भारत सारथी/ऋषि प्रकाश कौशिक

गुरुग्राम। गुरुग्राम नगर निगम सदा से ही अपने अप्रिय कार्यों की वजह से चर्चा में रहता है। वर्तमान में एक मामला संज्ञान में आया है कि शीतला माता मंदिर के सामने पार्किंग के साथ निगमकर्मियों द्वारा कूड़ा जलाया जा रहा है।

क्षेत्रवासियों से जानकारी प्राप्त करने पर ज्ञात हुआ कि एक डंपिंग प्वाइंट यहां बना रखा है लेकिन बड़ा डंपिंग प्वाइंट गऊशाला के पास है तो कूड़ा उठाने वाली गाड़ी वहीं से कूड़ा उठाती है और इन कर्मियों के पास रेहड़ी की सुविधा तो है लेकिन ट्रैक्टर की सुविधा नहीं है, इसलिए यह कूड़े का निष्पादन यहीं कर रहे हैं। 

बड़ा सवाल पैदा होता है कि हमारी जानकारी के अनुसार लगभग 300 ट्रैक्टर निगम के पास हैं लेकिन सड़कों पर इतने दिखाई नहीं देते। कुछ लोगों से जानकारी प्राप्त करने पर अनुमान लगा कि सड़कों पर केवल 200 के आसपास ही ट्रैक्टर होंगे। चलो यह बात छोड़ते हैं कि कितने ट्रैक्टर हैं लेकिन बड़ी बात यह है कि जो निगम बड़े-बड़े दावे करता है, स्वच्छ सर्वेक्षण में प्रथम आने की बात करता है, रोज उनका ब्रांड एम्बेसडर और इकोग्रीन के कार्यक्रम होते रहते हैं और जमीनी हकीकत बिल्कुल भिन्न। शहर में जगह-जगह डंपिंग प्वाइंट मिलेंगे और परेशानियों से जूझते नागरिक मिलेंगे।

दिये तले अंधेरा

आपका बता दें कि यह क्षेत्र निगम के सीनियर वाइस मेयर के क्षेत्र में पड़ता है और इसका धुआं यदि हवा का रूख इसस लगते मेयर के वार्ड की ओर हो तो वहां भी धुआं पहुंचता है। आप अनुमान लगा सकते हैं कि यह उस क्षेत्र की बात है, जिसमें निगम के बड़े-बड़े उन अधिकारियों के क्षेत्र हैं जो निगम को चलाते हैं और निगम के कार्यों की बड़ाई करते थकते नहीं हैं।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि हम इसका शिकायत निगम से करते रहे हैं। पोर्टल पर डाला है। वहां से आश्वासन भी एक दिन में समस्या का समाधान होने का मिला है लेकिन स्थिति वही ढाक के तीन पात वाली है। आज हमने भी इसकी सूचना हरियाणा पर्यावरण संरक्षण विभाग के प्रमुख को दी है लेकिन प्रश्न यह है कि निगम के सभी अधिकारी जब एनजीटी के आदेशों से निर्माण कार्यों तक को रोक रहे थे, तब उन्हें यह स्थिति क्यों नहीं दिखाई दी?

मेयर, सीनियर वाइस मेयर जिनकी अपने-अपने वार्ड की जिम्मेदारी है, उन्हें यह क्यों नहीं दिखाई दे रहा? इसके अतिरिक्त शहर की बेहतरी के लिए विधायक भाजपा कार्यकर्ताओं की इतनी फौज है, उन सभी को यह क्यों नहीं दिखाई दे रहा?

error: Content is protected !!