हर वर्ग की खुशहाली का गारंटी कार्ड है कांग्रेस का संकल्प पत्र : जीएल शर्मा 

भाजपा पर कसा तंज, समर्पित कार्यकर्ताओं की नहीं रही जरूरत, भुगतने होंगे परिणाम 

गुरुग्राम। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं हरियाणा डेयरी विकास सहकारी प्रसंघ के पूर्व चेयरमैन जीएल शर्मा ने कांग्रेस के संकल्प पत्र को प्रदेश के हर वर्ग की खुशहाली का गारंटी कार्ड करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की दृढ़ इच्छाशक्ति को इंगित करता है कि कांग्रेस की हर वर्ग का भला कर सकती है। उन्होंने कहा कि यह कोरी घोषणाएं नहीं बल्कि प्रदेश की समृद्धि और  विकास का रोडमैप है। जीएल शर्मा अपने निवास पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने भाजपा में लगातार मची भगदड़ के सवाल पर भाजपा पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि भाजपा को अब समर्पित कार्यकर्ताओं की जरूरत नहीं रही। अहम जब हद से बढ़ जाता है तो ऐसा ही होता है। लोकसभा चुनाव में जनता ट्रेलर दिखा चुकी है, विधानसभा में पूरी की पूरी फिल्म भाजपा के सामने होगी। इस चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा। जनता दस साल से बदहाली झेलती आ रही है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि गुरुग्राम को सिंगापुर बनाने वाले दस साल में गुरुग्राम को जलभराव से मुक्त नहीं कर पाए। शहर में चारों ओर समस्याओं का अंबार लगा है। इससे बड़ी दुगर्ति और क्या होगी कि एक शहर का कूड़ा उठवाने के लिए स्वयं मुख्यमंत्री और चीफ सेक्रेटरी को आना पड़ा, 20 अधिकारी लगाने पड़े। फिर भी हालात बद से बदतर हैं। अब भाजपा का कोई जुमला मतदाताओं पर असर नहीं करेगा। 

संकल्प पत्र ही नहीं, खुशहाली का गारंटी कार्ड है
जीएल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने अपने संकल्प पत्र में सात गारंटियां दी है। इनमें महिला,  युवा,  किसान, कर्मचारी, व्यापारी, गरीब, दलित,  पिछड़ों के हितों का ख्याल रखते हुए उनके लिए जनकल्याणकारी योजनाएं अपने संकल्प पत्र में शामिल की है। कांग्रेस के घोषणा पत्र में प्रदेश के हर वर्ग के  हित सुरक्षित किए गए हैं। महिलाओं को शक्ति प्रदान करने के लिए हर महीने 2000 रुपये तथा 500 रुपये में सिलेंडर देने का वादा किया है। सामाजिक सुरक्षा को बल देते हुए बुढ़ापा,  विधवा तथा विकलांग पेंशन को 6000 करने का वादा किया गया है।  साथ ही पुरानी पेंशन बहाली की भी गारंटी दी गई है। युवाओं का भविष्य सुरक्षित करने के लिए 2 लाख पक्की भर्तियां की जाएंगी। हर घर की खुशहाली के लिए 300 यूनिट बिजली मुफ्त प्रदान की जाएगी। लोगों को 25 लाख रुपए तक मुफ्त इलाज की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। हर गरीब को छत मुहैया कराने का संकल्प भी पार्टी ने लिया है। गरीब परिवारों को 100 -100 गज के प्लाट दिए जाएंगे तथा शहरी क्षेत्र में साढ़े तीन लाख रुपए की लागत से दो कमरों का मकान मिलेगा। किसानों की समृद्धि के लिए एमएसपी की कानूनी गारंटी दी है तथा फसलों का मुआवजा भी किसानों को तत्काल दिया जाएगा। पिछड़ों को उनका हक देने के लिए जातिगत सर्वे कराया जाएगा। क्रीमी लेयर की सीमा 10 लाख रुपए की जाएगी। उन्होंने कहा कि  कांग्रेस ने जनता से जो वादे किए हैं वह पूरे किए हैं और आगे भी जनता से किया एक-एक वादे को कांग्रेस सरकार पूरा करेगी।

उन्होंने प्रदेश के साथ गुरुग्राम के मतदाताओं को आह्वान किया कि 10 साल के भाजपा के कुशासन को उखाड़ फेंकने का यह सही समय है। प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि के लिए सभी मिलकर कांग्रेस को वोट करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निश्चित ही कांग्रेस की सरकार बन रही है। कांग्रेस की सरकार बनने के बाद प्रदेश के पौने तीन करोड़  लोगों के सपने पूरे होंगे,  उम्मीद को नए पंख लगेंगे। प्रदेश के मतदाताओं को भाजपा की एक-एक कारगुजरियां याद कर आने वाली 5 अक्टूबर को हाथ का बटन दबाकर कांग्रेस की सरकार का गठन करना है।

Post Comment

You May Have Missed

error: Content is protected !!