-सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओम प्रकाश यादव ने फहराया तिरंगा

-देशवासियों को सदियों के धैर्य की धरोहर के रूप में श्रीराम का मंदिर मिला : ओम प्रकाश यादव 

भारत सारथी/ कौशिक 

नारनौल। जिला महेंद्रगढ़ में गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम व गरिमापूर्ण तरीके से मनाया गया। आईटीआई मैदान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण राज्य मंत्री ओमप्रकाश प्रकाश यादव ने मुख्य अतिथि के तौर पर तिरंगा फहराया तथा परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। समारोह स्थल पर आने से पहले सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओम प्रकाश यादव ने जिला सैनिक एवं अर्ध सैनिक कल्याण कार्यालय के प्रांगण में स्थित शहीद स्मारक पर अमर शहीदों को पुष्प चक्कर अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम में विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने वाले स्कूली बच्चों के लिए 11-11 हजार रुपए देने की घोषणा की। इसके साथ ही कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी बच्चों के लिए एक दिन की छुट्टी की घोषणा की। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्कूली बच्चों ने पीटी व डंबल लेजियम शो का प्रदर्शन किया। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए। अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 20 अधिकारी, कर्मचारी व नागरिकों को सम्मानित किया गया।

जिला स्तरीय समारोह में जिला वासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए श्री यादव ने कहा कि यह ऐतिहासिक दिन देशवासियों को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ने के लिए साहस और प्रेरणा देता है। यह दिन हमें भारत गणराज्य की स्थापना की याद दिलाता है। इस दिन हम उन महापुरुषों को भी याद करते हैं, जिन्होंने भारत को स्वतंत्रता दिलवाने और भारतीय संविधान को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।  महात्मा गांधी, भगत सिंह, चंद्र शेखर आजाद, लाला लाजपत राय, राव तुलाराम, सरदार बल्लभ भाई पटेल और लाल बहादुर शास्त्री, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे हमारे महान नेताओं और स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी थी। आज पूरा देश उन महान विभूतियों को याद करता है। वहीं आजादी के बाद देश की सुरक्षा के लिए अपना बलिदान देने वाले उन वीरों को भी नमन करते हैं।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद से ही भारत दुनिया में एक बड़ी ताकत के तौर पर अपनी पहचान बनाने में कामयाब रहा है। आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत देश  चंहुमुखी प्रगति कर रहा है। वहीं हरियाणा राज्य मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में तेजी से विकास कर रहा है।

उन्होंने कहा कि सदियों की प्रतीक्षा और अभूतपूर्व धैर्य, अनगिनत बलिदान, त्याग और तपस्या के बाद हमारे प्रभु श्री राम आए हैं।  देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों के फलस्वरूप 22 जनवरी, 2024 का सूरज देश में एक अद्भुत आभा लेकर आया है। इस दिन अयोध्या में राम मंदिर के भूमिपूजन के बाद से प्रतिदिन पूरे देश में उमंग और उत्साह बढ़ता ही जा रहा है। भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम से देशवासियों को सदियों के धैर्य की धरोहर के रूप में श्रीराम का मंदिर मिला है। हम सब उन अनगिनत रामभक्तों व अनगिनत कारसेवकों के और उन अनगिनत संत महात्माओं के भी ऋणी हैं जिन्होंने लगातार इस आंदोलन को चलाया।

श्री यादव ने कहा कि देश की प्रगति के इस सफर में हरियाणा  का भी महत्वपूर्ण योगदान है। पिछले लगभग साढे 9 वर्षों में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व ने प्रदेश के सामाजिक-आथिक  विकास को नए आयाम प्रदान किये हैं।  शिक्षा, स्वास्थ्य एवं खेलों में हमने नई ऊँचाइयों को छूआ है। हरियाणा की नीतियों और योजनाओं का देश के दूसरे राज्य अनुसरण कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज भारतीय सेना का हर दसवां जवान हरियाणा से है। हम अपने शहीदों के बलिदानों का कर्ज तो नहीं चुका सकते, लेकिन उनके परिजनों की देखभाल करके उनके प्रति सम्मान अवश्य जता सकते हैं। इस दिशा में सरकार ने ‘सैनिक व अर्ध-सैनिक कल्याण विभाग‘ का गठन किया है।

श्री यादव ने हरियाणा सरकार द्वारा सैनिकों के कल्याण के लिए चलाई गई योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने देश की सीमाओं की निगहेबानी करने वाले वीर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए युद्ध के दौरान शहीद हुए हरियाणा के सैनिकों और अर्ध-सैनिक बलों के जवानों की अनुग्रह राशि 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की है। इसी प्रकार, आईईडी बलास्ट में शहीद होने पर भी अनुग्रह राशि 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की गई है। अब तक शहीदों के 367 आश्रितों को अनुकम्पा के आधार पर नौकरी प्रदान की गई है।

उन्होंने कहा कि ‘हरियाणा एक-हरियाणवी एक’ के मूलमंत्र पर चलते मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में सरकार समस्त हरियाणा और प्रत्येक हरियाणवी की तरक्की और उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया है। भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए पारदर्शी शासन दिया है। वर्ष 2024 को संकल्प से परिणाम वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। 

श्री यादव ने कहा कि सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के दर्शन के अनुरूप प्रदेश के सभी परिवारों का पहचान पत्र बनाया, जिससे पात्र परिवारों को घर बैठे ही सरकारी योजनाओं का लाभ देना सुनिश्चित किया गया।

