पलवल में राजनाथ का विपक्ष पर बड़ा हमला

25 मई को भाजपा को भारी बहुमत से विजयी बनाएं

हरियाणा में सभी 10 की 10 सीटों पर कमल खिलाकर मोदी को दें

हमारी सरकार पर भ्रष्टाचार एक भी आरोप नहीं लगा

चार जून के बाद भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार बनने जा रही

सरकार बनते ही 70 साल के ऊपर के सभी बुजुर्गों का हर साल पांच लाख तक का मुफ्त इलाज होगा

देश के हर परिवार और हर नागरिक को फायदा पहुंचा रही सरकार

25 मई को कृष्ण पाल गुर्जर के पक्ष में मतदान करें, भाजपा के पक्ष में मतदान करें

देश में तीसरी बार मोदी को मजबूती के साथ प्रधानमंत्री बनाएं

चंडीगढ़, 23 मई। भाजपा के वरिष्ठ नेता और देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को पलवल के गांव सौलदा में आयोजित विजय संकल्प रैली में फरीदाबाद से भाजपा उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के लिए वोट मांगे। उन्होंने कहा कि आने वाली 25 मई को भाजपा को भारी बहुमत से विजयी बनाएं। प्रदेश में सभी 10 सीटों पर कमल का फूल खिलाकर मोदी जी को दें। देश- प्रदेश के विकास को मजबूत करें। देश की सेना को मजबूत करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मजबूत करें, ताकि वे देशहित में निःसंकोच होकर फैसले ले सकें।

उन्होंने कहा कि देशभर में मोदी द्वारा किए गए कामों के बूते पर ही भाजपा लगातार तीसरी बार देश में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाने जा रही है। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस पर भी तीखा प्रहार किया और कहा कि इन चुनावों के बाद कांग्रेस देश में डायनासोर की तरह विलुप्त हो जाएगी। आज से दस साल बाद देश की जनता पूछेंगे की कांग्रेस क्या थी। इनके हालात ऐसे बनते जा रहे हैं। कांग्रेस के लोगों ने हमेशा भ्रष्टाचार किया है। भाई भतीजावाद और परिवारवाद को बढ़ावा दिया है। वहीं, भारत प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में दुनिया में एक बड़ी शक्ति बनकर उभरा है। इस बात को पाकिस्तान की संसद ने भी माना है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान के एक पूर्व मंत्री उरी व पुलवामा हमले को लेकर यह कह चुके हैं कि यह हमला पाकिस्तान ने करवाया था और भारत ने इसका माकूल जवाब दिया। भारत आज दुनिया की सबसे तेज गति से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था है। रक्षा मंत्री ने कहा कि पिछले दस सालों में भारत के प्रति दुनिया की धारणा बदली है। दुनिया को भारत के प्रति सोचने का नजरिया बदला है। भारत अब पहले जैसा नहीं रहा। इससे पहले रैली में पहुंचने पर भाजपा प्रत्याशी कृष्णपाल गुर्जर, भाजपा जिला अध्यक्ष शरण सिंह,नंदकिशोर,दीपक मंगला आदि ने केंद्रीय मंत्री और रक्षा मंत्री का भव्य स्वागत किया।

भाजपा प्रत्याशी कृष्णपाल गुर्जर की तारीफ

राजनाथ सिंह ने कहा कि कृष्ण पाल गुर्जर जैसा प्रत्याशी आपको मिला है। आप भाग्यशाली हैं। कोई इन पर आरोप नहीं लगा सकता। इन पर आज कोई अंगुली नहीं उठा सकता। आज भारत लगातार आर्थिक रूप से मजबूत होता जा रहा है। वर्ष  2004 से लेकर 2014 तक कांग्रेस की सरकार थी, तब देश अर्थव्यवस्था के मामले में 11वें स्थान पर था। जब से हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आए हैं, हम 11वें से 5वें स्थान पर पहुंच गए हैं, धन दौलत के मामले में हमारा दुनिया में डंका बजता है। 2027 तक भारत दुनिया का तीसरा सबसे धनवान देश बन जाएगा और 2070 तक हम दुनिया के सबसे धनवान देश होंगे। आज भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में सबसे तेज गति के साथ बढ़ रही है।

