गुरुग्राम। 29 मई को कुरुक्षेत्र में होने वाले आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविन्द केजरीवाल की ‘अब बदलेगा हरियाणा’ महारैली अब तक की ऐतिहासिक रैली होगी यह जानकारी गुरुग्राम के पूर्व विधायक एवं आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता उमेश अग्रवाल ने दी।

कुरुक्षेत्र में होने वाली ‘अब बदलेगा हरियाणा’ महारैली के विषय में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 29 मई को कुरुक्षेत्र में होने वाली रैली में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल हरियाणा निवासियों को संबोधित करेंगे। प्रदेश के हर जिले व गांव से इसमें भाग लेकर हरियाणा के लिए अरविन्द केजरीवाल द्वारा बनाई गई भविष्य की नीतियों के बारे में जानने की उत्सुकता बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र की रैली को लेकर व्यापक तैयारियां जिला एवं राज्य स्तर पर की जा रही हैं। इस रैली में गुरुग्राम से भी हजारों की संख्या में लोग भाग लेंगे। लोगों की सुविधा के लिए बसों की भी व्यापक व्यवस्था की गई है। यह बसें रैली में भाग लेने वाले लोगों के लिए उनके क्षेत्रानुसार उपलब्ध कराई जाएंगी। बसों में बैठकर महारैली में भाग लेने के इच्छुक लोगों को कोई असुविधा न हो इसका भी खास इंतजाम किया जा रहा है जिसके लिए प्रत्येक बस पर बस प्रभारियों को नियुक्त किया गया है। यह बस प्रभारी अपनी बस में बैठे लोगों को गुरुग्राम से कुरुक्षेत्र पहुंचाने तथा वापिस गुरुग्राम लाने तक की व्यवस्था का पूरा ख्याल रखेंगे।

श्री अग्रवाल ने बताया कि कांग्रेस और भाजपा की सरकार के बोझिल प्रशासन से तंग आकर लोग अब आम आदमी पार्टी की ओर रुख कर रहे हैं। जिस तरह से दिल्ली व पंजाब में आम आदमी पार्टी ने रिकार्ड बनाते हुए सरकार स्थापित की हैं उसी तरह से अब हरियाणा में भी आम आदमी पार्टी की सरकार बनाने की बारी है। हरियाणा की जनता को आज तक न तो बिजली बिल में कोई राहत प्रदान की गई है और न ही पीने के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो पाता है। सरकारी स्कूलों की हालत भी बद से बदतर होती जा रही है जिसकी वजह से प्राइवेट स्कूल अपनी मनमानी फीस आम आदमी से वसूल कर रहे हैं जो कि हरियाणा के गरीब व मध्यम वर्ग पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ साबित हो रहा है। उन्होंने बताया कि अगर हरियाणा में आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है तो हरियाणा में भी आम आदमी को दिल्ली की तरज पर बिजली, पानी, चिकित्सा व सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा आदि सभी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

error: Content is protected !!