आम आदमी पार्टी राष्ट्रीय संगठन महामंत्री डॉ. संदीप पाठक के नेतृत्व में हरियाणा संगठन पदाधिकारियों का प्रशिक्षण शिविर
चुनावों की तैयारियों और संगठन को बूथस्तर तक मजबूती देने के लिए दिए टिप्स
हरियाणा में अब चलेगा परिवार जोड़ो अभियान : डॉ. संदीप पाठक
अगले 15 दिनों में प्रदेश के हर गांव में तैयार हो जायेगी बूथ स्तरीय कमेटी: डॉ. संदीप पाठक
आम आदमी पार्टी की नीतियों को हरियाणा के प्रत्येक घर तक पहुंचाएंगे कार्यकर्ता: डॉ. संदीप पाठक
हरियाणा में बिजली आंदोलन की सफलता से मजबूत हुई आम आदमी पार्टी : डॉ. संदीप पाठक
खट्टर सरकार ने हरियाणा को बेरोजगारी में नंबर वन बनाया : डॉ. संदीप पाठक
हरियाणा में रोजाना हो रही मर्डर और लूटपाट की वारदात: डॉ. संदीप पाठक
हरियाणा में यौन शोषण के आरोपी मंत्री पद पर विराजमान: डॉ. संदीप पाठक
दिल्ली और पंजाब के काम देखकर हरियाणा की जनता 2024 में बनाएगी आम आदमी पार्टी की सरकार: डॉ. संदीप पाठक

दिल्ली/ चंडीगढ़, 12 सितंबर – आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री डॉ संदीप पाठक ने हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर हरियाणा के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। यह बैठक दिल्ली में आम आदमी पार्टी के ऑफिस में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अनुराग ढांडा और प्रदेश उपाध्यक्ष चित्रा सरवारा भी मौजूद रहीं। बैठक में राज्य स्तर से लेकर जिला स्तर तक के पदाधिकारी भी शामिल हुए।

हरियाणा में ‘परिवार जोड़ो अभियान’ और चुनाव की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों को ट्रेनिंग दी गई। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री डॉ. संदीप पाठक ने बैठक में कहा कि हरियाणा में हम ‘परिवार जोड़ो अभियान’ की शुरुआत करेंगे जिसके तहत हम ‘डोर टू डोर’ अभियान चलाएंगे। हरियाणा में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन मजबूत कर रहे हैं। अगले 15 दिनों में प्रत्येक गांव में कमेटी बनेगी, इसके बाद कैंपेनिंग की जायेगी। हर गांव और हर घर तक पहुंचना हमारा लक्ष्य है। हम हर गांव में 21 सदस्य कमेटी का गठन करेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि आने वाले दिनों में हरियाणा में सबसे बड़ा संगठन आम आदमी पार्टी का होगा। इससे पहले ब्लॉक, सर्किल और विधानसभा स्तर पर संगठन को मजबूती दी गई है। आने वाले दिनों में आम आदमी पार्टी गांव में राजनीतिक पकड़ को मजबूत करेगी। हरियाणा की जनता बदलाव चाहती है। सभी 90 सीटों पर आम आदमी पार्टी अपने दम पर चुनाव लड़ेगी।

हरियाणा की खट्टर सरकार पर निशाना साधते हुए आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद डॉक्टर संदीप पाठक ने कहा कि आज हरियाणा की जनता बीजेपी की सरकार से त्रस्त हो चुकी है। अब हरियाणा के लोग बदलाव चाहते हैं। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा जनहित में किए गए कार्यों से हरियाणा की जनता बहुत प्रभावित है। हरियाणा की जनता अब आम आदमी पार्टी की तरफ देख रही है, वहां की जनता को अब सिर्फ आम आदमी पार्टी से ही उम्मीदें हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में बिजली आंदोलन की सफलता ने आम आदमी पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत किया है।

उन्होंने कहा कि खट्टर सरकार ने प्रदेश का बेड़ा गर्क करने का काम किया है। हरियाणा में 25 लाख बेरोजगारों की फौज खड़ी हो गई है। देश में बेरोजगारी के मामले में हरियाणा नंबर एक पर है। युवा नौकरी के लिए विदेशों में पलायन कर रहे हैं। खट्टर सरकार ने नौकरियों के नाम पर युवाओं को सिर्फ पेपर लीक और भ्रष्टाचार दिया है। प्रदेश का हर वर्ग खट्टर सरकार की नीतियों से त्रस्त है। प्रदेश में सरकारी कर्मचारी भी खट्टर सरकार की नीतियों से खफा हैं।

राज्यसभा सांसद डॉक्टर संदीप पाठक ने आगे कहा कि हरियाणा महिला सुरक्षा के मामले में भी देश में नीचे से नंबर वन है। प्रदेश में रोजाना महिलाओं के साथ रेप, चेन स्नेचिंग, छेड़छाड़ जैसी वारदात हो रही हैं। खट्टर सरकार ने यौन शोषण के आरोपी को मंत्री पद पर विराजमान कर रखा है। खुद मुख्यमंत्री खट्टर उसकी ढाल बने हुए हैं। प्रदेश में मर्डर जैसी वारदात आम हो गई हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था चरमरा गई है।

उन्होंने कहा की दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी के क्रांतिकारी बदलावों से हरियाणा की जनता भी प्रभावित है। आम आदमी पार्टी ने एक मजबूत विकल्प जनता के सामने रखा है। हरियाणा की जनता भी दिल्ली और पंजाब की तर्ज पर फ्री बिजली और फ्री मूलभूत सुविधा चाहती है। 2024 में हरियाणा में आम आदमी पार्टी बहुमत से सरकार बनाएगी।

error: Content is protected !!