बॉक्सर विजेंद्र, राव दान सिंह, श्रुति चौधरी, रामस्वरूप ब्रह्मचारी व जितेंद्र भारद्वाज का नाम पैनल में

कैप्टन अजय सिंह, कुमारी शैलजा व प्रदेश अध्यक्ष उदयभान को भी चुनाव लड़ाने की तैयारी 

अशोक कुमार कौशिक 

कांग्रेस ने लोकसभा चुनावों के लिए हरियाणा में प्रत्याशियों की चयन प्रक्रिया के तहत आठ मौजूदा विधायकों के नामों पर भी मंथन हो रहा है। हालांकि यह अभी तक तय नहीं है कि इन विधायकों को टिकट मिलेगा या नहीं, लेकिन पार्टी द्वारा तैयार जा रहे पैनल में इनके नाम बताए जा रहे हैं। इनमें महेंद्रगढ़ विधायक राव दान सिंह ऐसे हैं, जो गुरुग्राम के अलावा भिवानी-महेंद्रगढ़ से भी टिकट मांग रहे हैं। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि रोहतक पार्लियामेंट को छोड़कर बाकी नौ संसदीय सीटों पर तीन से चार नेताओं के नामों का पैनल तैयार किया जा रहा है। राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा रोहतक से लगातार पांचवीं बार चुनावी मैदान में आ सकते हैं। इससे पहले वे जीत की हैट्रिक लगा चुके हैं। 2019 में वे भाजपा के डॉ़ अरविंद शर्मा के मुकाबले मामूली अंतर से चुनाव हार गए थे।

पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा इस बार लोकसभा की बजाय विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा रखती हैं। वे पब्लिक प्लेटफार्म पर इसका ऐलान भी कर चुकी हैं। हालांकि पार्टी नेतृत्व ने अगर कहा तो सैलजा को लोकसभा चुनाव भी लड़ना पड़ सकता है। अगर वे लोकसभा चुनाव लड़ती हैं तो सिरसा और अंबाला संसदीय सीट में से किसी एक को चुनेंगी। सैलजा के सिरसा से चुनाव लड़ने के भी प्रबल संकेत मिल रहे हैं। ऐसे में अंबाला से नया चेहरा कांग्रेस द्वारा उतारा जा सकता है। अंबाला में सैलजा के अलावा मुलाना विधायक वरुण चौधरी, पार्टी के वरिष्ठ नेता बृजपाल छप्पर और कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल के नाम संभावित प्रत्याशियों के रूप में चर्चाओं में हैं। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष चौ़ उदयभान का भी अंबाला से लोकसभा चुनाव लड़ने का मन है। हालांकि आधिकारिक तौर पर उन्होंने यही कहा है कि अगर पार्टी नेतृत्व कहेगा तो वे लोकसभा चुनाव भी लड़ने को तैयार हैं।

गुरुग्राम लोकसभा क्षेत्र से मौजूदा सांसद और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह को चुनौती देने के लिए पांच नामों पर कांग्रेस मंथन कर रही है। कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष जितेंद्र कुमार भारद्वाज यहां से टिकट मांग रहे हैं। जातिगत और क्षेत्रीय समीकरणों को देखते हुए कांग्रेस उनके नाम पर काफी गंभीरता से विचार कर रही है। जितेंद्र भारद्वाज की गिनती पूर्व सीएम और विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा के सबसे नजदीकियों में होती है। गांधी परिवार में भी भारद्वाज की पैठ बताई जाती है। पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव के नाम पर भी चर्चा हो रही है। बेशक, अजय यादव नाराज़ चल रहे हैं और लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान कर चुके हैं। अगर पार्टी नेतृत्व ने कहा तो 2019 की तरह इस बार भी उन्हें मैदान में उतरना पड़ सकता है। विधायक राव दान सिंह ने भी यहां से टिकट के लिए दावा ठोका हुआ है। नूंह विधायक आफताब अहमद के अलावा पूर्व विधायक राव धर्मपाल के बेटे राव वीरेंद्र सिंह का नाम भी गुरुग्राम सीट के लिए कांग्रेस की लिस्ट में शामिल है।

