विधानसभा चुनाव में भाग लेंगे 15 लाख चार हजार 959 वोटर-डीसी निशांत कुमार यादव

लोकसभा चुनाव की तुलना में 53 हजार 5 वोटर बढ़ चुके हैं जिला में

बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र में हैं सबसे अधिक मतदाता

युवाओं को प्रोत्साहित किया वोट बनवाने के लिए

गुरूग्राम, 23 सितंबर। विधानसभा चुनाव-2024 में गुरूग्राम जिला की चार विधानसभा सीटों पर 15 लाख चार हजार 959 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। विगत लोकसभा चुनाव में जिला में 14 लाख 51 हजार 954 मतदाता थे। इसकी तुलना में करीब पांच माह पश्चात हो रहे विधानसभा चुनाव में 53 हजार 5 वोटर अधिक हो गए हैं।

डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत कुमार यादव ने बताया कि विधानसभा चुनाव में पांच अक्तूबर को होने वाले मतदान में बादशाहपुर, गुडग़ांव, सोहना और पटौदी हलके में कुल 15 लाख चार हजार 959 मतदाता भाग लेंगे। जिला के पटौदी विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 32 हजार 832 पुरूष, एक लाख 21 हजार 946 महिलाएं व दो ट्रांसजेंडर सहित कुल दो लाख 54 हजार 780 मतदाता हैं। लोकसभा चुनाव में इनकी संख्या दो लाख 51 हजार 958 थी। इसी प्रकार प्रदेश के सबसे बड़े विधानसभा क्षेत्र बादशाहपुर में दो लाख 75 हजार 279 पुरूष, दो लाख 45 हजार 662 महिलाएं व 17 ट्रांसजेंडर वोटर सहित कुल पांच लाख 20 हजार 958 मतदाता हैं। मई में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान इनकी तादाद चार लाख 97 हजार 44 वोटर की थी।

डीसी ने बताया कि गुड़गांव विधानसभा सीट पर दो लाख 31 हजार 648 पुरूष, दो लाख 11 हजार 433 महिलाएं व 21 ट्रांसजेंडर सहित चार लाख 43 हजार 102 मतदाता हैं। लोकसभा चुनाव में यहां चार लाख 24 हजार 211 वोटर थे। जिला के सोहना विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 52 हजार 466 पुरूष, एक लाख 33 हजार 641 महिलाएं एवं 12 ट्रांसजेंडर समेत दो लाख 86 हजार 119 मतदाता हैं। करीब पांच महीने पहले संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में इनकी संख्या दो लाख 78 हजार 741 की थी।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने नवोदित मतदाताओं को वोट बनवाने के लिए प्रोत्साहित किया। जिन युवाओं ने इस साल एक जुलाई को 18 साल की आयु पार कर ली थी, उन सभी को वोट बनवाने का अवसर प्रदान किया गया और इसके लिए व्यापक स्तर पर मतदाता पुनरीक्षण अभियान अगस्त माह में चलाया गया था। इसके अलावा विधानसभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से पहले दो सितंबर तक युवाओं को वोट बनवाने तथा मतदाता पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवाने का मौका दिया गया। जिसके परिणामस्वरूप जिला में 53 हजार से अधिक मतदाताओं की वृद्घि दर्ज की गई है। डीसी ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में 5 अक्तूबर को अपने मत का प्रयोग करें।

Post Comment

You May Have Missed

error: Content is protected !!