उर्जावान नायब सैनी संगठन को एक नई दिशा देते हुए बढ़ाएंगे आगे: मुख्यमंत्री मनोहर लाल
– मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नायब सैनी और ओम प्रकाश धनखड़ को नया दायित्व मिलने की दी बधाई
– मुख्यमंत्री मनोहर लाल और राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने नायब सैनी को दिया आशीर्वाद
– मिशन 2024 को जीतना हमारा लक्ष्य: नायब सैनी

चंडीगढ़,  30 अक्टूबर। नवनियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय रोहतक पहुंचकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल, राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनख़ड़ व नेताओं तथा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में पदभार ग्रहण किया। इस दौरान भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष, मुख्यमंत्री, राष्ट्रीय सचिव समेत तमाम वरिष्ठ नेताओं का गुलदस्ता व माल्याअर्पण कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी को पगड़ी पहनाई, वहीं राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने प्रदेश अध्यक्ष को गदा देकर उनका अभिनंदन किया। केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, सांसद अरविंद शर्मा, सांसद रमेश कौशिक, सांसद रामचंद्र जांगड़ा, मंत्री मूलचंद शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, विधायक महिपाल ढांडा, महामंत्री मोहन लाल बड़ौली, वेदपाल एडवोकेट, डा. पवन सैनी व वरिष्ठ पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं ने नायब सिंह सैनी को प्रदेश अध्यक्ष का पदभार संभालने पर शुभकामनाएं दी और सफल कार्यकाल की अग्रिम बधाई दी।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नए प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी को सफल कार्यकाल की बधाई देते हुए कहा कि अभी तक हरियाणा में जितने भी प्रदेश अध्यक्ष बनें हैं सभी ने संगठन को आगे बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मैं विश्वास दिलाता हूं कि हरियाणा सरकार की तरफ से संगठन को पूरा समर्थन दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि 6 अप्रैल 1980 में भाजपा हरियाणा प्रदेश की मशाल कमला वर्मा के हाथों में आई थी। इस मशाल को आगे बढ़ाते हुए आज 15वीं बार हमारे युवा साथी नायब सिंह सैनी को मिली है। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि उर्जावान नायब सैनी संगठन को एक नई दिशा देते हुए आगे बढ़ाएंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय सचिव व निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ को भी उनके नए दायित्व के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी की टीम में आज हरियाणा का भी प्रतिनिधित्व है जिसका लाभ हरियाणा को भी मिलेगा। सीएम ने कहा कि ओम प्रकाश धनखड़ ने संगठन को बूथ लेवल तक पहुंचा दिया, उनका यह कार्यकाल बड़ा ही अद्वितीय रहा है।

विपक्ष पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हमारी सरकार ने ऐसे काम किए हैं जो 2014 से पहले विपक्ष कभी सोच भी नहीं सकता था। हरियाणा के सामान्य नागरिकों को अपने अधिकारों की जानकारी नहीं होती थी वह अपने अधिकारों के लिए बिलबिलाता रहता था। मुख्यमंत्री ने दावा करते हुए कहा कि 2014 में हमारी सरकार बनने के बाद जिसका जो अधिकार है उसे मिला और कोई दूसरा उसे छीन नहीं सकता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय जी ने जिस सुखी समाज की कल्पना की थी, उसको हमारी सरकार साकार कर रही है। हमारी सरकार ने अंत्योदय के संकल्प से सुखी समाज का निर्माण किया है। आज प्रदेश में सौहार्द और भाईचारा कायम है। सरकार सभी को साथ लेकर चल रही है। आगामी चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि अगला एक साल हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। लोकसभा और विधानसभा चुनाव से पहले रोहतक, हिसार, फरीदाबाद, गुरुग्राम, मानेसर, पानीपत, करनाल और यमुनानगर के नगर निगम के चुनाव हो सकते हैं जिसके लिए हमें तैयार रहना है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से कहा कि हम सभी को एकजुट होकर एक दिशा में काम करते हुए प्रदेश को आगे बढ़ाना है।

कार्यकर्ताओं को साथ लेकर मिशन 2024 जितना है लक्ष्य: नायब सैनी

कार्यकर्ताओं से मिले प्रेम और सम्मान से गदगद नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा और विश्वास जताया है और यह दायित्व दिया है उसको पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। श्री सैनी ने कहा कि संगठन को और अधिक मजबूत करना तथा पाटी का विस्तार करना उनका उद्देश्य है। कार्यकर्ता भाजपा की आत्मा है, इन्हीं कार्यकर्ताओं को साथ लेकर मिशन 2024 को जितना उनका लक्ष्य है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र और राज्य की सरकार बेहतर काम कर रही है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास के तहत राज्य का एक समान विकास कर रहे हैं। मनोहर सरकार की नीतियों से गरीब लोगों का भला हो रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के दम पर 2024 में केंद्र में और राज्य में फिर से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी।

