सेक्टर 15-ए के कम्युनिटी सेंटर में लगाए 50 पौधे, सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड भी लगाए

हिसार, 21 अक्टूबर। बंदरों ने पौधे उखाड़ दिए तो अभियान से जुड़े लोगों ने हार मानने के बजाय उनकी सुरक्षा का प्रबंध कर दोबारा हरियाली रोप दी। सेक्टर 15-ए स्थित कम्युनिटी सेंटर में बुधवार को जनसहयोग से 50 बहुवर्षीय पौधे लगाए गए। बंदरों और बेसहारा पशुओं से बचाव के लिए पौधों के चारों ओर ट्री गार्ड भी लगाए गए।
वानप्रस्थ के महासचिव डॉ. जे. के. डांग और डॉ. राजेंद्र जैन के नेतृत्व में कम्युनिटी सेंटर को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाने का अभियान शुरू किया गया था। नगर निगम के सहयोग से पहले परिसर की सफाई करवाई गई और चारदीवारी के साथ पौधे लगाए गए। बंदरों द्वारा अधिकांश पौधे उखाड़ दिए जाने के बाद अभियान से जुड़े सदस्यों ने आर्थिक सहयोग जुटाकर ट्री गार्ड के साथ दोबारा पौधारोपण किया।
सामाजिक संगठनों ने मिलकर बढ़ाया कदम

कार्यक्रम में नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त वेद प्रकाश मुख्य अतिथि और संयुक्त आयुक्त कुलभूषण बंसल विशिष्ट अतिथि रहे। पार्षद राजेश अरोड़ा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अभियान में वानप्रस्थ, ग्रीन हिसार फिट हिसार, हमारा प्यार हिसार, राइट टू क्लीन एयर और हरी-भरी वसुंधरा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने सहयोग दिया। पौधारोपण में ग्रीन हिसार फिट हिसार के प्रधान डॉ. रमेश भाटी, सुभाष शर्मा, चंद्रकांत, मलिक, महेंद्र भाटिया और चिराग ने प्रमुख भूमिका निभाई।
बेंच और सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा
अतिरिक्त आयुक्त वेद प्रकाश ने कम्युनिटी सेंटर के विकास में नगर निगम की ओर से पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने परिसर में बेंच और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने का भरोसा भी दिलाया।
डॉ. जे. के. डांग ने निगम अधिकारियों, पार्षद और सहयोगी संगठनों सहित सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से पौधों की नियमित देखभाल, परिसर की स्वच्छता और सार्वजनिक संपत्ति के संरक्षण में सक्रिय योगदान देने की अपील की।









