पंजाब विधानसभा चुनाव में चरणजीत सिंह चन्नी मुख्यमंत्री पद उम्मीदवार घोषित, कांग्रेस का मास्टर स्ट्रोक : विद्रोही

07 फरवरी 2022 – स्वयंसेवी संस्था ग्रामीण भारत के अध्यक्ष एवं हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता वेदप्रकाश विद्रोही ने राहुल गांधी द्वारा कांग्रेस की ओर से पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए श्री चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री पद उम्मीदवार घोषित करने का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक व साहसिक निर्णय बताया जिसका ना केवल पंजाब की राजनीति अपितु देश की राजनीति में भी व्यापक व गुणात्मक प्रभाव पडेगा।

विद्रोही ने कहा कि एक गरीब घर के दलित व्यक्ति चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब विधानसभा मुख्यमंत्री का चेहरा बनाकर कांग्रेस-राहुल गांधी ने फिर साबित किया है कि वे गरीब, आमजन व दलित समाज को ना केवल सत्ता में समान भागीदारी देना चाहते है अपितु उसके हाथों में नेतृत्व देकर गरीबों के जीवन में सत्ता द्वारा गुणात्मक परिवर्तन भी चाहते है। चरणजीत सिंह चन्नी को चार माह पहले पंजाब का मुख्यमंत्री बनाकर कांग्रेस ने जो मास्टर स्ट्रोक लगाया था, अब उस मास्टर स्ट्रोक को आंधी में बदलने के लिए पंजाब विधानसभा चुनाव में चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री पद उम्मीदवार घोषित कर दिया। कांग्रेस-राहुल गांधी की इस घोषणा के बाद पंजाब में कांग्रेस सरकार दोबारा सत्ता में आयेगी ही, साथ में गरीबों का प्रभावी सशक्तिकरण भी होगा। 

विद्रोही ने कहा कि चरणजीत चन्नी का पंजाब में कांग्रेस का चेहरा बनाने से पहले राहुल गांधी ने पंजाब के आमजनों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं, विधायक पद कांग्रेस उम्मीदवार व पंजाब से सम्बन्धित सांसदों व नेताओं की राय लेकर जनभावना व कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सोच अनुसार यह फैसला लिया है। राहुल गांधी के इस फैसले पर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुनील जाखड़ सहित सभी कांग्रेस नेताओं ने जिस प्रकार खुले दिल से एकजुटता से स्वागत किया है, वह भी पंजाब में कांग्रेस के लिए शुभ संकेत है।

विद्रोही ने कहा कि एक दलित परिवार के गरीब व्यक्ति चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब में मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनने का कांग्रेस को हरियाणा सहित पूरे देश में लाभ मिलेगा। कांग्रेस-राहुल गांधी के इस फैसले से पूरे देश में साफ  संदेश गया है कि कांग्रेस गरीब, दलित व कमजोर तबके को साथ खड़ा होकर उसे राजनीतिक, आर्थिक, सामाजिक रूप से सशक्त करने में विश्वास करती है। विद्रोही ने पंजाब में कांग्रेस का मुख्यमंत्री पद उम्मीदवार बनने पर चरणजीत सिंह चन्नी को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी और विश्वास प्रकट किया कि पंजाब कांग्रेस के सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं की एकजुटता व आमजनों के आशीर्वाद से पंजाब में दोबारा कांग्रेस की सरकार जनादेश से बनेगी।

You May Have Missed

error: Content is protected !!