ब्राह्मण समाज के गणमान्य लोगों ने नवनियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली से की मुलाकात

भाजपा सभी समाज को साथ लेकर चलने वाली पार्टी : बडौली

कांग्रेस समाज को तोड़ने की राजनीति करती हैः मोहनलाल

मोहन लाल बड़ौली को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर ब्राह्मण समाज में उत्साह

चंडीगढ़, 17 जुलाई। ब्राह्मण समाज के गणमान्य लोगों ने बुधवार को संत कबीर कुटीर चंडीगढ़ में हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली से मुलाकात की और भाजपा के  प्रदेश अध्यक्ष बनने पर श्री बड़ौली को शुभकामनाएं दी तथा खुशी जताई। समाज के लोगों ने कहा कि भाजपा ब्राह्मण समुदाय को भी साथ लेकर चल रही है। आगामी विधानसभा चुनाव में ब्राह्मण, ओबीसी और अन्य सभी समाज एकजुट होकर भाजपा को तीसरी बार सरकार बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है।  मोहन लाल बड़ौली के प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर ब्राह्मण समाज के लोगों में जबरदस्त उत्साह है। ब्राह्मण समाज के लोगों ने कहा कि भाजपा ने ही ब्राह्मण समाज को पूरा मान और सम्मान दिया है।

प्रदेश अध्यक्ष श्री बड़ौली से मुलाकात के बाद ब्राह्माण समाज के लोगों ने कहा कि मोहन लाल बड़ौली को प्रदेश अध्यक्ष का पद देकर भाजपा ने जता दिया कि पार्टी में ब्राह्मण समाज का पूरा मान सम्मान है और पार्टी सभी वर्गों और समाज को साथ लेकर चल रही है। भाजपा की नीति जाति-पाति और पंथ से उपर उठकर सर्व जन हिताय और सर्व जन सुखाय है। सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास के तहत भाजपा हर वर्ग को लाभान्वित कर रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में ब्राह्मण समाज एकजुट होकर भारतीय जनता पार्टी के साथ खड़ा है। प्रतिनिधि मंडल में शामिल लोगों ने कहा कि भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष ब्राह्मण, मुख्यमंत्री ओबीसी और जाट समुदाय से कैबिनेट मंत्री बनाकर स्पष्ट कर दिया है कि भाजपा हर वर्ग का ख्याल रखने वाली और सभी को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने ब्राह्मण समाज के लोगों का आभार जताया और कहा कि भाजपा सभी समाज को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने कभी भी जाति-पाति और धर्म के नाम पर राजनीति नहीं की है। भाजपा का मूलमंत्र ही सत्ता के माध्यम से सेवा करना है। श्री बडौली ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि जाति-पाति की राजनीति करना कांग्रेस का चरित्र है। कांग्रेस ने जातियों के नाम पर समाज को बांटा है। श्री बड़ौली ने कहा कि अब भी कांग्रेस ने संसद में हिंदुओं का मजाक उड़ाया और हिंसक कहा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि देश की सांस्कृतिक विरासत को संजोकर रखने में ब्राह्मण समाज का अहम योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत की सांस्कृतिक विरासत को अब आगे बढ़ा रहे हैं। पूरी दुनिया में भारत का नाम गर्व के साथ लिया जाता है। श्री बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का डंका विश्व में बज रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लगातार नए-नए निर्णय लेकर हर समाज के लोगों का लाभान्वित कर रहे हैं। श्री बड़ौली ने कहा कि हरियाणा की जनता मुख्यमंत्री नायब सैनी की कार्यशैली से प्रसन्न है और विधानसभा चुनाव में जीताकर तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने को तत्पर है।

You May Have Missed

error: Content is protected !!