चंडीगढ़, 24 अक्टूबर – हरियाणा सरकार की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि हरियाणा सरकार के ‘म्हारी लाडो’ रेडियो कार्यक्रम माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नारी सशक्तिकरण के स्वप्न पर आधारित एक शानदार पहल है। उन्होंने कहा कि अमृतकाल में देश भर की महिलाओं को अपने बूते पर नेतृत्व एवं विकास की इबारत लिखने का अवसर मिला। इसी का परिणाम है कि महिलाएं राष्ट्र की विकास गाथा के केंद्र में आ गईं हैं।

हरियाणा सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आज ‘म्हारी लाडो’ रेडियो कार्यक्रम के प्रसारण का विधिपूर्वक आरम्भ हुआ। रेडियो कार्यक्रम का आरम्भ सूचना और संसाधन के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं एवं बेटियों को सशक्त बनाने के लिए किया गया है। आज पहले दिन ‘म्हारी लाडो’ कार्यक्रम में ‘लैंगिक समानता’ विषय पर चर्चा की गई।  

महिला एवं बाल विकास मंत्री ने बताया कि बीते अगस्त माह में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने इस रेडियो कार्यक्रम की घोषणा की थी। यह कार्यक्रम महिलाओं को सशक्त बनाने, उन्हें स्वास्थ्य, पोषण, वित्तीय स्वतंत्रता और सामुदायिक नेतृत्व पर ज्ञान प्रदान करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। कार्यक्रम का प्रसारण निम्नलिखित फ्रीक्वेंसी पर किया जाएगा:

·        ऑल इंडिया रेडियो चंडीगढ़ (107.2 मेगाहर्ट्ज): प्रत्येक गुरुवार सुबह 10:45 बजे से 11:00 बजे तक

·        ऑल इंडिया रेडियो कुरुक्षेत्र (101.4 मेगाहर्ट्ज): प्रत्येक बुधवार सुबह 10:45 बजे से 11:00 बजे तक

·        ऑल इंडिया रेडियो हिसार (102.3 मेगाहर्ट्ज): प्रत्येक बुधवार सुबह 10:45 बजे से 11:00 बजे तक

·        ऑल इंडिया रेडियो रोहतक (702 किलोहर्ट्ज): प्रत्येक बुधवार सुबह 9:45 बजे से 10:00 बजे तक

श्रोता ‘न्यूज ऑन एयर’ ऐप के माध्यम से डिजिटल रूप से भी ‘म्हारी लाडो’ का आनंद ले सकते हैं। प्ले स्टोर से इस ऐप को डाउनलोड करके लाइव रेडियो चुनें, फिर नवीनतम एपिसोड सुनने के लिए आकाशवाणी चंडीगढ़, हिसार, कुरुक्षेत्र या रोहतक चुनें।

कार्यक्रम महिलाओं के कानूनी अधिकारों, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच और महिलाओं के लिए उद्यमिता के अवसरों सहित विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करेगा, जिससे सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन को बढ़ावा मिलेगा। यह पहल हरियाणा सरकार की महिला विकास के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण और शहरी परिवेश में महिलाओं के सामने आने वाली विशिष्ट चुनौतियों का समाधान करना है।

कार्यक्रम में नीति निर्माताओं से लेकर जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं तक विभिन्न विशेषज्ञ शामिल होंगे, जो महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे। कार्यक्रम में लिंग आधारित हिंसा, आर्थिक असमानता, शासन में महिलाओं की भागीदारी और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत की जाएगी। इसके अतिरिक्त, हरियाणा में विपरीत परिस्थितियों से पार पाने पाकर सफलता की इबारत लिखने वाली महिलाओं की प्रेरक कहानियां साझा की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!