आगामी विधानसभा चुनाव में इनेलो की बनेगी सरकार: चौटाला
इनेलो का संगठन आज पूरे देश में सबसे मजबूत संगठन है: अभय सिंह चौटाला
ऐलनाबाद चुनाव में लूट की कमाई से भाजपा ने खरीदे वोट, फिर भी मिली हार
15 दिसंबर से इनेलो सुप्रीमो चौ. ओमप्रकाश चौटाला करेंगे सभी विधानसभा क्षेत्रों का दौरा

बहादुरगढ़, 18 नवंबर: ऐलनाबाद चुनाव में हुई इनेलो की ऐतिहासिक जीत के बाद कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। कार्यकर्ताओं के इसी उत्साह की बदौलत इनेलो आगामी विधानसभा चुनाव में सरकार बनाएगी। कार्यकर्ताओं का उत्साह ही इनेलो की जीत का मंत्र है। यह बात इनेलो सुप्रीमो ने वीरवार को बहादुरगढ़ के ‘ली’ फार्म में आयोजित इनेलो की राष्ट्रीय/राज्य कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए कही।

इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि ऐलनाबाद चुनाव में लोगों का इमान खरीदने के लिए भाजपा सरकार ने करोड़ों रुपए तक बहा दिए लेकिन जनता ने भाजपा प्रत्याशी को हराकर साबित कर दिया कि केवल इनेलो ही लोगों की सच्ची हितैषी है। एक-एक वोट को खरीदने के लिए 10 से 15 हजार रुपए तक लोगों को दिए जा रहे थे, मगर लोग भाजपा के बहकावे में नहीं आए। भाजपा सरकार ने लूट की कमाई को वोट खरीदने में लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल लूट की राजनीति कर रही है, जिसे प्रदेश की जनता अच्छी प्रकार से समझ चुकी है। ऐलनाबाद चुनाव में अभय सिंह चौटाला की जीत से साफ हो गया है कि लोग अब बदलाव का मन बना कर इस भ्रष्टाचारी सरकार से पीछा छुड़ाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है और हमारे देश की अर्थव्यवस्था कृषि पर आधारित है। जिस देश का किसान खुशहाल होगा वह देश मालामाल होगा और जहां किसान कंगाल होगा उस देश का क्या होगा, यह सबके सामने है। भाजपा सरकार किसानों की सबसे बड़ी दुश्मन है। तीन कृषि काले कानून को लेकर किसान सालभर से सडक़ों पर आंदोलन करने को मजबूर है, मगर सरकार को किसानों की समस्याओं से कोई सरोकार ही नहीं है। इनेलो सुप्रीमो ने अपने अंदाज में फिर दोहाराया कि ‘एक बार थम सरकार बना दो थारे सारे दुखड़े मिटा दूंगा।’

बैठक को संबोधित करते हुए चौ. अभय सिंह चौटाला ने कहा कि इनेलो का संगठन आज पूरे प्रदेश में मजबूती के साथ खड़ा है। यह सब कार्यकर्ताओं की मेहनत और लगन का ही परिणाम है। हर कार्यकर्ता इसी तरह लोगों के बीच पहुंचकर पार्टी की नीतियों को पहुंचाए और संगठन को मजबूत करने का काम करें। आप सभी की ही मेहनत का परिणाम है कि ऐलनाबाद चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को हार का मुंह देखना पड़ा। उन्होंने कहा कि 15 दिसंबर से इनेलो सुप्रीमो चौ. ओमप्रकाश चौटाला सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे और लोगों से रूबरू होंगे। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि अगले माह से संगठन को और अधिक मजबूत करने के लिए वह भी प्रदेश के सभी जोन प्रभारियों के साथ बैठक करेंगे और संगठन को और अधिक मजबूत करने के लिए उनके साथ विचार विमर्श करेंगे।

इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। महंगाई के कारण लोगों का जीना मुहाल हो गया है। बढ़ते डीजल व पेट्रोल के दामों ने आग में घी डालने का काम किया है। भाजपा सरकार महंगाई पर अंकुश लगाने में नाकाम है। उन्होंने आरोप लगाया भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण किसान समेत समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। यह सरकार कारपोरेट घरानों के फायदे वाली नीतियां बनाकर केवल उन्हें ही लाभ पहुंचाना चाहती है। किसानों को समय पर खाद भी नहीं मिल पा रही, इससे शर्मनाक क्या होगा।

इस बैठक में इनेलो महिला विंग की प्रधान महासचिव सुनैना चौटाला, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रकाश भारती, राष्ट्रीय संगठन सचिव एवं पूर्व मंत्री श्याम सिंह राणा, बादली से पूर्व विधायक नरेश शर्मा, पूर्व सांसद कैप्टन इंद्र सिंह, यशबीर ढिल्लो, आरएस चौधरी, ओमप्रकाश गौरा, धर्मपाल ओबरा, उमेद सिंह लोहान सहित समस्त प्रदेश, जिला व हलका कार्यकारिणी पदाधिकारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!