अशोक तंवर के आने से भाजपा को फायदा होगा: धनखड़

– धनखड़ का आप पर करारा प्रहार:  जो हमारे पानी के पक्षधर नहीं , वो हरियाणा में किस काम के

—  500 वर्ष की प्रतीक्षा और संघर्ष उपरांत आज रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का आया बड़ा दिन – बोले धनखड़

चंडीगढ़, 21 जनवरी। अशोक तंवर जुझारू व्यक्तित्व के धनी है और निश्चित रूप से भाजपा में आने से पार्टी को लाभ मिलेगा। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव औमप्रकाश धनखड़ ने झज्जर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि गरीब परिवार का नौजवान बेटा अशोक तंवर प्रदेश अध्यक्ष बना तो कांग्रेसियों को रास नहीं आया और लठिया कर उतार दिया था। अशोक तंवर आम आदमी पार्टी में गए थे, वहां कुछ बचा नहीं।  आम आदमी पार्टी को लोग  जितना जल्दी छोड़ेंगे, उनके लिए उतना ही अच्छा है। अशोक तंवर के भाजपा में आने से पार्टी को लाभ मिलेगा और अशोक तंवर व उनके समर्थकों को पूरा मान सम्मान।                                           

 धनखड़ ने कहा कि आम आदमी पार्टी को हरियाणा और दिल्ली के लोगों की चिंता नहीं है। हरियाणा व दिल्ली में पीने का पानी लाने का भी विरोध कर रही है। माननीय सुप्रीम कोर्ट ने भी कहा कि सवाल पानी की उपलब्धता का नहीं है। सवाल है वैकल्पिक नहर बनाने का। मौजूदा वाटर चैनल 60 वर्ष पुराना है। हरियाणा और दिल्ली के लोगों को पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए भाखड़ा से वैकल्पिक नहर की जरूरत है। एसवाईएल में पानी उपलब्धता की मात्रा प्रतिदिन, मासिक या वार्षिक अवधि पर मापकर तय की जा सकती है कि किस राज्य को कितना पानी मिलेगा। वैकल्पिक नहर बनाने का विरोध आम आदमी पार्टी किस आधार पर कर रही है। जो पार्टी हरियाणा व दिल्ली के हक के पानी का विरोध करती है वो हरियाणा व दिल्ली  के लोगों के लिए किस काम की।

धनखड़ ने कहा कि 22 जनवरी का दिन भारतवासियों के लिए बहुत ही गौरवशाली दिवस होगा। लगभग 500 वर्ष  की प्रतीक्षा और इतना ही लंबा संघर्ष रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के लिए हमारी कई पीढिय़ों ने किया है। हमारी पीढ़ी भाग्यशाली है कि संघर्ष की सफलता के साक्षी बनने जा रहे हैं। हमने धारा 370 हटाने के लिए आंदोलन किया। भाजपा की मोदी सरकार ने धारा 370 हटाई, बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी को भव्य काशी बनाया। अपने सपनों को साकार होते देखना बहुत आनंदमयी होता है। भाजपा की मोदी सरकार ने भारतवासियों के सपनों को साकार करने का काम किया है। मोदी ने भारत को बदलने और सशक्त बनाने का काम किया है।

एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि हरियाणा में आम आदमी पार्टी का खाता भी नहीं खुलेगा। आम आदमी पार्टी की झूठ सबने सुनी और देखी,शराब कांड में डूबी पार्टी,  सुंदर कांड का पाठ कितनी पवित्रता से कर पाएगी। कांग्रेस  संगठन के सवाल  का जवाब देेते हुए धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस का भविष्य नजर नहीं आ रहा है। धरातल पर शून्य होने से उपरी संगठन कुछ नहीं कर पाता। धरातल पर संगठन की जरूरत होती है। इस दौरान मंडल अध्यक्ष विनोद बाढ़सा व अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

Previous post

अहंकारी राजनीतिज्ञों ने मर्यादा पुरुषोत्तम राम की मर्यादा  का ही अपहरण किया – पर्ल चौधरी

Next post

अयोध्या मंदिर में भगवान श्रीराम के विराजमान होने से देश और दुनिया के करोड़ों लोगों के मन की बात होगी पूरी: मनोहर लाल

You May Have Missed

error: Content is protected !!