कुरुक्षेत्र में मिला बड़ा नाम

कुरुक्षेत्र से इस बार पूर्व प्रधानमंत्री स्व़ लाल बहादुर शास्त्री के बेटे अनिल शास्त्री ने टिकट की मांग की है। उनके नाम पर काफी गंभीरता से विचार किया जा रहा है। यहां के लिए बनाए जा रहे पैनल में पंडित ब्रह्मस्वरूप स्वामी, पूर्व मंत्री चौ़ निर्मल सिंह, पूर्व स्पीकर अशोक अरोड़ा तथा रादौर विधायक बिशन लाल सैनी के नाम शामिल हैं। इसी तरह करनाल में पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा के बेटे चाणक्य पंडित, पूर्व सीपीएस जिलेराम शर्मा, वीरेंद्र पाल शाह ‘बुल्ले शाह’, जोगेंद्र चौहान (झिलमिल वाले) और हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड के चेयरमैन रहे रामस्वरूप जांबाज का नाम प्रमुख रूप से शामिल किया है। सोनीपत लोकसभा सीट से कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार के अलावा गोहाना विधायक जगबीर सिंह मलिक का नाम भी चर्चा में है। 2014 में मलिक यहां से चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसी तरह से पूर्व विधायक पदम सिंह दहिया, सुरेंद्र दहिया और जुलाना से विधायक रहे परमिंद्र सिंह ढुल के नाम पर भी चर्चा हो रही है। हुड्‌डा खेमे के लिए सोनीपत काफी अहम है। ऐसे में यहां सबसे अधिक दावेदार भी हैं और छंटनी के बाद भी 6 से अधिक नेताओं पर मंथन हो रहा है। पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा भी सोनीपत से चुनाव लड़ने का इरादा रखते हैं। कुरुक्षेत्र में आश्रम संचालक पंडित ब्रह्मस्वरूप स्वामी मूल रूप से सोनीपत के हैं। ऐसे में वे यहां से भी दावा ठोक रहे हैं। ओलंपिक पद विजेता साक्षी मलिक के नाम पर भी कांग्रेस में सोनीपत को लेकर मंथन चल रहा है।

श्रुति के सामने भी दान सिंह का दावा

महेंद्रगढ़ विधायक राव दान सिंह ने भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से टिकट का दावा ठोका हुआ है। यहां से पूर्व सीएम स्व़ चौ़ बंसीलाल की पौती श्रुति चौधरी सांसद रह चुकी हैं। श्रुति एक बार फिर यहां से चुनाव लड़ना चाहती हैं। उनकी माता किरण चौधरी तोशाम से विधायक हैं। राव बहादुर सिंह और बंसीलाल के पोते अनिरुद्ध चौधरी का नाम भी इस संसदीय सीट के लिए है। फरीदाबाद में एनआईटी विधायक नीरज शर्मा के अलावा पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल, पूर्व मंत्री महेंद्र प्रताप सिंह बेटे विजय प्रताप सिंह, टैक्स ट्रिब्यूनल के पूर्व चेयरमैन सुभाष कौशिक तथा पूर्व विधायक ललित नागर का नाम पैनल में बताया जा रहा है।

बॉक्सर बिजेंद्र का नाम हिसार पैनल में

पार्टी द्वारा तैयार किए जा रहे पैनल में बॉक्सर बिजेंद्र का नाम हिसार से बताया जा रहा है। इससे पहले बिजेंद्र नई दिल्ली में कांग्रेस टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश ‘जेपी’, पूर्व आईएएस अधिकारी चंद्रप्रकाश, पूर्व सीपीएस रामनिवास घोड़ेला के अलावा पूर्व मंत्री प्रो. संपत सिंह के बेटे गौरव संपत सिंह के नाम भी हिसार के संभावित पैनल में शामिल हैं। सिरसा पार्लियामेंट में कुमारी सैलजा के अलावा पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी व डॉ. सुशील इंदौरा के अलावा कालांवाली विधायक शीशपाल केहरवाला, पूर्व विधायक जरनैल सिंह तथा जनकराज अटवाल का नाम चर्चा है। अटवाल बीएसपी टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं और वर्तमान में कांग्रेस में हैं।

error: Content is protected !!