चंडीगढ़, 29 नवंबर. हरियाणा के वरिष्ठ पत्रकार बलवंत तक्षक को पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए तिलका मांझी राष्ट्रीय सम्मान, 2021 से सम्मानित किया गया है।  तक्षक पिछले करीब 40 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हैं। तक्षक को यह सम्मान दिल्ली के गांधी शांति प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह में हरियाणा से राज्यसभा के सदस्य दुष्यंत गौतम ने दिया। समारोह में गांधीवादी विचारक राधा भट्ट और साहित्यकार सरिता चड्ढा विशिष्ठ अतिथि के रूप में मौजूद थीं।

यह सम्मान आज़ादी के अमृत महोत्सव पर प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी शुभकरण चूड़ीवाला की याद में दिया गया है।  समारोह का आयोजन भागलपुर के अंग मदद फाउंडेशन, दिल्ली के स्पेशल कवरेज न्यूज़ और बिहार के युवा क्रांति रोटी बैंक की तरफ से किया गया था। गौरतलब है कि यह सम्मान वर्ष 2016 से महत्वपूर्ण कार्य करने वाली हस्तियों को दिया जाता रहा है।

 तिलका मांझी अपने देश में अंग्रेजों से लड़ने वाले पहले योद्धा थे। वे आदिवासियों के नायक हैं। उनको अंग्रेजों ने घोड़े के पीछे बांध कर कई मील तक घसीटा था। फिर भी उनकी मौत नहीं हुई तो उन्हें पेड़ पर लटका कर फांसी दी गई थी। यह पेड़ अभी तक इस फांसी का है। जिस जगह पर उनको फांसी दी गई थी, बाद में उस इलाके का नाम ही तिलका मांझी पड़ गया।  तिलका मांझी के नाम से भागलपुर विश्वविद्यालय को भी जोड़ा गया है।

 इससे पहले तक्षक को हरियाणा सर्वश्रेष्ठ पत्रकार सम्मान, बाबू बाल मुकंद गुप्त पत्रकारिता पुरस्कार और छत्रपति अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।  मूल रूप से राजस्थान में अलवर के रहने वाले तक्षक ने चंडीगढ़ में रहते हुए 31 वर्षों के दौरान कई दैनिक अख़बारों और टीवी चैनल्स में विभिन्न पदों पर काम किया है।

error: Content is protected !!