दो दिवसीय अभियान के पहले दिन पूर्व मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारियों ने संकल्प पत्र के साथ प्रधानमंत्री मोदी का संदेश भी पहुंचाया

बूथ चलो अभियान में बीजेपी का कार्यकर्ता, हर घर में जाकर लोगों को प्रधानमंत्री मोदी का संदेश दें : सीएम सैनी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत मजबूत और सशक्त राष्ट्र हुआ : नायब सैनी

पंचकूला 11 मई। हरियाणा में दो दिवसीय हर बूथ, हर घर संपर्क अभियान की शुरूआत पंचकूला में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने की। उन्होनें पंचकूला में राजीव कॉलोनी के बूथ नंबर 132 से इस अभियान की शुरूआत की। इस अभियान के तहत प्रदेश भर में मंत्रियों, सांसदों, विधायकों व पार्टी के पदाधिकारियों ने भाजपा के संकल्प पत्र तथा प्रधानमंत्री मोदी के संदेश को लोगों तक पहुंचाया और तीसरी बार भी नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए वोट देने की अपील की।

अभियान के पहले दिन पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल करनाल में घर-घर पहुंचे और लोगों से संपर्क किया। वहीं संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा रोहतक में बूथ नंबर 132-133 पर रहें। लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक एवं राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने टोहाना के बूथ नंबर 142, 143, 144 पर संपर्क अभियान चलाया। राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ बादली विधानसभा के बूथ नंबर 80, 81 पर रहे और भाजपा के संकल्प पत्र के साथ घर घर पहुंचे।

बूथ चलो अभियान के संयोजक वेदपाल एडवोकेट ने करनाल विधानसभा के रसपूलपुर गांव स्थित बूथ नंबर 46 पर जनसंपर्क अभियान किया। भाजपा के नेता दो दिवसीय बूथ चलो अभियान के तहत प्रदेश के 19 हजार 800 से भी अधिक बूथों के लाखों घरों के दरवाजों पर पहुंचेंगे और लोगों से संपर्क कर 25 मई को भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित करेंगे। पहले दिन ही हजारों बूथों पर पार्टी के पदाधिकारियों ने संपर्क अभियान चलाकर पार्टी की नीतियां बताई और विकास के नाम पर मोदी जी के लिए वोट की अपील की।

पंचकूला में अभियान की शुरूआत करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत मजबूत और सशक्त राष्ट्र हुआ है। लोकतंत्र महापर्व में सभी मतदाता अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हुए नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ घोषणा पत्र बना कर लोगों को ठगने का काम किया है।

बीजेपी का हर कार्यकर्ता हर घर जाकर लोगों को प्रधानमंत्री मोदी का संदेश देगा

श्री सैनी ने कहा कि कांग्रेस राम मंदिर पर राजनीति करती रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने धारा 370 को समाप्त कर एक राष्ट्र ,एक विधान को लागू किया। 11 और 12 मई को बूथ चलो अभियान में बीजेपी का हर कार्यकर्ता हर घर जाकर लोगों को प्रधानमंत्री मोदी का संदेश देंगा। इस अभियान में बूथ से लेकर मंडल तक के कार्यकर्ता शामिल है। पूरे प्रदेश में इस अभियान को हमारे कार्यकर्ता सफल बनाएंगे। मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ इस मौके पर हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष और पंचकूला विधायक ज्ञानचंद गुप्ता, अंबाला लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया और पंचकूला भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।

80 विधानसभाओं में हो चुकी है विजय संकल्प रैलियां

मुख्यमंत्री ने बताया कि 80 विधानसभाओं में विजय संकल्प रैलियां हो चुकी हैं। रैलियों में लोगों का जोश उत्साह देखने को मिला है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि भाजपा लोकसभा की 10 की 10 सीटें बड़े मार्जिन के साथ जीतकर मोदी जी के पास भेजने का काम करेगी।

नायब सैनी ने कहा कि 15 मई तक 90 की 90 विधानसभाओं में हमारे कार्यक्रम पूरे हो जाएंगे और इसके बाद केंद्रीय नेतृत्व के बड़े कार्यक्रम होंगे। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने पिछले 10 साल ईमानदारी से काम किए है इसको लेकर लोगों में उत्साह रैलियों के जरिए देखने को मिला है।