अब सूर्य कुंड सन्निहित सरोवर की शोभा बढ़ाएगी महर्षि दधीचि की भव्य प्रतिमा

अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव से पहले मूर्ति स्थापित करने का लक्ष्य, प्रसिद्ध मूर्तिकार राम सुतार व अनिल सुतार बनाएंगे प्रतिमा।
प्रतिमा पर खर्च होगा लगभग 1 करोड़ 30 लाख का बजट।

वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक

कुरुक्षेत्र 7 जून : कुरुक्षेत्र के तीर्थों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने और पर्यटकों को आकर्षित करने के साथ-साथ ऐतिहासिक महत्व को जहन में रखते हुए कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की तरफ से सन्निहित सरोवर पर महर्षि दधीचि की भव्य और सुंदर प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इस प्रतिमा को अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2023 से पहले स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अहम पहलू यह है कि इस प्रतिमा को प्रसिद्ध मूर्तिकार राम सुतार व अनिल सुतार द्वारा तैयार किया जाएगा।

प्रसिद्ध मूर्तिकार अनिल सुतार बुधवार को कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड कार्यालय में सन्निहित सरोवर की भव्यता में चार चांद लगाने के लिए बनाई जाने वाली महर्षि दधीचि प्रतिमा का मॉडल तैयार करके लाए है। यहां पर अतिरिक्त उपायुक्त एवं कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अखिल पिलानी, निवर्तमान मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा व अन्य अधिकारियों ने महर्षि दधीचि के मॉडल को देखा और इस दौरान मुर्तिकार अनिल सुतार ने विस्तार से जानकारी भी दी है। इस बैठक में सन्निहित सरोवर के अन्य विकास कार्यों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। इस सन्निहित सरोवर पर होने वाले विकास कार्यों को लेकर चर्चा की गई और नियमानुसार जल्द ही निर्माण कार्यों को शुरू कर दिया जाएगा।

एडीसी अखिल पिलानी ने कहा कि कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की तरफ से सन्निहित सरोवर पर महर्षि दधीचि की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इस प्रतिमा को स्थापित करने की घोषणा प्रदेश सरकार की तरफ से की गई थी। इस घोषणा के अनुसार महर्षि दधीचि की प्रतिमा को तैयार करने की जिम्मेवारी प्रसिद्घ मुर्तिकार राम सुतार को सौंपी गई है। इस प्रतिमा के मॉडल स्वरूप को देख लिया है। यह मूर्तिकार अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2023 से पहले प्रतिमा को सन्निहित सरोवर पर स्थापित कर देंगे। इस प्रतिमा पर कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की तरफ से लगभग 1 करोड़ 30 लाख रुपए का बजट खर्च किया जाएगा।

You May Have Missed

error: Content is protected !!