एमएसपी पर सभी फसलें खरीदने की घोषणा से हरियाणा का किसान खुश है : मोहन लाल कौशिक

हरियाणा एमएसपी पर सभी फसलें खरीदने वाला देश का पहला राज्य बना : मोहन लाल कौशिक

प्रदेश भर के किसान और किसान संगठनों के मिल रहे हैं बधाई संदेश : कौशिक

जनआशीर्वाद संपर्क अभियान के तहत जींद पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस को गरीबों का शोषण करने वाली पार्टी कहा

चंडीगढ़,  5 अगस्त। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल कौशिक ने कहा कि हरियाणा एमएसपी पर सभी फसलों को खरीदने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कुरूक्षेत्र से किसानों को जो सौगातें दी हैं उनसे किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो सभी वर्गों को साथ लेकर चलती है और सभी का समान रूप से विकास करती है। ये बातें सोमवार को जनआशीर्वाद संपर्क अभियान के तहत जींद आए प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल कौशिक ने पत्रकार वार्ता के दौरान कही। यहां उन्होंने कांग्रेस को भी घेरा और कांग्रेस को गरीबों का शोषण करने वाली पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय अराजकता का माहौल था।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव लड़ेगी। सीएम नायब सैनी की लोकप्रियता और हरियाणा की जनता ने जिस प्रकार से उन्हें स्वीकार किया है इससे स्पष्ट हो गया है कि तीसरी बार भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा चुनाव में समय से ही अपने उम्मीदवारों के नामों की भी घोषणा कर देगी।

सरकार की उपलब्धियों पर बोलते हुए मोहन लाल कौशिक ने कहा कि पिछले 10 सालों में भाजपा सरकार ने बिना भेदभाव के विकास कार्य करवाए हैं और युवाओं को बिना खर्ची और बिना पर्ची के योग्यता के आधार पर 1 लाख 42000 सरकारी नौकरियां दी है। भाजपा सरकार की पारदर्शिता की नीति से जनता में सरकार के प्रति विश्वास का माहौल बना है। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ता पुरानी घोषणाओं के साथ-साथ मुख्यमंत्री द्वारा की जा रही नई घोषणाओं को भी जनता के बीच बताने का काम करेंगे।

भाजपा को सबसे बड़ी किसान हितैषी पार्टी बताते हुए मोहन लाल कौशिक ने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है जहां पर सरकार सभी 24 फसलों को अब एमएसपी पर खरीदने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा के अलावा ऐसा किसी अन्य राज्य में संभव नहीं हो पाया है। श्री कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री सैनी द्वारा किसानों का बकाया 133 करोड़ रुपए के आबियाना को माफ करना नायब सरकार का ऐतिहासिक कदम है।

90 विधानसभाओं में भाजयुमो निकालेगा तिरंगा यात्रा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि रविवार को कुरुक्षेत्र की भूमि से मुख्यमंत्री ने हरियाणा विधानसभा चुनाव का शंखनाद कर दिया है। पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा बताते हुए उन्होंने कहा कि 11 से 14 अगस्त तक भाजयुमो प्रदेश की सभी 90 विधानसभाओं में तिरंगा यात्रा निकालेगा। 14 अगस्त को विभाजन विभिषिका दिवस मनाया जाएगा और लोगों को विभाजन से हुए नुकसानों के बारे में जानकारी दी जाएगी।

मिर्चपुर और गोहाना कांड को नहीं भूला है हरियाणा

कांग्रेस पर प्रहार करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल कौशिक ने कहा कि 2004 से लेकर 2014 तक कांग्रेस का शासन अराजकता से भरा हुआ था। हरियाणा का हर व्यक्ति जानता है कि कांग्रेस के समय युवाओं को नौकरियां किस तरह से मिलती थी। मिर्चपुर और गोहाना में जो कांड हुए वह भुलाए नहीं भूले जाते। एक वर्ग विशेष को निशाना बनाकर उनके प्रतिष्ठानों को जलाने का काम कांग्रेस के समय में हुआ। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस फिर से हरियाणा को लूटने की मंशा से चुनावी मैदान में आने का मंसूबा बना रही है जिसे हरियाणा की जनता पूरा नहीं होने देगी।

हरियाणा में करेंगे वर्गीकरण लागू

हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष मोहनलाल कौशिक ने स्पष्ट कहा है कि अनुसूचित जाति, जनजाति आरक्षण को लेकर वर्गीकरण के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने जो फैसला दिया है हरियाणा सरकार उसे लागू करेगी। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा में 23 प्रतिशत आरक्षण अनुसूचित जाति को दिया जा रहा है और अब वर्गीकरण को लेकर जो सुप्रीम कोर्ट की संविधान पीठ ने फैसला दिया है उसके अनुरूप हरियाणा सरकार जल्दी ही अनुसूचित जाति का वर्गीकरण कर आरक्षण का विभाजन करेगी।

मोहनलाल कौशिक ने कांग्रेस को खुला चैलेंज करते हुए कहा कि कांग्रेस के पास 2004 से 2014 के बीच के 10 साल की कोई बड़ी उपलब्धि है तो वह जनता के बीच बताएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस की लूट की नीति के बारे में बहुत अच्छे से जानती है और कांग्रेस का पूरी तरह से सफाया करने का मन बना चुकी है।

जींद पहुंचने पर मोहन लाल कौशिक का हुआ भव्य स्वागत

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने पर पहली बार जींद आए मोहन लाल कौशिक का नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भव्य और जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष को विश्वास दिलाया कि विधानसभा चुनाव में जींद जिला की सभी विधानसभाओं में कमल खिलाने का काम करेंगे। यहां श्री कौशिक ने जनआशीर्वाद संपर्क अभियान के तहत लोगों से बातचीत की और भाजपा की नीतियों और योजनाओं के बारे में जानकारी दी तथा तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने की अपील की। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री कृष्ण बेदी, विधायक डॉक्टर कृष्ण मिढ़ा, जिला प्रभारी मदन लाल गोयल, जिला अध्यक्ष तेजेंद्र ढूल, कर्मवीर सैनी, अमरपाल राणा, राजू मौर, राजवीर रोहिल्ला, मनीष गोयल बबलू, जवाहर सैनी आदि उपस्थित रहे।

Previous post

स्वास्थ्य मंत्री डॉ कमल गुप्ता ने वर्चुअल माध्यम से उप-मंडल अस्पताल सोहना में विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू) का किया उद्घाटन

Next post

जनता की लड़ाई लड़ने की सजा भुगत रहा हूं नवीन जयहिंद

You May Have Missed

error: Content is protected !!