केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने भ्रष्टाचार रहित शासन देने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल की करी सराहना

मनोहर लाल ने थ्री-डी यानी दरबारीदामाद और डीलर को किया खत्म- अमित शाह

कांग्रेस सरकार में हरियाणा को डीवैल्यूशन और ग्रांट इन ऐड के तहत 40,000 करोड़ रुपये मिले थेजबकि नरेंद्र मोदी ने इस राशि को बढ़ाकर 1 लाख 30 हजार करोड़ रुपये हरियाणा को दिये

हरियाणा का धाकड़ जवानधाकड़ किसान और धाकड़ खिलाड़ी ये तीनों देश की शान हैं- अमित शाह

हरियाणा कैरोसीन मुक्त व पढ़ी-लिखी पंचायतों वाला देश का पहला राज्य बना- केंद्रीय गृह मंत्री

चंडीगढ़, 18 जून – भारत के गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल की सराहना करते हुए कहा कि मनोहर लाल ने हरियाणा में भ्रष्टाचार को जड़ से समाप्त करने का काम किया है। उन्होंने पिछली सरकार के कार्यकाल पर तंज कसते हुए कहा कि राज्य में कांग्रेस की सरकार थ्री-डी की सरकार थी। थ्री-डी यानी दरबारी, दामाद और डीलर। मनोहर लाल ने इन तीनों डी को समाप्त कर दिया है।  

श्री अमित शाह आज जिला सिरसा में आयोजित गौरवशाली भारत रैली में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। 

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि 9 साल पहले का भारत याद करिए,12 लाख करोड़ के घपले, घोटाले, भ्रष्टाचार कांग्रेस पार्टी ने किये थे। इन 9 साल में श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारदर्शी तरीके से शासन उपलब्ध करवाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान केंद्र और राज्य में कांग्रेस की सरकार थी। उस समय वर्ष 2004 से 2014 तक हरियाणा को डीवैल्यूशन और ग्रांट इन ऐड के कुल मिलाकर 40,000 करोड़ रुपये दिये थे। जबकि श्री नरेंद्र मोदी ने इस राशि को बढ़ाकर 1 लाख 30 हजार करोड़ रुपये हरियाणा को दिए हैं।  

श्री अमित शाह ने कहा कि श्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा किसानों के कल्याण की बात करते हैं। 10 साल कांग्रेस की सरकार में जितना धान, गेहूं खरीदा गया उससे कहीं ज्यादा श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने खरीदा है। आज वर्ष 2014 से 2022 तक 260 लाख मीट्रिक टन गेहूं, 385 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद हुई है। 47 हजार करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से किसानों के बैंक खाते में गए है। हर वर्ष छह हजार रुपये प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत सीधे किसानों के खाते में जाते हैं। उन्होंने कहा कि अब प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का गौरव दुनिया में बढ़ा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने कभी 6 हजार रुपये किसानों के खातों में सीधे नहीं भेजे और न ही फसल विविधिकरण के लिए किसानों को जागरूक करने का काम किया। जबकि मनोहर सरकार किसानों के लिए भावांतर भरपाई योजना लेकर आई और किसानों को जागरूक कर फसल विविधिकरण को बढ़ावा दिया।

पहले मुख्यमंत्री सिर्फ रोहतक का होता थाजबकि मनोहर लाल पूरे हरियाणा के मुख्यमंत्री हैं

श्री अमित शाह ने कहा कि पहले मुख्यमंत्री सिर्फ रोहतक का होता था। रोहतक के अलावा किसी की चिंता नहीं करता था। लेकिन मनोहर लाल पूरे हरियाणा के मुख्यमंत्री हैं। भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद केंद्र सरकार की सभी योजनाओं को श्री मनोहर लाल ने जमीनी स्तर तक पहुंचाया और पूरे हरियाणा का विकास करने का काम किया। हरियाणा का धाकड़ जवान, धाकड़ किसान और धाकड़ खिलाड़ी ये तीनों देश की शान हैं। 

