राष्ट्रीय महामंत्री ने किया भव्य बिश्नोई को एक लाख वोट पार करवाने का आह्वान
बूथ समिति बैठक में पहुंचने पर कुलदीप बिश्नोई ने किया राष्ट्रीय महामंत्री का स्वागत

हिसार / आदमपुर । 11  अक्तूबर  मनमोहन शर्मा

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सी.टी. रवि ने कहा है कि कोई भी चुनाव बूथ प्रमुख ही जितवाते हैं। जिस प्रत्याशी का बूथ मजबूत होगा, उसे कोई हरा नहीं सकता। बूथ एक तरह से किला होता है और उस किले को सुरक्षित रखना बूथ प्रमुख की जिम्मेवारी होती है।

राष्ट्रीय महामंत्री सी.टी. रवि आज मंडी आदमपुर की श्री बिश्नोई धर्मशाला में बूथ समिति बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में हलका आदमपुर के सभी शक्ति केंद्र प्रमुख, बूथ प्रमुख, त्रिदेव सहित सभी मोर्चों व प्रकोष्ठों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं व बूथ प्रमुखों से आह्वान किया कि भाजपा प्रत्याशी भव्य बिश्नोई को सभी बूथों से विजयी बनाने की जिम्मेदारी आप सभी पर है। पिछली बार कुलदीप बिश्नेाई को यहां से 63 हजार 600 वोट मिले थे अबकी बार भव्य को एक लाख वोट पार करवाने हैं, तभी भाजपा की एकतरफा लहर होगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कर्नाटक में भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं परंतु जिस प्रकार से कुलदीप बिश्नोई जैसे कद्दावर नेता कांग्रेस छोड़ रहे हैं उसको देखते हुए उन्हें कांग्रेस बचाओ यात्रा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता सिर्फ हमारे देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी है। उन्होंने देशहित में ऐसे निर्णय लिए हैं जिससे भारत का डंका पूरी दुनिया में बज रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की पहचान मजबूत बूथ से होती है। इस उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी भव्य बिश्नोई ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे।

बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी संगठन महामंत्री रविन्द्र राजू ने कहा कि आदमपुर क्षेत्र की जनता में भाजपा उम्मीदवार के प्रति भारी जोश है। केन्द्र व हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की बदौलत जनता नेे भाजपा का साथ देने का मन बना लिया है और आदमपुर क्षेत्र में जनता के उत्साह को देखते हुए यह बात साबित भी हो रही है।

बैठक में पहुंचने पर राष्ट्रीय महामंत्री सी.टी. रवि का पार्टी नेता कुलदीप बिश्नोई ने स्वागत किया और उन्हें आदमपुर के राजनीतिक इतिहास और उम्मीदवार भव्य बिश्नोई के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आदमपुर में हमारा रिश्ता राजनीतिक नहीं, बल्कि पारिवरिक है और 54 वर्षों से जो साथ, सहयोग और समर्थन यहां की जनता ने भजनलाल परिवार को दिया है, उसे भव्य बिश्नोई आगे बढ़ातेे हुए यहां से कमल खिलाएंगे।

भाजपा जिला मीडिया प्रमुख राजेन्द्र सपड़ा ने बताया कि इस दौरान जिला प्रभारी एवं पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, जिलाध्यक्ष कैप्टन भूपेन्द्र, डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा, विधायक दुड़ाराम, प्रदेश मंत्री सरोज सिहाग, प्रभारी श्रीनिवास गोयल, महाबीर प्रसाद, जिला महामंत्री एडवोकेट धर्मबीर रतेरिया व प्रवीण पोपली, कृष्ण बिश्नोई, कृष्ण खटाना, देवेन्द्र शर्मा देव, अनिल कैरो, शशिकांत शर्मा, सूरजभान व चन्द्रपाल भादू सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।