अटेली आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी ने ली कांग्रेस की सदस्यता

भारत सारथी कौशिक 

नारनौल। हरियाणा विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। पूर्व सांसद अशोक तंवर ने आज महेंद्रगढ़ के गांव बवानिया में कांग्रेस पार्टी ज्वाइन कर ली है। दूसरी ओर अटेली विधानसभा से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सुनील राव ने आज महेंद्रगढ़ के बवानिया में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता लेकर अपना समर्थन अटेली विधानसभा में कांग्रेस पार्टी की प्रत्याशी अनीता यादव को दे दिया है। इन्हें राहुल गांधी ने उन्हें कांग्रेस पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया। करीब 8 महीने पहले तंवर ने आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दिया था। उन्होंने 4 अप्रैल 2022 को आप जॉइन की थी। 22 महीने पार्टी में रहने के बाद उन्होंने आप को अलविदा कह दिया। तंवर ने इस्तीफे का कारण इंडिया गठबंधन में आप-कांग्रेस का एक होना बताया था।

इसके बाद अशोक तंवर ने दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ली थी।

तंवर ने हुड्‌डा के कारण छोड़ी कांग्रेस

अशोक तंवर ने साल 1993 में अपने सियासी करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी। उस समय उनकी उम्र सिर्फ 17 साल थी। वह 2003 में कांग्रेस पार्टी के छात्र विंग, एनएसयूई और 2005 में यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। यूथ कांग्रेस में उन्होंने राहुल गांधी के साथ काम किया। राहुल गांधी ने ही फरवरी 2014 में अशोक तंवर को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया।

बतौर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा में हमेशा छत्तीस का आंकड़ा रहा। हुड्‌डा के कारण ही उन्हें हरियाणा प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष पद छोड़ना पड़ा।

2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले टिकट बंटवारे से नाराज होकर अशोक तंवर ने 5 अक्टूबर 2019 को कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उस समय अशोक तंवर ने 5 करोड़ रुपए में कांग्रेस के टिकट बेचने का आरोप भी लगाया था।

पहले टीएमसी में गए, फिर आम आदमी पार्टी में आए तंवर

कांग्रेस छोड़ने के बाद अशोक तंवर ने अपना दल बनाया, लेकिन कुछ खास नहीं कर पाए। इसके बाद वह पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए। सालभर तृणमूल कांग्रेस में रहने के बाद अशोक तंवर का उससे भी मोहभंग हो गया और 4 अप्रैल 2022 को वह आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए।

आप के प्रत्याशी ने दिया कांग्रेस को समर्थन

आज महेंद्रगढ़ के गांव बवानिया में प्रतिपक्ष नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा राहुल गांधी के समक्ष अटेली विधानसभा से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सुनील राव ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ले ली। वह अटेली विधानसभा से कांग्रेस पार्टी की प्रत्याशी अनीता यादव के साथ आए थे और मंच पर उनके समर्थन का ऐलान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!