हरियाणा एक-हरियाणवी एक के मूलमंत्र पर चलते हुए बिना भेदभाव के हर क्षेत्र में किया जा रहा एक सम्मान विकास कार्य
हरियाणा विकास के पथ पर बढ़ रहा आगे, प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय 2.95 लाख रुपये है, जो कांग्रेस पार्टी के शासनकाल से लगभग दोगुनी – मनोहर लाल

चंडीगढ़, 30 अक्तूबर : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि हमारी सरकार कभी जाति की राजनीति नहीं करती। हमारी सरकार सदैव अंत्योदय के कल्याण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। पिछले 9 वर्षों में प्रदेश में अभूतपूर्व विकास हुआ है तथा हरियाणा एक-हरियाणवी एक के मूलमंत्र पर चलते हुए बिना भेदभाव के प्रदेश के हर क्षेत्र में एक सम्मान विकास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री आज रोहतक में नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष के पद ग्रहण समारोह के उपरांत मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि अब तक प्रदेश भाजपा के सभी 13 अध्यक्षों ने पार्टी को मजबूत करने के लिए कार्य किया है। पार्टी द्वारा सांसद नायब सिंह सैनी को अब प्रदेशाध्यक्ष का दायित्व सौंपा है, जिनके नेतृत्व में संगठन और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि आज सभी कार्यकर्ताओं ने पार्टी को और मजबूत करने का संकल्प लिया है तथा भविष्य में होने वाले चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए कड़ी मेहनत की जायेगी।

हरियाणा विकास के पथ पर बढ़ रहा आगे, प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय 2.95 लाख रुपये है, जो कांग्रेस पार्टी के शासनकाल से लगभग दोगुनी

श्री मनोहर लाल ने प्रदेशवासियों को हरियाणा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य व समृद्धि की कामना की है। उन्होंने कहा कि हरियाणा आज विकास के पथ पर लगातार आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय 2 लाख 95 हजार रुपये है, जो कांग्रेस पार्टी के शासनकाल से लगभग दोगुनी है। प्रदेश की जीडीपी 13 लाख करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा कि जीएसटी के तहत प्रदेश में अन्य बड़े प्रदेशों की तुलना में ज्यादा धन संग्रह हुआ है। यह दर्शाता है कि हमारी सरकार ने हर क्षेत्र में विकास की गति को बढ़ाया है और आज हर वर्ग खुशहाल है।

8 मेडिकल कॉलेज का कार्य पाइपलाइन में

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में जनता के सामने सरकार द्वारा 9 उपलब्धियां रखी गई है। सरकार द्वारा करोड़ों रुपये की राशि सिंचाई के कार्यों पर खर्च की गई है तथा सरकार द्वारा प्रत्येक जिला में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश में 15 मेडिकल कॉलेज चल रहे हैं तथा 8 मेडिकल कॉलेज का कार्य पाइपलाइन में है।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री श्री कृष्णपाल गुज्जर, लोकसभा सांसद डॉ. अरविंद शर्मा, श्री रमेश कौशिक, राज्यसभा सांसद श्री रामचंद्र जांगड़ा, श्री कृष्ण लाल पंवार, पूर्व मंत्री श्री मनीष ग्रोवर व श्रीमती कविता जैन, विधायक श्री मोहन लाल बडौली, श्री नरेंद्र गुप्ता, श्री प्रवीन डागर, श्री महिपाल ढांडा, श्री घनश्याम सर्राफ, मेयर श्री मनमोहन गोयल, मुख्यमंत्री के राजनीति सलाहकार श्री भारत भूषण भारती, श्री नरेंद्र गुप्ता, श्री प्रवीन डागर, श्री महिपाल ढांडा, श्री घनश्याम सर्राफ, मेयर श्री मनमोहन गोयल, मुख्यमंत्री के राजनीति सलाहकार श्री भारत भूषण भारती, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाकार श्री राजीव जेटली सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

क्रमांक- 2023