वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा ने मंत्री देवेंद्र बबली पर लगाया जनता के साथ धोखा करने का आरोप

कहा, भाजपा के खिलाफ चुनाव जीतकर भाजपा की गोद में जा बैठे बबली
मोदी जी अपने दोस्तों को देते है फ्री रेवड़ी, केजरीवाल जनता को सुविधाएं देते हैं : अनुराग ढांडा
टैक्स के पैसों से जनता को फ्री और अच्छी सुविधाएं देते रहेंगे, बेशक हो नेताओं को पेट में दर्द : अनुराग ढांडा
बूथ से राज्य स्तर तक तैयार कर रहे मजबूत कार्यकर्ताओं की टीम : भट्टी

टोहाना, 13 अगस्त – आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा ने शनिवार को टोहाना में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगे की रणनीति बनाई। उनके साथ पूर्व विधायक एवं आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष हरपाल सिंह भट्टी और जोन अध्यक्ष कुलदीप गदराना भी मौजूद रहे।

इसमें आगे होने वाले पंचायत चुनाव और जिला परिषद चुनाव को लेकर रणनीति बनाई गई। इसके साथ पंजाब की तर्ज पर विलेज प्रोफाइलिंग को लेकर भी कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा ने कहा कि मंत्री देवेंद्र बबली ने लोगों के साथ धोखा किया है, लोगों का विश्वास जीतकर चुनाव में जीत दर्ज कर बीजेपी के साथ जा कर मिल गए।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता के टैक्स के पैसों से जनता को फ्री सुविधाएं देती रहेगी, बेशक नेताओं को पर में दर्द हो। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की रेवड़ी जनता के लिए है, मोदी के तरह अपने दोस्तों के लिए नहीं है। वहीं हिमाचल और गुजरात में आम आदमी पार्टी की बढ़त को देखते हुए बीजेपी नेता आम आदमी पार्टी के खिलाफ अनाप शनाप बयानबाजी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगे के नाम पर जनता को मजबूर किया जा रहा है। वहीं आरोप लगाया कि भाजपा की तिरंगा यात्रा गुंडा यात्रा है, इनका आयोजन लफंगों के हाथों में है।

प्रदेश उपाध्यक्ष हरपाल सिंह भट्टी ने कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्त्ताओं से फीडबैक के लिए बैठक आयोजित की थी। हम क्षेत्र के हर एक गांव में संगठन की मजबूती के लिए टीम बना रहे हैं। बूथ स्तर तक मजबूत कार्यकर्ताओं को तैयार किया जा रहा है।

वहीं वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा ने कहा कि आने वाला समय प्रदेश में आम आदमी पार्टी का है। उन्होंने कहा कि जिला परिषद के चुनाव आम आदमी पार्टी सिंबल पर लड़ेगी और प्रदेश में आम जनता की आवाज मजबूती से उठने का काम करेगी।

You May Have Missed