आम आदमी पार्टी ने करनाल से की मोदी हटाओ- देश बचाओ पोस्टर अभियान की शुरुआत

आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. सुशील गुप्ता और वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा ने लगाए मोदी हटाओ, देश बचाओ के पोस्टर

वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा के साथ पुलिस ने की हाथापाई, गिरफ्तार किया

प्रदेश प्रभारी डॉ. सुशील गुप्ता को कार्यकर्ताओं के साथ गिरफ्तार किया

डॉ. सुशील गुप्ता और अनुराग ढांडा समेत 29 के खिलाफ केस दर्ज, ज़मानत पर छोड़ा

विपक्ष का मुँह बंद करने की साजिश को नहीं होने देंगे कामयाब : डॉ. सुशील गुप्ता

आम आदमी पार्टी के एक पोस्टर से घबराईं खट्टर सरकार : डॉ. सुशील गुप्ता

पोस्टर लगाने से रोकना खट्टर सरकार की तानाशाही: अनुराग ढांडा

पूरे हरियाणा में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता लगाएंगे पोस्टर: अनुराग ढांडा

करनाल/चंडीगढ़, 30 मार्च – आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को देशभर में मोदी हटाओ देश बचाओ अभियान की शुरुआत की। करनाल में आम आदमी पार्टी प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता और वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा ने सेक्टर- 12 स्थित एक निजी रेस्टोरेंट में प्रेस वार्ता की और मोदी हटाओ देश बचाओ अभियान का आगाज किया। पोस्टर लगाने के दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी रही। इस दौरान आम आदमी पार्टी के नेताओं के साथ हाथापाई की गयी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। प्रदेश प्रभारी डॉ. सुशील गुप्ता और वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा को पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद पुलिस लाइन में 29 के खिलाफ धारा 107/151 में मामला दर्ज कर लिया गया।

आप कार्यकर्ता लोकतंत्र बचाओ और तानाशाही नहीं चलेगी आदि नारे लगाते रहे। करीब 25 मिनट तक चली खींचतान के बीच पुलिस ने तानाशाही दिखाते हुए आप कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन ले गई। इस दौरान पुलिस ओर कार्यकर्ताओं के बीच काफी गहमागहमी भी हुई।

अंग्रेजों के राज में भी कभी एक पोस्टर और एक पर्चे के लिए 138 एफआईआर नहीं हुई

प्रेस वार्ता में डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के अंदर “मोदी हटाओ, देश बचाओ” का पोस्टर लगा और हुकूमत थर्रा गई। अंग्रेजों के राज में भी कभी एक पोस्टर और एक पर्चे के लिए 138 एफआईआर नहीं हुई थी। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में हमारे स्वतंत्रता सेनानी हंसते-हंसते फांसी का फंदा चूम रहे थे। उनका सपना था कि जिस दिन हमारा देश आजाद होगा, अशिक्षा दूर होगी और भारत एक शिक्षित राष्ट्र बनेगा। देश के लोग इलाज के लिए नहीं भटकेंगे, नौजवानों को रोजगार मिलेगा, किसानों को फसल का उचित दाम मिलेगा। लेकिन, जहां-जहां प्रधानमंत्री मोदी गए, वहां-वहां अडानी का साम्राज्य विकसित करते रहे। एक व्यक्ति का विकास ही उनका सपना बनके रह गया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के रहते आम जनता का विकसित भारत का सपना पूरा नहीं हो सकता। जब अंग्रेजों की हुकूमत थी, उस समय कोई पर्चा नहीं बांट सकता था, पेपर नहीं निकाल सकता था। भारत की आजादी के वीरों की आवाज को कुचलने के लिए उसी समय अंग्रेजों ने कानून बनाएं। आज फिर उन्हीं कानूनों का सहारा लेकर देश की आवाज को कुचला जा रहा।

एक पोस्टर से डर गई बीजेपी सरकार

वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की नीतियां देश के ख़िलाफ़ हैं। मोदी हटेंगे तो देश बचेगा। इसलिए पूरे देश में आम आदमी पार्टी ने इस अभियान की शुरुआत की है। आज जनता की आवाज को दबाया जा रहा है। जनता की स्वतंत्रता छीनने की कोशिश की जा रही है। एक पोस्टर से तानाशाह डर गया है।

उन्होंने कहा कि आज देश के कोने-कोने में “मोदी हटाओ, देश बचाओ” के पोस्टर लगाए गए। देखते हैं कि उनकी एफआईआर, पुलिस और जेल में कितनी ताकत है। जब चप्पे-चप्पे पर “मोदी हटाओ देश बचाओ” के पोस्टर लगेंगे, जेलें भर जाएगी। मगर मां भारती को बचाने के लिए सीना और हाथ कम नहीं होंगे। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता पूरे हरियाणा में मोदी हटाओ देश बचाओ के पोस्टर लगाएंगे।

क्रांतिकारी अपनी बात पहुंचाने के लिए लगाते थे पोस्टर

अनुराग ढांडा ने कहा कि देश को आजाद करवाने वाले क्रांतिकारी अपनी बात लोगों तक पहुंचाने के लिए पोस्टर लगाते थे। अंग्रेज उन्हें गिरफ्तार करते थे, जुल्म करते थे। वही सब आज पुलिस और सरकार कर रही है। आजादी की लड़ाई लड़ने वाले क्रांतिकारियों ने कभी नहीं सोचा था कि आजादी किसी भी वक्त दांव पर लग सकती है। उन्होंने कहा कि कानून के मामले में हरियाणा पुलिस 36वें नंबर पर हैं। प्रदेश की पुलिस पूरी रात एक्सरसाइज करती रही कि आप नेतागण पोस्टर न लगा सकें। उन्होंने कहा कि पोस्टर लगाना एक राजनीति नारा है। इससे मोदी सरकार को क्या डर है। उन्होंने कहा कि पुलिस और सरकार की बौखलाहट देखकर आप ने सभी कार्यकर्ताओं को छूट दी है कि वे कहीं पर भी पेास्टर लगाएं। कोई अनुशासनहीनता की कार्रवाई नहीं होगी। आज पूरा देश केजरीवाल के साथ खड़ा है।

देश के छात्रों की आवाज को देशद्रोही-आतंकवादी कहकर कुचला जा रहा

वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा ने कहा कि देश के छात्रों की आवाज को देशद्रोही-आतंकवादी कहकर कुचला जा रहा है। आज देश में संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही है, विपक्ष की आवाज को कुचलने के लिए फर्जी मुकदमों में फंसाने की कोशिश की जा रही है। इससे पहले भी देश के किसानों के ऊपर जबरदस्ती तीन काले कानून लगाए गए, किसानों ने एक साल आंदोलन किया। सरकार ने उनसे वादा किया कि देश में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को कानून का दर्जा देंगे, मगर ऐसा नहीं हुआ। प्रधानमंत्री मोदी को हटाने के लिए आम आदमी पार्टी के देश व्यापी अभियान की शुरुआत हो चुकी है।इस मौके पर सुनील बिंदल, बलविंदर चीमा, निर्मल सिंह, महेंद्र सिंह, अमनदीप सिंह, बिंद्र मान और सुभाष कोच मौजूद रहे।

You May Have Missed

error: Content is protected !!