कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने किया सतनाली अनाज मंडी का दौरा

जे फार्म कटने के बाद 72 घंटे में हो रही किसानों की पेमेंट
पेमेंट की ऐसी व्यवस्था करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य
सतनाली अनाज मंडी में बनाया जाएगा शैड : जयप्रकाश दलाल
मंडी की चारदीवारी तथा द्वार बनाने के निर्देश

भारत सारथी/ कौशिक

नारनौल। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जयप्रकाश दलाल ने आज सतनाली अनाज मंडी में रबी फसल की सरकारी खरीद का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यहां पर किसानों और आढ़तियों की सहूलियत के लिए सैड बनाने का एस्टीमेट भेजा जाए।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। मंडियों में सभी प्रकार की सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही है। अब सतनाली अनाज मंडी में भी आढ़तियों व किसानों की शैड बनाने की पुरानी मांग है। इस संबंध में अधिकारियों को एस्टीमेट बनाकर चंडीगढ़ भेजने के निर्देश दिए गए हैं ताकि जल्द से जल्द आगामी कार्यवाही की जा सके। इसके अलावा मंडी की चारदीवारी तथा मुख्य द्वार भी बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रबी फसल के खरीद कार्य में किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सरकार किसानों का एक-एक दाना खरीदेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ई-खरीद पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी तरीके से फसलों की खरीद कर रही है। जे फार्म कटने के बाद किसान को 72 घंटे में पेमेंट की जा रही है। ऐसी व्यवस्था करने वाला हरियाणा पहला राज्य है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन पेमेंट होने से किसानों को अपनी पूंजी की सुरक्षा की कोई चिंता नहीं रहती।

इस मौके पर एसडीएम हर्षित कुमार के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।

You May Have Missed

error: Content is protected !!