आज भारत कमजोर देश नहीं रहा

राजनाथ ने कहा कि आज का भारत कमजोर भारत नहीं है। आज हम किसी को आंख दिखाते नहीं, लेकिन कोई हमें आंख दिखाने की कोशिश करेगा तो हम मुहतोड़ जवाब देंगे। देश के पीएम मोदी के कारण ही देश की सेना मजबूत है। आज हमारे देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। आज भारत विश्व की महाशक्ति बनने जा रहा है। भारत किसी देश पर कब्जे के लिए नहीं, दुनिया के कल्याण के लिए महाशक्ति बनना चाहता है। हम सभी देशों के साथ मधुर संबंध रखना चाहते हैं, लेकिन पाकिस्तान हमारा एक ऐसा पड़ोसी है, जिसकी नापाक हरकतें हमें परेशान करती रहती हैं, लेकिन  आज का भारत डरने वाला नहीं है। हम दुश्मन को घर में घुसकर मारते हैं

पित्रोदा को लेकर भी कसा तंज
केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस के पूर्व नेता सैम पित्रोदा को फिर घेरते हुए कहा कि भारत में ऐसा करना चाहिए कि घर का मुखिया मर जाए तो उसकी संपत्ति सरकार को दे दी जाए। ये कितनी हास्यास्पद बात है। ईश्वर कांग्रेस और उसके लोगों को सद्बुद्धि दे। वहीं राहुल गांधी कह रहे हैं कि आपकी संपत्ति का सर्वे कराया जाएगा, आप लोग तो खुश होंगे। इनके सलाहकार भी ऐसे हैं, पित्रोदा भी उनमें से एक हैं। कांग्रेस कह रही है कि जब परिवार का मुखिया खत्म हो जाएगा तो उसकी आधी संपत्ति सरकार जब्त कर लेगी। पता नहीं इन्हें क्या हो गया है।  

कांग्रेस ने हमेशा झूठ बोला, परिवारवाद को बढ़ाया
राजनाथ ने कहा कि 50 साल से ज्यादा तक जनता ने कांग्रेस को सत्ता सौंपे रखी। पंडित जवाहरलाल नेहरू कहते थे कि भारत आजाद हो गया है,अब गरीबी खत्म करेंगे, इंदिरा गांधी भी कहती थी कि गरीबी खत्म करेंगे, मनमोहन सिंह भी कहते थे कि गरीबी खत्म करेंगे,लेकिन उनसे कुछ नहीं हो पाया। उन्होंने हमेशा वोट बैंक के लिए झूठ की राजनीति की है, लेकिन आजाद भारत में पहली बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला। हम भेदभाव की राजनीति नहीं करते। हम देश के विकास की राजनीति करते हैं। मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार विकास कर रहा है।

हमने सभी वादे पूरे किए
रक्षा मंत्री राजनाथ ने कहा कि भाजपा कभी झूठे वादे नहीं करती, हमने चुनाव से पहले कहा था कि जिस दिन केंद्र में भाजपा सरकार बनेगी धारा 370 खत्म करेंगे और सरकार बनते ही धारा 370 खत्म कर दी। आज कश्मीर में विकास हो रहा है। आतंकवाद खत्म हो चुका है। कश्मीर खुली हवा में सांस ले रहा है। हमने वादा किया था कि राम मंदिर बनाएंगे और सत्ता में आते ही राम मंदिर बना दिया। आज राम लला अपनी झोपड़ी से निकलकर भव्य मंदिर में विराजमान है। देश में राम राज्य है। भाजपा कभी भी झूठ की राजनीति नहीं करती है अपने सभी वादे पूरे करती है। हिंदू हो या मुस्लिम किसी भी धर्म की महिलाएं हो हम अत्याचार सहन नहीं करेंगे और इसीलिए तीन तलाक खत्म कर दिया। इससे मुस्लिम महिलाएं भी खुश हैं।