नायब सैनी ने कहा कि कभी कल्पना भी नहीं की थी कि विधायक बन पाउंगा। लेकिन भाजपा ही ऐसी पार्टी है जिसमें छोटे से छोटा कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष भी बन सकता है। मेरे परिवार से कोई राजनीति नहीं करता। आज तक किसी ने कोई चुनाव तक नहीं लड़ा। रोहतक कार्यालय में कम्पयूटर पर कैसे कमांड दी जाती है वो सभी मुख्यमंत्री मनोहर लाल और राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ से ही सीखा। उन्होंने कहा कि आगे भी श्री धनखड़ का आशीर्वाद और मार्गदर्शन हमें मिलता रहेगा। पार्टी ने छोटे से कार्यकर्ता को बड़े-बड़े दायित्व दिए जिसका मुझे गर्व है। नायब सैनी ने कहा कि हम एक ही मिशन पर काम करते थे कि जम्मू कश्मीर से धारा 370 टूटे। आज हम सभी गौरवान्वित हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह सपना साकार हुआ है। उन्होंने हरियाणा के सभी पहले रहे प्रदेश अध्यक्षों का आभार जताते हुए कहा कि इन सभी से मुझे प्रेरणा और मार्गदर्शन मिला है।

श्री सैनी ने वादा करते हुए कहा कि वे सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर आगे बढ़ेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास, सबका विश्वास लेकर भाजपा को 2024 के अंदर हरियाणा से दस की दस सीटों पर कमल खिलाकर मोदी जी की झोली में डालेंगे। तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने में हरियाणा की अहम भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि आज जो स्वागत हुआ है यह मेरा नहीं हरियाणा के लाखों कार्यकर्ताओं का स्वागत है।

नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सैनी ने विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज विपक्ष के पास कोई बोलने के लिए मुद्दा नहीं हे। विपक्ष सिर्फ झूठ बोलकर लोगों को गुमराह करने का काम कर रहा है। सस्ती लोकप्रियता और झूठ के सहारे सत्ता पर काबिज होना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ता विपक्ष के इस दुष्प्रचार के आगे एक दिवार की तरह खड़े होंगे जिससे कि कोई दुष्प्रचार करने का साहस नहीं करेगा।

कार्यकर्ताओं में मैने सदैव भगवान को देखा: धनखड़

भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने नए प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी को पदभार संभालने की बधाई दी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। श्री धनखड़ ने अपने कार्यकाल के दौरान हुए ऐलनाबाद, आदमपुर उपचुनाव के अलावा नगरपालिका, नगरपरिषद, जिला परिषद के चुनावों में मिली जीत का जिक्र करते हुए इसका सारा श्रेय कार्यकर्ताओं को दिया। उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि नायब सिंह सैनी इससे भी आगे संगठन को लेकर जाएंगे।

नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष की प्रशंसा करते हुए धनखड़ ने कहा कि नायब सैनी बहुत ही जबरदस्त कार्यकता हैं। श्री सैनी को बचपन से ही परिश्रम करते हुए देखा है। इन्होंने सीखा भी है और हमें सीखाया भी है। मिशन 2024 को सफल बनाने के लिए एक बहुत ही अच्छा चुनाव नायब सैनी का प्रदेश अध्यक्ष के रूप में हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बोलते हुए कहा कि अगर किसी कार्यकर्ता को मेरे कार्यकाल के दौरान कोई तकलीफ हुई तो मैं सभी देवतुल्य कार्यकर्ताओं से क्षमाप्रार्थी हूं। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं ने अपना सर्वश्रेष्ठ पार्टी को दिया है जिसके लिए मैं उनका कृतज्ञ हूं और वे पार्टी को एक लेवल तक लेकर गए इसके लिए गौरवान्वित हूं।

छोटे से छोटे कार्यकर्ता को बड़ा दायित्व मिलना भाजपा में ही संभव: कृष्णपाल गुर्जर

सम्मेलन को केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि छोटे से छोटे कार्यकर्ता को बड़ा दायित्व मिलना भाजपा में ही संभव है। उन्होंने कहा कि पार्टी में जो जितना धैर्य रखता है उसका फल भी उसे उतना ही बड़ा मिलता है। उन्होंने कहा कि नायब सिंह सैनी के प्रदेश अध्यक्ष बनने से पार्टी को और ताकत मिलेगी। कृष्णपाल गुर्जर ने राष्ट्रीय सचिव नियुक्त होने पर ओम प्रकाश धनखड़ को भी बधाई दी।

इस मौके पर जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, श्रीमती कविता जैन, प्रदेश मीडिया व सोशल मीडिया प्रमुख डा. संजय शर्मा, प्रदेश मीडिया सह प्रमुख अरविंद सैनी, शमशेर सिंह खरक, रोहतक के मेयर मनमोहन गोयल, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सुनीता डांगी, युवा मोर्चा के अध्यक्ष राहुल राणा, प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम ठाकुर, नरेंद्र गुप्ता, रणबीर ढाका, शमशेर खरखड़ा, मनीष यादव, कमल यादव , समय सिंह भाटी आदि उपस्थित थे।