सड़क, सफाई, जलभराव और स्वास्थ्य सेवाओं पर सरकार को घेरा; कहा—गुरुग्राम को केवल विज्ञापनों में बनाया स्मार्ट सिटी
अस्पताल पर विधायक और मंत्री के विरोधाभासी बयानों पर उठाए सवाल, मुख्यमंत्री की चुप्पी पर जताई आपत्ति
गुरुग्राम। पूर्व सांसद एवं गुरुग्राम लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रहे राज बब्बर ने भाजपा सरकार पर शहर की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि 12 साल के शासन में सरकार के पास गिनाने के लिए 12 काम भी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश को सर्वाधिक राजस्व देने वाले गुरुग्राम के लोग आज भी सड़क, सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं और सार्वजनिक परिवहन जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान हैं। विकास की घोषणाएं तो होती हैं, लेकिन उन्हें धरातल पर उतारने की सुध नहीं ली जाती।
राज बब्बर बुधवार को कमान सराय स्थित कांग्रेस भवन में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर और ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव सहित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
अस्पताल पर सरकार का रुख स्पष्ट हो
सरकारी अस्पताल के मुद्दे पर राज बब्बर ने विधायक और मंत्री के बयानों में विरोधाभास होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक ओर विधायक हर हाल में अस्पताल बनवाने का दावा कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मंत्री उसे नहीं बनने देने की बात कह रहे हैं। ऐसे में जनता जानना चाहती है कि सरकार का वास्तविक रुख क्या है।
उन्होंने कहा, “एक मंत्री सरकार से ऊपर नहीं हो सकता, लेकिन इस मामले में सरकार ही बैकफुट पर नजर आ रही है।” राज बब्बर ने मंत्री के बयान पर मुख्यमंत्री की चुप्पी पर भी सवाल उठाया और कहा कि जनता के स्वास्थ्य से जुड़े इतने महत्वपूर्ण विषय पर सरकार को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
राजस्व के बदले शहर को क्या मिला?
राज बब्बर ने कहा कि भाजपा सरकार के तीसरे कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने के बावजूद प्रदेश की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि गुरुग्राम से सरकार को हजारों करोड़ रुपये का राजस्व मिलता है, लेकिन शहर के हिस्से में कूड़े के ढेर, उफनते सीवर, टूटी सड़कें, जलभराव और यातायात जाम ही आए हैं।
उन्होंने कहा कि गुरुग्राम को मिलेनियम सिटी और साइबर सिटी कहा जाता है, लेकिन यहां के नागरिकों को सामान्य सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। हर बारिश में जलभराव से जनजीवन प्रभावित होता है और सड़कों की खराब स्थिति लोगों की परेशानी बढ़ाती है।
राज बब्बर ने आरोप लगाया, “भाजपा सरकार ने गुरुग्राम को केवल विज्ञापनों में स्मार्ट सिटी बनाया है। धरातल पर शहर की हालत बद से बदतर हुई है।”
न नया अस्पताल, न नया बस अड्डा
पूर्व सांसद ने दावा किया कि भाजपा सरकार 12 साल में गुरुग्राम में न नया सरकारी अस्पताल बना पाई और न नया बस अड्डा। उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल की स्थिति चिंताजनक है, सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी है और बस अड्डे की परियोजना वर्षों से कागजों में ही घूम रही है।
शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार शराब के ठेकों के विस्तार पर तो ध्यान दे रही है, लेकिन लोगों को बेहतर अस्पताल और स्कूल उपलब्ध कराने के लिए ठोस पहल नजर नहीं आती। उन्होंने युवाओं के रोजगार और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
सवालों का जवाब देने के बजाय मुकदमे: बब्बर
राज बब्बर ने आरोप लगाया कि विपक्ष जब जनहित के मुद्दे उठाता है तो सरकार जवाब देने के बजाय एफआईआर दर्ज कर आवाज दबाने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की जिम्मेदारी जनता की समस्याओं को सामने लाना और सरकार से सवाल पूछना है।
उन्होंने कहा, “जनहित की आवाज उठाने वालों पर मुकदमे दर्ज करना सरकार की तानाशाही प्रवृत्ति को दर्शाता है। सरकार को सवालों से बचने के बजाय जनता को जवाब देना चाहिए।”
घोषणाओं से नहीं, दूरदृष्टि से होगा विकास
राज बब्बर ने कहा कि भाजपा की कार्यशैली ‘आगे दौड़, पीछे छोड़’ वाली हो गई है। नई घोषणाएं कर दी जाती हैं, लेकिन पुरानी योजनाओं को पूरा करने पर ध्यान नहीं दिया जाता। उन्होंने कहा कि किसी शहर का विकास केवल प्रचार से नहीं, बल्कि दूरदृष्टि, ठोस योजना और उसके प्रभावी क्रियान्वयन से होता है।
कांग्रेस के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि मेट्रो, विश्वविद्यालय, अस्पताल और बड़े उद्योगों के विस्तार में कांग्रेस सरकारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गुरुग्राम को विश्वस्तरीय सुविधाओं वाला शहर बनाना चाहती है, जहां नागरिकों को कूड़े, जलभराव और बदहाल सड़कों से जूझना न पड़े।
राज बब्बर ने कहा कि गुरुग्राम की जनता अब सरकार के दावों और जमीनी स्थिति के अंतर को समझ चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले चुनाव में जनता बदलाव के पक्ष में फैसला करेगी।
पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया, महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष पर्ल चौधरी, युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया, इंटक के प्रदेशाध्यक्ष अमित यादव, महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव सुनीता सहरावत, एडवोकेट सूबे सिंह यादव, सीमा हुड्डा, हरकेश प्रधान, विकास हुड्डा, राजीव यादव और पंकज मेहंदीरत्ता उपस्थित रहे।
इनके अलावा ब्लॉक अध्यक्ष अमित कोचर, जसविंदर बिस्ला, मुकेश डागर, दीपक दहिया, सतीश सांगवान, कार्तिक गहलोत, धर्मेंद्र मिश्रा, हरीश कुमार, शैलजा भाटिया, सुनीता तोमर, एससी सेल के जिलाध्यक्ष राजकुमार, सुशील सहरावत, मास्टर महेंद्र सैन, अंकित यादव, लोकेश कौशिक, मनोज आहुजा, रमाकांत शर्मा, जगदीश यादव, ओमप्रकाश खरेरा और सुनील चौहान सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।









