सैनी के नेतृत्व में भूख हड़ताल, वरिष्ठ नेताओं ने दिया समर्थन

गुरुग्राम। पुराने सरकारी अस्पताल की जर्जर बिल्डिंग को तोड़ने के बाद भाजपा सरकार ने यहां 400 बेड के अत्याधुनिक अस्पताल बनाने का वायदा किया था, लेकिन लंबे समय बाद भी निर्माण शुरू नहीं हुआ। उल्टा सरकार ने अस्पताल की जगह अस्थायी पार्किंग बनाकर जनता की आशाओं पर पानी फेर दिया है। इसी उपेक्षा और जनहित की अनदेखी के खिलाफ 23 नवंबर को कांग्रेस सेवादल गुरुग्राम के जिला अध्यक्ष कृष्ण सिंह सैनी ने एक दिन की सांकेतिक भूख हड़ताल कर सरकार को कठघरे में खड़ा किया।
भूख हड़ताल स्थल पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव, हरियाणा कांग्रेस सेवादल के सह-अध्यक्ष श्री इंदर सिंह सैनी, सहित कई प्रमुख नेता पहुंचे और आंदोलन को अपना समर्थन दिया। इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अंश वत्स भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और जनता को संबोधित किया।
गुड़गांव की स्वास्थ्य व्यवस्था पर कैप्टन अजय सिंह यादव का प्रहार
कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा कि यह बेहद शर्मनाक है कि ‘मिलेनियम सिटी’ कहे जाने वाले गुरुग्राम में आज भी मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाएँ नदारद हैं।
उन्होंने तीखा सवाल उठाया— “जब यहां के सांसद राव इंद्रजीत सिंह केंद्र में मंत्री हों और उनकी बेटी हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री, तब भी गुरुग्राम को अस्पताल जैसी बुनियादी सुविधा क्यों नहीं मिल रही? आखिर बाधा कहां है?”
उन्होंने कहा कि जनता मजबूरी में महंगे निजी अस्पतालों में लाखों रुपये खर्च करके इलाज करवाने पर विवश है। वहीं सरकार ने अस्पताल की जगह पार्किंग बना दी, जो प्रशासन की संवेदनहीनता की जीती-जागती मिसाल है।
कैप्टन अजय सिंह यादव ने हरियाणा की मौजूदा भाजपा सरकार को अवैध करार देते हुए आरोप लगाया कि “यह सरकार 25 लाख वोट चोरी के सहारे बनी है।” बिहार के चुनावों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि आचार संहिता लागू होने के बावजूद सवा करोड़ महिलाओं के खातों में ₹10,000 डाले गए और चुनाव आयोग मूक दर्शक बना रहा। यह लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है।

इंदर सिंह सैनी का सरकार की कार्यशैली पर हमला
हरियाणा कांग्रेस सेवादल के सह-अध्यक्ष श्री इंदर सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार ने विकास के बड़े दावे किए थे, लेकिन वास्तविकता यह है कि गुरुग्राम में एक इंच भी नई मेट्रो लाइन नहीं बढ़ाई गई।
ट्रैफिक जाम, कूड़े के पहाड़ और अव्यवस्थित शहरी ढांचा यह साबित करता है कि सरकार प्रदेश की आर्थिक राजधानी को लेकर कितनी लापरवाह है।
राष्ट्रीय प्रवक्ता अंश वत्स का संबोधन
अंश वत्स ने कार्यक्रम में कहा कि कृष्ण सिंह सैनी और उनकी टीम ने जनता की आवाज को मजबूती देने के लिए साहसिक कदम उठाया है। उन्होंने सेवादल की इस जनआंदोलन पहल की सराहना की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष और अन्य नेताओं का समर्थन
कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष पंकज डावर व वर्धन यादव भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और भाजपा सरकार को जनता-विरोधी नीतियों के लिए कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सदैव जनता के मुद्दों पर संघर्ष करती रहेगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता
आंदोलन के दौरान श्यामपाल यादव, रामपत प्रेमी, संदीप शर्मा, बबलू प्रजापति, लाल सिंह, चंद्रपाल, राजेश यादव, सूबे सिंह यादव, पीएल कटारिया, रोहित मदान, संतोष सिंह, सनी यादव, राहुल यादव, माया देवी, माला देवी, वार्ड 31 की पार्षद प्रत्याशी रेखा सैनी, पार्षद प्रत्याशी राजीव यादव, श्यामलाल यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कांग्रेस सेवादल ने साफ कहा कि गुरुग्राम अस्पताल निर्माण शुरू होने तक लड़ाई जारी रहेगी और जनता की आवाज सड़क से सदन तक बुलंद की जाएगी।








