गुरुग्राम सिटी हाफ मैराथन में उमड़ा उत्साह, स्वच्छ एवं हरित शहर संदेश के साथ हुआ सफल आयोजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान 2025 के तहत 600 से अधिक प्रतिभागियों ने बढ़ाया जागरूकता का कदम

गुरुग्राम, 24 नवंबर। हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान 2025 के अंतर्गत नगर निगम गुरुग्राम, यूनिवर्सल रनर और मैंरिनगो एशिया हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में सैक्टर-58 स्थित अबर्न अखाड़ा में गुरुग्राम सिटी हाफ मैराथन का सफल आयोजन किया गया। स्वच्छ और हरित गुरुग्राम को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस भव्य आयोजन में चार श्रेणियों—3, 5, 10.5 और 21 किलोमीटर—में कुल 600 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में नगर निगम गुरुग्राम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी और बुलंद आवाज़ वेलफेयर सोसाइटी की उपाध्यक्षा प्रिंका यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। शून्य अपशिष्ट सिद्धांत को आधार बनाते हुए मैराथन कार्यक्रम को पूर्णत: ज़ीरो वेस्ट स्वरूप में संपन्न किया गया।

अपने संबोधन में कुलदीप हिन्दुस्तानी ने प्रतिभागियों को स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और सिंगल यूज़ प्लास्टिक के बहिष्कार के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता तभी संभव है जब नागरिक जिम्मेदारी के साथ छोटी-छोटी आदतों को अपनाएं। वहीं, प्रिंका यादव ने बच्चों और अन्य प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया और अपने जन्मदिन के अवसर पर सभी को कम से कम एक पौधा लगाने का संकल्प दिलाया।

कार्यक्रम के अंत में कुलदीप हिन्दुस्तानी द्वारा सभी उपस्थित जनों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। सभी श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए सभी प्रतिभागियों को कपड़े के थैले भी वितरित किए गए।

मैराथन को सफल बनाने में यूनिवर्सल रनर की कुहू राव एवं उनकी टीम तथा मैंरिनगो एशिया हॉस्पिटल की टीम का सराहनीय योगदान रहा। आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागियों, सहयोगी संस्थाओं और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने गुरुग्राम को स्वच्छ और हरित शहर बनाने के संकल्प को आगे बढ़ाया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!