निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप, विधायक की शिकायतों की अनदेखी पर सरकार को घेरा
रेवाड़ी, 23 अक्टूबर। स्वयंसेवी संस्था ग्रामीण भारत के अध्यक्ष वेदप्रकाश विद्रोही ने रेवाड़ी के सेक्टर-4 में सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए भाजपा सरकार को घेरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्यों में राजनीतिक संरक्षण के चलते भ्रष्टाचार हो रहा है और अधिकारियों के सामने सत्तारूढ़ दल के विधायकों की शिकायतें भी बेअसर साबित हो रही हैं।
विद्रोही ने दावा किया कि सेक्टर-4 की एक सड़क पिछले दो वर्षों में तीन बार बनाई जा चुकी है। वहीं, जिमखाना क्लब की ओर से रेवाड़ी के भाजपा विधायक के घर जाने वाले रास्ते पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बनी नई सड़क की रोड़ियां निर्माण पूरा होने से पहले ही निकलने लगी हैं। उन्होंने इसे निर्माण की गुणवत्ता और सरकारी धन के इस्तेमाल पर गंभीर सवाल बताया।
विद्रोही के अनुसार, विधायक ने भी मीडिया के सामने सड़क की खराब गुणवत्ता और निर्माण में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया है। उनका कहना है कि विधायक ने अधिकारियों को कई बार शिकायत करने के बावजूद सुनवाई नहीं होने की बात कही है। विद्रोही ने सवाल किया कि जब सत्तारूढ़ दल के विधायक की शिकायतों पर ही कार्रवाई नहीं हो रही, तो आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान कैसे होगा?
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभावशाली लोगों का संरक्षण मिलने के कारण कुछ अधिकारी जवाबदेही से बच रहे हैं। विद्रोही ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की ओर से उठाए गए सवालों की अनदेखी निर्माण कार्यों की निगरानी और प्रशासनिक व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगाती है।
विद्रोही ने आरोप लगाया कि सरकारी निर्माण कार्यों के बजट का बड़ा हिस्सा नेताओं, अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता है। इसके चलते सड़कें, भवन और अन्य ढांचे समय से पहले खराब होने लगते हैं तथा जनता को बार-बार परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने रेवाड़ी के सड़क निर्माण प्रकरण को इसी व्यापक समस्या का उदाहरण बताया।








