कोर कमेटी की बैठक में धर्म सागर को सम्मान मिलने पर दी बधाई
गुरुग्राम, 21 अक्टूबर। वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब की गुरुग्राम शाखा की कोर कमेटी की बैठक बुधवार को आईडीसी-72 स्थित कार्यालय में प्रधान धर्म सागर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की गई और सदस्यों ने अपने विचार साझा किए।
बैठक की शुरुआत में पदाधिकारियों ने धर्म सागर को ‘बेस्ट फादर-इन-लॉ’ पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर बधाई दी। इस सम्मान से संबंधित समाचार प्रकाशित होने पर सदस्यों ने प्रसन्नता जताई। इस अवसर पर मधु शर्मा को भी जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं।
डी.एन. कवातरा ने बताया कि महीने के चौथे शनिवार, 24 अक्टूबर को सेक्टर-4 स्थित सामुदायिक भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें शाखा के सदस्य अपने विचार रखने के साथ कविता, चुटकुले, गीत और भजन प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम में सितंबर और अक्टूबर में जन्मदिन वाले सदस्यों का जन्मदिन भी सामूहिक रूप से मनाया जाएगा।
प्रधान धर्म सागर ने बताया कि वार्षिक समारोह के संबंध में जानकारी भी 24 अक्टूबर के कार्यक्रम में दी जाएगी। बैठक में चार महीने बाद अमेरिका से लौटे नंद किशोर सरदाना भी शामिल हुए। एच.एस. चावला ने अपने विचार व्यक्त किए। वहीं, कुमार साहब ने पालम विहार में वरिष्ठ नागरिकों के 31 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
बैठक में रमेश वशिष्ठ, मदन डुडेजा, शीतल चावला, एस.के. गाबा, लाजपत चानना, कुंज बिहारी, चेतन दास ग्रोवर, एफ.सी. चुघ और दीप चंद सोरहत उपस्थित रहे।









