जमीन का सौदा रद्द होने की रंजिश में हत्या की साजिश रचने का आरोप, मुख्य आरोपी चार दिन के पुलिस रिमांड पर
गुरुग्राम, 20 अक्टूबर। दौहला गांव में 35 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में अपराध शाखा सोहना ने मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, जमीन का सौदा रद्द होने की रंजिश में महिला की हत्या की गई। पुलिस ने मृतका के दाह संस्कार के 12 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करने का दावा किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दौहला निवासी संदीप (35), उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के सलोनी गांव निवासी एवं वर्तमान में रुड़की में रह रहे अनुज (29) और हरिद्वार जिले के खटका गांव निवासी अवनिश (30) के रूप में हुई है। संदीप को 19 अक्टूबर को सोहना से, जबकि अनुज और अवनिश को 20 अक्टूबर को रुड़की से गिरफ्तार किया गया।
घर में अकेली थी महिला
पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर को दौहला गांव में महिला की हत्या की सूचना मिली थी। मृतका के पति ने शिकायत में बताया कि वह सुबह करीब 7:45 बजे बच्चों को गढ़ी बाजीदपुर स्थित स्कूल ले गया था। उस समय उसकी पत्नी घर पर अकेली थी। दोपहर करीब 2:30 बजे बच्चों के साथ लौटने पर पत्नी घर में अचेत मिली। उसके दोनों हाथ बंधे थे और मुंह पर टेप लगी थी।
पति ने टेप हटाकर हाथ खोले और महिला को सरकारी अस्पताल, सोहना पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिकायत के आधार पर थाना सदर सोहना में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
एक लाख रुपये का ब्याना लौटाने पर रंजिश
पुलिस के मुताबिक, मृतका मुख्य आरोपी संदीप के चचेरे भाई की पत्नी थी। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि संदीप अपने चचेरे भाई की जमीन का सौदा कराना चाहता था। उसने जमीन के लिए एक लाख रुपये बतौर ब्याना दिए थे। महिला ने कीमत कम होने के कारण सौदे का विरोध किया और अपने पति से ब्याने की रकम वापस करवा दी। पुलिस का आरोप है कि इसी बात की रंजिश में संदीप ने महिला की हत्या की योजना बनाई।
पुलिस ने बताया कि संदीप पहले भारतीय सेना में कार्यरत था। पुलिस के अनुसार, नौकरी लगवाने के नाम पर रुपये ऐंठने और धोखाधड़ी संबंधी गतिविधियों के कारण वर्ष 2023 में उसका कोर्ट मार्शल हुआ था।
रेकी के बाद वारदात का आरोप
पुलिस के अनुसार, रुड़की में तैनाती के दौरान संदीप की जान-पहचान अनुज से हुई थी और अनुज के माध्यम से वह अवनिश के संपर्क में आया। आरोप है कि संदीप ने दोनों को हत्या की योजना में शामिल किया और 31 अगस्त को उनके साथ महिला के घर की रेकी की।
पुलिस का कहना है कि 16 अक्टूबर की सुबह अनुज और अवनिश रुड़की से दौहला पहुंचे। तीनों पहले महिला के घर गए, लेकिन उसे फोन पर बात करते देखकर लौट आए। कुछ देर बाद करीब 10:05 बजे संदीप और अनुज घर में दाखिल हुए, जबकि अवनिश बाहर निगरानी करता रहा। आरोप है कि महिला के मुंह पर टेप लगाने और हाथ बांधने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।
संदीप को 19 अक्टूबर को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।