इंदिरा को भी घेरा
राजनाथ ने कहा कि कांग्रेस कहती है कि मोदी जी तानाशाह हैं। 1975 के चुनाव में इंदिरा गांधी चुनाव हार गई थीं, लेकिन उन्होंने क्या किया कि देश में इमरजेंसी लगा दी। मेरी उम्र भी 24 साल की थी। मुझे 18 महीने जेल में रहना पड़ा। कांग्रेस के कारण लोकतंत्र का गला घोंटा गया। मेरी मां की सदमें में मौत हो गई। कांग्रेस सरकार ने मुझे पैरोल तक नहीं दी। कांग्रेस शासन में भ्रष्टाचार चरम पर था। लेकिन हमारी सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा। चार जून के बाद भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार बनने जा रही है। सरकार बनते ही देश में 70 साल के ऊपर के सभी बुजुर्गों का हर साल पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज किया जाएगा। इससे देश के हर परिवार और हर नागरिक को फायदा होगा। रैली में उमड़ी भीड़ को देखते हुए लगता है कि आपने भाजपा को सभी दस सीटें जिताने का मन बना लिया है। इसलिए आप सबसे अपील करता हूं कि आने वाली 25 मई को कृष्णपाल गुर्जर के पक्ष में मतदान करें। भाजपा के पक्ष में मतदान करें और देश में तीसरी बार मोदी को मजबूती के साथ प्रधानमंत्री बनाएं।

फरीदबाद का सबसे पिछड़ा क्षेत्र आने वाले समय में फरीदाबाद का ताज होगा : कृष्णपाल गुर्जर

-कांग्रेस इज्जत बचाने के लिए देश में आधी सीटों पर चुनाव लड़ रही
-आप कमल खिलाएंगे तो मोदी पीएम बनेंगे, विपक्ष के पास न नेता और न ही नीति
-इंडी गठबंधन के चेहरे जमानत पर बाहर आए हुए हैं
-इंडी गठबंधन ऐसी बारात है जिसका कोई दूल्हा नहीं है
-वह एक ऐसी गाड़ी है, जिसका कोई ड्राइवर नही है

फरीदाबाद से भाजपा उम्मीदवार और केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने पलवल के गांव सौलदा में आयोजित विजय संकल्प रैली में आने वाली 25 मई को भारी मतों से जिताने की अपील की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मैं आपको बता दूं कि जो पहले फरीदाबाद के जिस क्षेत्र को सबसे पिछड़ा बताते थे वह आने वाले समय में फरीदाबाद का ताज होगा। यहां बनने वाला ग्रीन एक्सप्रेस वे फरीदाबाद के विकास में चार चांद लगा देगा। उन्होंने मोहना में ग्रीन एक्सप्रेस वे पर कट निकलने को लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों से कहा कि मेरी केद्रीय मंत्री से बात हो चुकी है। चुनाव खत्म होते ही नई सरकार का गठन होते ही यहां एक्सप्रेस वे पर कट बना दिया जाएगा। हम लोगों को परेशान नहीं होने देंगे। उन्होंने विपक्ष इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास न नेता है और न ही नीति। कांग्रेस की तो हालत ऐसी है कि वह इज्जत बचाने के लिए देश में आधी सीटों पर चुनाव लड़ रही है। आप कमल खिलाएंगे तो वह मोदी जी को जाएंगे । इंडी गठबंधन के वोट किसके पास जाएंगे। उनके सभी नेता जमानत पर हैं। इंडी गठबंधन ऐसी बारात है, जिसका कोई दूल्हा नहीं है। वह एक ऐसी गाड़ी है, जिसका कोई ड्राइवर नहीं है। वहीं, भाजपा के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में एक ऐसा मजबूत ड्राइवर जिसके हाथों में आप देश को सौंपकर निश्चित हो जाएंगे। इसलिए 25 मई को भारी मतों से भाजपा को जिताएं और प्रदेश में सभी 10 सीटों पर कमल खिलाकर मोदी जी को मजबूत प्रधानमंत्री बनाएं।

error: Content is protected !!