भाजपा गठबंधन सरकार में किसानों की हालत बेहद दयनीय: चौधरी ओम प्रकाश चौटाला
किसानों को न अच्छे बीज मिलते हैं, न बिजली मिलती है और न ही सिंचाई के लिए पानी मिलता है, खाद के लिए किसानों को लाइन में लगना पड़ता है
इनेलो की सरकार बनते ही किसानों को उनकी फसलों के पूरे दाम मिलेंगे और उच्च गुणवत्ता के बीज किसानों को उपलब्ध करवाए जाएंगे

चंडीगढ़, 23 अगस्त: पूर्व मुख्यमंत्री एवं इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी ओम प्रकाश चौटाला ने मंगलवार को हलका कालका के गावों में जनसम्पर्क किया। वे कालका विधानसभा के खोखरा, मढ़ावाला, करणपुर, पपलोहा माजरा, रतपुर कॉलोनी, टागरा, कालका, मानकपुर देवीलाल, चौपहर और अम्बवाला कोटियां गांव पहुंचे और लोगों से रूबरू हुए। इस दौरान राष्ट्रीय संगठन सचिव श्याम सिंह राणा, जिला प्रधान सतिंद्र टोनी, जिला महिला प्रधान सीमा चौधरी उनके साथ मौजूद रहे।

इनेलो सुप्रीमो ने अपने संबोधन में कहा कि हमारा देश कृषि प्रधान देश है जिसकी अर्थव्यवस्था कृषि पर निर्भर करती है। आज भाजपा गठबंधन सरकार में किसानों की हालत बेहद दयनीय है। किसानों को न अच्छे बीज मिलते हैं, न बिजली मिलती है और न ही सिंचाई के लिए पानी मिलता है। खाद के लिए किसानों को लाइन में लगना पड़ता है। अबकी बार ज्यादा बरसात होने से भी किसान परेशान है क्योंकि खेतों में पानी खड़ा है जिससे फसल बर्बाद हो गई है लेकिन सरकार की तरफ से खेतों से पानी निकालने का कोई प्रबंध नहीं किया गया। जहां किसानों को उसकी फसलों के उचित दाम नहीं मिलते वहीं उनकी फसलों से बनने वाले उत्पादों के दाम आसमान छू रहे हैं। खेती के लिए इस्तेमाल होने वाला डीजल महंगा है लेकिन जहाज में डलने वाला इंधन सस्ता है जिसमें अमीर लोग सफर करते हैं। भाजपा सरकार पूंजीपतियों की सरकार है इनको किसान, गरीब, मजदूर और आम जनता से कोई लेना देना नहीं है।

उन्होंने कहा कि इनेलो की सरकार बनते ही किसानों को उनकी फसलों के पूरे दाम मिलेंगे और उच्च गुणवत्ता के बीज किसानों को उपलब्ध करवाए जाएंगे। उन्होंने स्वर्गीय जननायक चौधरी देवी लाल की जयंती पर 25 सितंबर को फतेहाबाद में होने वाली ‘सम्मान दिवस रैली’ का न्योता दिया और नौजवानों, महिलाओं समेत सभी को अधिक से अधिक संख्या में रैली में पहुंचने की अपील की।

error: Content is protected !!