उन्होंने कहा कि जब भी हरियाणा आता हूं, इस बात को याद करता हूँ कि जब भी देश पर संकट आया तो पंजाब-हरियाणा की भूमि ने चट्टान बनकर देश के दुश्मनों के सीने छलनी कर दिए। मैं हरियाणा की वीरांगना माताओं को भी नमन करता हूँ, जिन्होंने देश को अनेक बलिदानी बेटे दिए, जिन्होंने हंसते-हंसते भारत माता की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।

उन्होंने कहा कि हरियाणा खिलाड़ियों की भूमि है। देश को जब भी मेडल मिलता है तो हर तीसरा खिलाड़ी हरियाणा से होता है। मनोहर सरकार ने पिछले साढ़े 8 सालों में खिलाड़ियों के लिए अनेक योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 9 सालों से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी देश की सेवा कर रहे हैं। हरियाणावासियों ने दो बार लोकसभा की सभी की सभी सीटें भारतीय जनता पार्टी की झोली में डालकर श्री नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया, इसके लिए वे हरियाणा की जनता का धन्यवाद करते हैं। 

पिछले 9 सालों में हरियाणा के विकास में नहीं छोड़ी कोई कमी, 2015 से 2022 तक राज्य की विकास दर 6 प्रतिशत से ज्यादा रही

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि पिछले 9 सालों में हरियाणा देश का सबसे पहला कैरोसीन मुक्त राज्य बना। देश का सबसे पहला पढ़ी-लिखी पंचायतों वाला राज्य बना। हरियाणा की विकास दर वर्ष 2015 से 2022 तक 6 प्रतिशत से ज्यादा रही है। मोदी और मनोहर की डबल इंजन की सरकार ने हरियाणा के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी। 

उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 से अब तक राज्य को 5.22 बिलियन डॉलर का विदेशी निवेश प्राप्त हुआ। 400 फॉरच्यून  कंपनियों के कार्यालय गुरुग्राम में हैं। 50 प्रतिशत गाड़ियां हरियाणा में बनती हैं। हमारी सरकार ने 1400 किलोमीटर नए नेशनल हाइवे बनाए। 17 नए राष्ट्रीय राजमार्ग हरियाणा में घोषित किए। 20,000 करोड़ रुपये से आर्थिक गलियारे की योजना बनाई। 12,150 करोड़ रुपये की लागत से सबसे बड़े गुरुग्राम पलवल नूहं जिलों से गुज़रने वाले एक्सप्रेस वे को बनाया। 11,000 करोड़ की लागत से खरखौदा में 10 लाख वाहन की क्षमता का प्लांट विस्तारीकरण का काम हुआ। उन्होंने कहा कि 20 लाख किसानों को हर साल 6000 रुपये मिल रहे हैं। जल जीवन मिशन के तहत 30 लाख घरों तक नल से जल पहुंचा है। 82 लाख लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिल रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 75,000 से ज्यादा घर बने हैं। 

श्री अमित शाह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने गृह मंत्रालय के सामने भारत को नशा मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा। यह अभियान हरियाणा में भी शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि 5 मई, 2019 का दिन देश के लोगों के लिए एक ऐतिहासिक था, जब प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर से धारा 35-ए हटाने का कार्य किया था। 

सिरसा जिले में हुए विकास के अनेक कार्य

उन्होंने कहा कि सिरसा में बहुत कार्य किए गए हैं। 1513 करोड़ रुपये का किसानों को बीमा क्लेम दिया गया है। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने 22 एकड़ भूमि पर 1000 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखी। सिरसा फतेहाबाद मार्ग का निर्माण चल रहा है। कई नए पुल बन रहे हैं। सिरसा के तेजाखेड़ा आसाखेड़ा और चौटाला की जमीन पर मेगा फूड पार्क बन रहे हैं। सिरसा में एक नए जल उपचार संयंत्र का निर्माण हुआ है और सौर ऊर्जा केंद्र भी सिरसा में बन रहे हैं।

उन्होंने हरियाणा की जनता से अपील करते हुए कहा कि एक बार फिर लोकसभा की 10 सीटें भाजपा की झोली में डालिए और देश को दुनिया में नंबर एक बनाने के लिए वर्ष 2024 में श्री नरेंद्र मोदी को पुन: प्रधानमंत्री बनाएं। 