मुख्य अतिथि ने कहा कि गरीबों के सिर पर छत उपलब्ध करवाने के लिए ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ के तहत 36 हजार से अधिक मकान बनाए गए हैं, जबकि 16 हजार मकान बनाए जा रहे हैं। हर गरीब को राशन मिलने में परेशानी न हो और कोई उसका हक न मार सके, इसके लिए राशन वितरण व्यवस्था को तकनीक के माध्यम से पारदर्शी बनाया है। अब कोई भी व्यक्ति फर्जी तरीके से राशन प्राप्त नहीं कर सकता।

-मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ पोर्टल बनाकर किसानों को योजनाओं के साथ जोड़ा

उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में ’मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ पोर्टल बनाकर किसान कल्याण की अनेक योजनाओं को इससे जोडा गया है। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 14 फसलों की खरीद करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है। फसल बिक्री की राशि, खराबे का मुआवजा, भावांतर भरपाई की राशि, मेरा पानी-मेरी विरासत, धान की सीधे ही बिजाई की प्रोत्साहन राशि आदि इस पोर्टल के माध्यम से सीधे ही किसान के खाते में जमा की जाती है। हरियाणा देश का पहला राज्य है, जिसने बागवानी फसलों को मौसम की मार से बचाने के लिए ‘मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना‘ शुरू की है। पशुपालन ग्रामीणों की आय का एक प्रमुख साधन है। पशुपालन को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने किसान क्रेडिट कार्ड की तर्ज़ पर ’पशुधन किसान क्रेडिट कार्ड योजना’ शुरू की है।

-महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व दिया

हमने गांवों के विकास में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया है। बहन-बेटियों को उच्चतर शिक्षा की सुविधा प्रदान करने के लिए सरकार ने 20 किलोमीटर के दायरे में एक कॉलेज स्थापित किया है। प्रदेश में 76 नए कॉलेज बिना मांग के खोले गए हैं। इनमें आधे से अधिक लड़कियों के हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं की योग्यता का सम्मान किया है। एक लाख दस हजार से अधिक युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी हैं। आउटसोर्सिंग सेवाओं में युवाओं को ठेकेदारों के शोषण से बचाने के लिए ‘हरियाणा कौशल रोजगार निगम’ बनाया है।

-152 डी ग्रीन कॉरिडोर ने क्षेत्र की तस्वीर बदली

श्री यादव ने कहा कि पिछले साढ़े 9 वर्षों में राज्य में 33,000 किलोमीटर लंबी सड़कों का सुधार और लगभग 7000 किलोमीटर नई सड़कों का  निर्माण किया गया है। आज प्रदेश का हर जिला नेशनल हाईवे से जुड़ गया है। दक्षिणी हरियाणा को उत्तरी हरियाणा से जोड़ने के लिए बनाया गया 152 डी ग्रीन कॉरिडोर ने क्षेत्र की तस्वीर बदली है। केएमपी के साथ-साथ हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर भी बन रहा है और दिल्ली के सरायं काले खां से करनाल तक आरआरटीएस रेल लाइन भी स्थापित की जा रही है। इन सब परियोजनाओं के पूरा होने से प्रदेश की जनता को बहुत लाभ होगा। 

-विकसित भारत संकल्प यात्रा ने हर घर योजनाओं का लाभ पहुंचाया

उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा में चलने वाला विकास रथ, विश्वास रथ है और अब इसको लोग ’’मोदी की गारंटी’’ वाला रथ भी कह रहे हैं। ये विश्वास है कि कोई भी वंचित नहीं रहेगा, कोई भी योजनाओं के लाभ से नहीं छूटेगा। विकसित भारत संकल्प यात्रा का सबसे प्रमुख ध्येय ऐसे लोगों तक पहुंचना था, जो किसी ना किसी वजह से अब तक सरकार की योजनाओं से वंचित रहे। पिछले लगभग साढे 9 साल में हमारी सरकार ने जिस तरह की पारदर्शी व्यवस्था बनाई, सच्चा प्रयास किया, जनभागीदारी को बढ़ावा दिया, उसने असंभव को भी संभव कर दिखाया है।

झांकी में आयुष विभाग को प्रथम स्थान 

जिला स्तरीय समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा झांकियां का प्रदर्शन किया गया। इसमें आयुष विभाग को प्रथम स्थान मिला। महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जन स्वास्थ्य विभाग को संयुक्त रुप से दूसरा स्थान मिला। वहीं पुलिस विभाग तथा नगर परिषद की झांकी को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान मिला।

परेड में महिला पुलिस को पहला स्थान

गणतंत्र दिवस परेड में 10 टुकड़ियों ने भाग लिया। परेड कमांडर डीएसपी जितेंद्र कुमार ने परेड को कमान दी। इस दौरान परेड में महिला पुलिस को पहला स्थान तथा पुलिस को दूसरा स्थान मिला। वहीं एनसीसी गर्ल्स को तीसरा स्थान मिला। बच्चों में स्काउट भारत को पहला स्थान गाइड को दूसरा तथा कब को तीसरा स्थान मिला।

जिला स्तरीय कार्यक्रम में उपायुक्त मोनिका गुप्ता, पुलिस अधीक्षक नितिश अग्रवाल, अतिरिक्त उपायुक्त वैशाली सिंह,  एएसपी प्रबिना पि, नगराधीश डॉ मंगल सेन, नगर परिषद की चेयरपर्सन कमलेश सैनी, भाजपा नेता मनीष मित्तल, जेजेपी के जिला प्रधान डॉ मनीष शर्मा, जेपी सैनी व बजरंग अग्रवाल के अलावा अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद थे।