67 फीसदी राजस्व देने के बाद भी समस्याओं के मकड़जाल में जकड़ा है शहर : मोहित 

– भाजपा को सत्ता से बेदखल कर जनता ने लें अपनी ज्यादतियों का बदला 

– समस्याओं पर काम करने की बजाय भाजपा लोगों को जुमलों से बहलाती  रही 

गुरुग्राम। कांग्रेस के प्रत्याशी मोहित मदन लाल ग्रोवर ने  कहा कि गुरुग्राम पूरे प्रदेश में सबसे अधिक करीब 67 फीसद राजस्व सरकार के खजाने के में देता है। बावजूद इसके शहर समस्याओं के मकड़जाल में फंसा है। यहां के नागरिक अपने ही घर में रहने के लिए  हाउस टैक्स, प्रॉपर्टी टैक्स, मेंटेनेंस चार्ज और न जाने कैसे कैसे अघोषित टैक्स भरता है, लेकिन सुविधाओं के नाम पर उसे पिछले दस सालों में भाजपा सरकार ने कुछ नहीं दिया। इस बार जनता भाजपा को सत्ता से बेदखल पर अपने ऊपर हुई एक-एक ज्यादती का बदला लेगी। 

मोहित शुक्रवार को शहर के विभिन्न इलाकों में अपने चुनाव प्रचार के दौरान जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अपने प्रचार अभियान की शुरुआत सुबह सात बजे रामनगर से की। यहां से वह सेक्टर 15 पार्ट-1 पहुंचे और लोगों को से संवाद कर कांग्रेस के पक्ष में वोट की अपील की। सेक्टर 12 में लोगों से मुलाकात के दौरान उन्होंने कहा कि दस साल में एक पूरे का पूरा शहर नए तरीके से बसाया जा सकता है, लेकिन भाजपा ने बसे बसाए शहर को उजाड़ने का प्रयास किया। आपका बाजार में लोगों से रूबरू हो उन्होंने कहा कि जलभराव और जाम जैसी समस्याओं के चलते उद्योग धंधे यहां से पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं। धरातल की समस्याओं पर काम करने की बजाय भाजपा लोगों को जुमलों से बहलाती  रही। उन्होंने कहा कि दस साल की कारगुजािरयों को याद कर वोट करना है और सत्ता के मद में चूर भाजपा को उखाड़ना है। तभी शहर की सूरत बदल सकती है। 

नए सिरे से मिलकर संवारने शहर 

मोहित ने विष्णु गार्डन, महालक्ष्मी गार्डन, लक्ष्मी गार्डन, वीर नगर में भी जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने  कहा कि शहर को नए सिरे से संवारना होगा। इसके लिए शहर के एक-एक नागरिक को अपना सहयोग और समर्थन करना होगा। लोगों को पांच अक्टूबर को पंजे के निशान का बटन दबाने का काम करना है, बाकी काम उन पर छोड़ दें। उन्होंने कहा कि अगर फिर से भाजपा के बहकावे में आ गए तो उम्मीदों और सपनों का यह शहर अपनी पहचान खो देगा। दूसरे दलों पर क्षेत्रवाद का आरोप लगाने की वाली भाजपा ने गुरुग्राम के साथ सौतेला व्यवहार किया है। जनता यह देख रही है और समझ चुकी है। आज हरियाणा में किसी भी शहर के हालात इतने दयनीय नहीं है।उन्महोंने मतदाताओं से सीधा संवाद करते हुए कहा कि कि 10 साल में हुई  शहर की दुर्दशा को भूल मत जाना और भाजपा को सबक सीखना।  

मोहित ने भाजपा पर हमलावर होते हुए कहा कि भाजपा ने गुरुग्राम के हर वर्ग को छलने का काम किया है। आम नागरिकों प्रॉपर्टी आईडी के नाम पर 5 साल लाइन में लगाए रखा। गरीबों की बीपीएल कार्ड काट दिए। परिवार पहचान पत्र के नाम पर लोगों के साथ खिलवाड़ किया गया। एससी समाज की नगर निगम में छह से तीन सीट कर दी। बुजुर्गों को पेंशन के लिए धक्के खाने पड़ रहे हैं। व्यापारी वर्ग का भी शोषण किया गया। सबका साथ सबका विकास का नारा देने वाली पार्टी ने सबका साथ तो लिया लेकिन गुरुग्राम में विकास की बजाय विनाश करने का प्रयास किया है।  विकास का दम भरने वाली भाजपा के पास लोगों के सवालों के जवाब तक नहीं है। शहर की टूटी सड़कें, जलभराव, उफ़नते सीवर, चारों ओर पसरी गंदगी में पिछले 10 साल का विकास साफ- साफ दिख रहा है। इस दौरान पार्टी के मीडिया कोऑर्डिनेटर पंकज डावर भी मोहित के साथ रहे और भाजपा की दस साल की नाकामियां गिनाई। पंकज ने लोगों को शहर की भलाई के लिए कांग्रेस को वोट देकर शहर के विकास में विकास में भागीदार बनने का आह्वान किया। 

Previous post

अतरलाल ने किया भोजावास में चुनाव कार्यालय का उद्घाटन

Next post

चुनाव में ऑडियो/वीडियो, वॉइस कॉल्स व बल्क एसएमएस के माध्यम से प्रचार के लिए मीडिया मानिटरिंग कमेटी से लेनी होगी अनुमति : जिला निर्वाचन अधिकारी

Post Comment

You May Have Missed