गुरुग्राम में कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर धर्मेंद्र प्रधान बोले, कार्यकर्ताओं के उत्साह में दिख रहा है जीत का जज्बा : धमेंद्र प्रधान

हरियाणा विधानसभा चुनाव प्रभारी ने गुरुग्राम विधानसभा के बूथ, शक्ति केंद्र और मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ किया संवाद

चंडीगढ़,     16 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी के विधानसभा चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने गुरुग्राम में कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर कहा कि कार्यकर्ताओं के उत्साह में जीत का जज्बा दिख रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी हर चुनाव कार्यकर्ताओं के दम पर और जनता के आशीर्वाद से जीतती आ रही है और तीसरी बार भी सीएम सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में भाजपा की सरकार बनेगी। श्री प्रधान शुक्रवार को पार्टी कार्यालय गुरुकमल में गुरुग्राम विधानसभा के मंडल पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र प्रमुख, त्रिदेव व मंडल में रहने वाले राष्ट्रीय, प्रदेश व जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ संवाद कर रहे थे। बैठक में चुनाव प्रभारी ने विधानसभा चुनाव जीतने की रणनीति कार्यकर्ताओं के बीच साझा की और नायब सरकार की उपलब्धियों और कामकाज की बदौलत जनता तक पहुंचने का रोडमैप रखा।

धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि विधानसभा चुनाव जीतने के लिए बीजेपी के कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा और शक्ति के साथ जुट जाएं। उन्होंने कहा कि बूथ जीता चुनाव जीता के मंत्र को आत्मसात करते हुए सभी कार्यकर्ता दिन-रात बूथ को और अधिक मजबूत करने का काम करें। उन्होंने कहा कि हमारे पास मोदी और नायब सरकार की उपलब्धियां हैं, हर वर्ग के लोगों के हितों के लिए किए गए कार्य हैं, जबकि कांग्रेस के पास वंशवादी परम्परा और भ्रष्टाचार है। एक तरफ मोदी और नायब सरकार की विकासात्मक सोच है तो दूसरी तरफ कांग्रेस की भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार को आगे बढ़ाने का एजेंडा है। श्री प्रधान ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आप सभी लोगों के बीच जाएं तथा कांग्रेस व भाजपा सरकार के कार्यों की तुलना करें।

नायब सरकार की उपलब्धियां गिनवाते हुए चुनाव प्रभारी ने कहा कि भाजपा सरकार हरियाणा को विकास के पथ पर नॉन स्टॉप आगे ले जा रही है। 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदने की गारंटी भाजपा सरकार ही दे सकती है। उन्होंने कहा कि नायब सरकार ने कृषि पद्धति को सशक्त करने के लिए 133.55 करोड़ रुपये के ऋण माफ किया ताकि किसान बिना चिंता के फसलें उगा सकें।

धमेंद्र प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के लाभार्थियों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने की घोषणा, अग्निवीरों को 10 प्रतिशत नौकरी में आरक्षण और 5 लाख रुपये तक बिना ब्याज के ऋण मुहैया कराना नायब सरकार का ऐतिहासिक निर्णय है। श्री प्रधान ने कहा कि कांग्रेस के समय में बिना पैसे के नौकरियां नहीं मिलती थी वहां केवल पर्ची और खर्ची चलती थी। लेकिन भाजपा की सरकार ने पारदर्शी और ईमानदार शासन व्यवस्था लागू करके युवाओं को योग्यता के आधार पर 1 लाख 40 हजार से ज्यादा नौकरियां दी हैं और पर्ची तथा खर्ची का सिस्टम समाप्त किया है।

श्री प्रधान ने कहा कि चुनाव आयोग ने चुनाव की तिथियों की घोषणा कर दी है। भाजपा का कार्यकर्ता पूरी तरह से तैयार है और कार्यकर्ताओं के जज्बे के दम पर हरियाणा में एक बार फिर से भाजपा सरकार बनने जा रही है।

भाजपा जिला अध्यक्ष कमल यादव ने चुनाव प्रभारी धमेंद्र प्रधान का स्वागत किया और विश्वास दिलाया कि भाजपा के सभी कार्यकर्ता पूरी मेहनत के साथ जनता के बीच जाकर काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में गुरुग्राम जिला की चारों विधानसभाओं में कमल का फूल खिलेगा और तीसरी बार मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनेगी।

बैठक में जिला अध्यक्ष कमल यादव, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अशोक गुर्जर, विधानसभा प्रभारी वीरेंद्र यादव, विधानसभा संयोजक अजीत यादव, शीतला मंडल अध्यक्ष प्रियव्रत कटारिया, सरस्वती मंडल अध्यक्ष अभिषेक गुलाटी, अर्जुन मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र बजाज, दयानंद मंडल अध्यक्ष अजीत भारद्वाज, मीडिया प्रभारी गजेंद्र गुप्ता, सह मीडिया प्रमुख पवन यादव आदि मौजूद रहे।

You May Have Missed

error: Content is protected !!