सरकार में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल लोक परियोजना और अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन जैसे परिवर्तनकारी कार्य हुए हैं। श्री बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई है। आज विश्व भारत को एक मजबूत, निर्णायक, आत्मनिर्भर और विश्वसनीय राष्ट्र के रूप में देखता है।

श्री बड़ौली ने कहा कि नायब सैनी सरकार हरियाणा की सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने और उसे नई पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार कुरुक्षेत्र को दुनिया का सबसे गौरवपूर्ण स्थान बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जो समाज अपनी सांस्कृतिक धरोहर को संजोए रखता है वह युवा पीढ़ी को अच्छे नैतिक संस्कार देता है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!