रंगदारी की मांग को लेकर व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर फायरिंग से व्यापारी वर्ग दहशत में

182 दिनों में प्रदेश में 465 हत्याएं, 720 बलात्कार, 813 अपहरण, 80 दहेज हत्या की हुई घटनाएं

चंडीगढ़/सिरसा, 04 जुलाई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा लोकसभा क्षेत्र की सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि एक ओर प्रदेश की भाजपा सरकार सुशासन का दावा कर रही है तो दूसरी ओर अपराधियों ने जमकर उत्पात मचाया हुआ है, पुलिस हाथ पर हाथ रखकर बैठी है और सरकार सब कुछ देखकर भी अनदेखी कर रही है। कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो चुकी है। जनवरी से जून 2024 के बीच 182 दिनों में प्रदेश में 465 हत्याएं, 720 बलात्कार और 813 अपहरण, दहेज हत्या की 80, महिलाओं से छेड़छाड़ की 709 घटनाएं हो चुकी है। भिवानी, फरीदाबाद, गुरूग्राम, हिसार, करनाल, पलवल, पानीपत, रोहतक, सोनीपत और यमुनानगर में एक के बाद अनेक हत्याएं हुई है। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर झूठे वादों से आगे बढ़कर असली कार्रवाई की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद आमजन और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

मीडिया को जारी बयान में कुमारी सैलजा ने कहा है कि हरियाणा की भाजपा सरकार प्रदेश में न तो भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, लोगों का उत्पीड़न रोक पाई है बावजूद इसके बाद सरकार सुशासन का दावा करती है। पिछले छह माह में अपराधी नंगा नाच कर रहे है, हर जिला में बढ़ते अपराधों को लेकर लोग दहशत हैं, लोगों में असुरक्षा की भावना घर करती जा रही है। भिवानी, फरीदाबाद, गुरूग्राम, हिसार, करनाल, पलवल, पानीपत, रोहतक, सोनीपत और यमुनानगर में एक के बाद लगातार अनेक हत्याएं हुई है, रंगदारी मांगने वाले सरेआम फायरिंग कर दहशत फैल रहे है। पुलिस प्रशासन पर सरकार की कोई पकड़ नहीं है, अधिकारी मनमानी कर रहे हैं। प्रदेश में नशा तेजी से बढ़ रहा है, सिरसा में नशे से मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। महिला न घर में न कार्यालय में, छात्राएं न स्कूल में न कालेज में सुरक्षित नहीं है। इतना ही नहीं व्यापारियों से रंगदारी मांगने की घटनाएं बढ़ रही है, हालात ऐसे हो गए है कि उद्योगपति और बड़े बड़े व्यवसायी प्रदेश से पलायन करने लगे हैं।

उन्होंने कहा कि जनवरी से जून माह तक के आंकड़ों ने बता दिया कि प्रदेश में कैसी कानून व्यवस्था है। सरकार को खुद ही इन आंकड़ों पर शर्म आनी चाहिए, मुख्यमंत्री के पास गृह विभाग है उन्हें अपने विभाग की समीक्षा कर पुलिस पर शिकंजा कसना चाहिए, जो कसरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा नहीं कर सकती उन्हें सत्ता में बने रहने का कोई हक नहीं हैं। उन्होंने बताया कि पिछले छह माह में भिवानी में 20, फरीदाबाद में 40, गुरुग्राम में 43, हिसार में 19, झज्जर में 21, करनाल में 29, पलवल में 23, रोहतक में 24, यमुनानगर में 21 हत्याओं सहित प्रदेश में कुल 465 हत्याएं हुईं। प्रदेश में वाहन चोरी के 7060 केस दर्ज हुए। अंबाला में 161, भिवानी में 120, फरीदाबाद में 871, गुरूग्राम में 1360, हिसार में 367, झज्जर में 207,जींद में 219,कैथल में 253, करनाल में 359, कुरुक्षेत्र में 246, रेवाड़ी में 173, रोहतक में 455, पानीपत में 338, सिरसा में 204, सोनीपत में 304, यमुनानगर में 335 वाहन चोरी के केस दर्ज हुए। प्रदेश से चोरी किए वाहन दूसरे राज्यों और नेपाल तक भेजे जाते है, पुलिस जांच के नाम पर हवा में हाथ पैर चलाती रहती है।

बच्चों के प्रति अपराध में हुई वृद्धि

उन्होंने कहा कि प्रदेश में बच्चे, किशोरी तक सुरक्षित नहीं हैं। पिछले छह माह में पुलिस ने पोक्सो एक्ट के सेक्शन चार और छह के तहत कुल 704 केस दर्ज किए। इस एक्ट के तहत अंबाला में 26, फरीदाबाद में 93, हिसार में 38, झज्जर में 20, करनाल में 53, पलवल में 29, पंचकूला में 24, पानीपत में 68, रोहतक में 29, सिरसा में 18, सोनीपत में 44, यमुनानगर में 34 केस दर्ज हुए। आंकड़े खुद बता रहे है प्रदेश में बच्चियां भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति अपराध में भी वृद्धि जारी है। पिछले छठे माह में प्रदेश में 720 बलात्कार , 813 अपहरण, दहेज हत्या की 80, महिलाओं से छेड़छाड़ की 709 घटनाएं हो चुकी है। फरीदाबाद, गुरुग्राम, कुरूक्षेत्र पानीपत, रोहतक, सोनीपत, यमुनानगर और रेवाड़ी में छेड़छाड़ की अधिक घटनाएं हुई। अंबाला, डबवाली, फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिसार, झज्जर, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, पलवल, पानीपत, रेवाडी, रोहतक, सिरसा, सोनीपत और यमुनानगर में महिलाओं के अपहरण की ज्यादा वारदात हुई। उन्होंने कहा कि अपराध के आंकड़े शर्मसार करने वाले है, सरकार को इस दिशा में कठोर कदम उठाना चाहिए। हिसार में व्यापार सुरक्षा की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।

अब तो पुलिस वाले भी सुरक्षित नहीं

उन्हांने कहा कि अपराधियों के हौंसले इतने बुलंद है कि वे पुलिस वालों पर हमला करने से गुरेज नहीं करते। मंगलवार देर रात करनाल में एएसआई की गोली मारकर हत्याकर दी गई। उन्होंने कहा कि मंगलवार की शाम संजीव कुटेल-ऊंचा समाना रोड पर एएसआई संजीव कुमार सैर के लिए निकला था। रात्रि करीब 8.25 बजे अचानक बेखौफ दो अज्ञात बदमाश बाइक पर सवार होकर आते है और संजीव के सिर में गोली मारकर फरार हो जाते हैं। अगर पुलिस वालों की ही जान सुरक्षित नहीं है जो सीधे सीधे तौर पर कहा जा सकता है कि प्रदेश में पूरी तरह जंगल राज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!