विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस की झूठ की दुकान पर ताला लगाने का काम करेगी : नायब सैनी

यमुनानगर कार्यकर्ता सम्मेलन में बोले मुख्यमंत्री सैनी – कार्यकर्ताओं की मेहनत से तीसरी बार बनेगी भाजपा सरकार

चंडीगढ़, 15 जून। यमुनानगर कार्यकर्ता सम्मेलन में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने सदा झूठ की राजनीति की है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने गरीब लोगों के फार्म भरकर 8500 रुपये देने का झूठा वादा किया। सीएम सैनी ने कहा कि अपने आपको कांग्रेस से ठगा महसूस कर रहे लोग अब कांग्रेस नेताओं के दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं। श्री सैनी ने कहा कि कांग्रेस के झूठ का नकाब उतारना जरूरी है। श्री सैनी शनिवार को यमुनानगर में सायं कर्ण रिजोर्ट में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। यहां श्री सैनी ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस की झूठ की दुकान पर ताला लगाने का काम करेगी।

कांग्रेस को घेरते हुए नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में दस साल तक सत्ता में रही। घर- घर में जाकर नौकरी के फार्म भरें पर नौकरी नहीं दी। उन्होंने कहा कि 2014 में भाजपा की सरकार बनने पर युवाओं को बिना पर्ची और खर्ची के नौकरी देने का काम भाजपा सरकार ने किया है। डबल इंजन की सरकार ने बिना भेदभाव के हर क्षेत्र में विकास किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब विधानसभा चुनाव में तीन महीने बचे हैं, इसलिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करें। नायब सैनी ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता जनार्दन के आशीर्वाद से हरियाणा में भी तीसरी बार भाजपा की सरकार बननी तय है।

नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में संविधान और आरक्षण पर झूठ बोलकर जनता को बरगलाने का काम किया। उन्होंने कहा कि संविधान सबसे ज्यादा बदलने का पाप अगर किसी पार्टी ने किया है तो कांग्रेस ने किया है। सबसे पहले संविधान का अपमान करने वाले भी पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू थे। मुख्यमंत्री यही नहीं रूके उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगाकर लोगों का अधिकार छीनने और संविधान का अपमान करने का काम किया है। आज कांग्रेस संविधान को खतरे में बताकर लोगों को भ्रम में डाल रही है।

नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने तो गरीब लोगों को प्लॉट के नाम पर भी ठगा है। कांग्रेस ने प्लॉट तो दिए लेकिन ना कब्जा दिया और ना ही रजिस्ट्री दी। जबकि भाजपा सरकार गरीबों को प्लॉट की रजिस्ट्री और कब्जा साथ-साथ दे रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ता अभी से जुट जाएं और घर-घर जाकर लोगों को बताएं कि कांग्रेस सिर्फ झूठ बोलकर सत्ता पर काबिज होने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस के पास विकास की ना कोई नीति है और ना ही कांग्रेस की नीयत रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीपीएल परिवारों को भी भाजपा सरकार ने बड़ी राहत दी है। अब गरीब लोगों के परिवारों का दो किलोवाट तक का यूनिट खर्च के आधार पर ही बिल आएगा। श्री सैनी ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि अब कार्यकर्ता घर-घर जाकर मोदी और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी दें और साथ ही कांग्रेस की झूठ की पोल भी खोलें।

ओच्छे हथकंडे अपना रही है कांग्रेस : कंवरपाल गुर्जर

हरियाणा के कृषि मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने मुख्यमंत्री नायब सैनी जनहित में लगातार फैसला ले रहे हैं। नायब सरकार का लक्ष्य ज्यादा गरीबों को फायदा पहुंचाना है। श्री गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री की लोकप्रियता से कांग्रेस बौखलाई हुई है और बौखलाहट में संविधान बदलने से ओच्छे हथकंडे अपना रही है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता यमुनानगर जिला की चारों विधानसभा सीटों को जीतने के कार्य में जुट जाएं। सम्मेलन को प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कर्णदेव कम्बोज, जिला महामंत्री कृष्ण सिंगला, जिला महामंत्री सुरेंद्र बनकट, जिला परिषद चेयरमैन रमेश ठसका, पूर्व चेयरपर्सन रोजी मलिक आंनद, मेयर मदन चौहान, रामेश्वर चौहान, दाताराम, पूर्व चेयरमैन रामनिवास गर्ग, पूर्व विधायक ईश्वर पलाका, कुसुम शेरवाल, अशोक शेरवाल, देवेन्द्र चावला, जिला मीडिया प्रभारी कपिल मनीष गर्ग, प्रीति जौहर, सुनीता शर्मा, निश्चल चौधरी, रामपाल सिंह, कल्याण सिंह, प्रवीण अग्रवाल, विपुल गर्ग, विभोर पहुजा,नीरज गुप्ता, अंकित गोयल, धर्मसिंह मट्टू, हैप्पी खेड़ी, मनोज गुप्ता, चंद्रमोहन कटारिया, रानी कालडा, जय प्रकाश,कीमतपाल चोपड़ा, कुनाल भारद्वाज,रजत अरोड़ा अशोक शेरवाल, कुसुम शेरवाल सहित प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, जिला एवं मंडलों के अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारी, शक्ति केन्द्र प्रमुख तथा बूथों के अध्यक्षों के अलावा त्रिदेव व भारी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!