श्री अमित शाह जब जब हरियाणा की धरती पर आएउन्होंने हमेशा ही हरियाणा के गौरव को बढ़ाया है- मुख्यमंत्री मनोहर लाल

इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह का प्रदेश की लगभग पौने 3 करोड़ जनता की ओर से सिरसा की धरा पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की तरह श्री अमित शाह को भी लौह पुरुष कहना गलत नहीं होगा, क्योंकि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और श्री अमित शाह के मार्गदर्शन में जिस प्रकार के बड़े व मजबूत निर्णय लिए गए हैं, उनका देश कायल है।

श्री मनोहर लाल ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जब-जब हरियाणा की धरती पर आए हैं, उन्होंने हमेशा ही हरियाणा के गौरव को बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में खेलो इंडिया का आयोजन हुआ था, तब श्री अमित शाह ने कहा था कि हरियाणा के खिलाड़ी धाकड़ हैं। इसी प्रकार पुलिस के एक अन्य कार्यक्रम में उन्होंने कहा था कि हरियाणा का जवान धाकड़ है। इसी प्रकार उन्होंने हरियाणा के पहलवानों को भी धाकड़ कहकर संबोधित किया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि वास्तव में ही हरियाणा के पहलवान, किसान, पुलिस और युवा धाकड़ हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में बहुत बड़ा बदलाव आया है। एक ऐसा युग का सूत्रपात हुआ, जिसमें गरीबों की भलाई के लिए बहुत सी योजनाएं बनाई गई। हर प्रकार से लोगों को आगे बढ़ने का मौका मिला। देश की जनता में एकता, लोक हित और राष्ट्रभक्ति की भावना तथा देश की अखंडता का भाव जागृत किया।

हरियाणा सरकार ने केंद्र सरकार की सभी योजनाओं को राज्य में पूरी तरह से किया लागू

श्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विश्व में भारतवर्ष का स्थान ऊंचा हुआ है। आज विश्व के अंदर भारत का नाम बढ़ा है और जैसे भारत पहले दुनिया का विश्वगुरु कहलाता था, वैसे ही निकट भविष्य में भी दुनिया फिर से भारत को विश्वगुरु कहेगी। उन्होंने कहा कि पिछले 9 वर्षों में हरियाणा सरकार ने केंद्र सरकार की सभी योजनाओं को पूरी तरह लागू किया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहले भ्रष्टाचार का बोलबाला था और भय का वातावरण था, इससे वर्तमान राज्य सरकार ने जनता को बहुत राहत दिलाई है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा था कि न खाऊंगा, न खाने दूंगा। हरियाणा सरकार ने उनके इस कथन पर चलते हुए प्रदेश में भ्रष्टाचार को समाप्त किया। गरीबों के उत्थान के लिए हमने  अंत्योदय की भावना से बहुत योजना बनाई है। राज्य सरकार ने परिवार पहचान पत्र लागू करके हर गरीब को सरकार की योजनाओं का लाभ उनके घर द्वार पर दिया है।

मुख्यमंत्री ने श्री अमित शाह को विश्वास दिलाया कि पिछली बार की तरह इस बार भी 10 के 10 कमल खिलाकर पार्टी अपना फर्ज पूरा करेगी।

केंद्रीय जलशक्ति मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत, हरियाणा के गृह मंत्री श्री अनिल विज, ऊर्जा मंत्री श्री रणजीत सिंह, शिक्षा मंत्री श्री कंवर पाल, सांसद श्रीमती सुनीता दुग्गल, राज्यसभा सांसद श्री रामचंद्र जांगड़ा, त्रिपुरा के  पूर्व मुख्यमंत्री त्रिपुरा श्री विप्लब देव, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री ओम प्रकाश धनखड़, हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन श्री सुभाष बराला, विधायक श्री गोपाल कांडा, श्री लक्षमण नापा, श्री दुड़ाराम, मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन श्री आदित्य देवीलाल सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे। 

You May Have Missed