सुशांत लोक में पांच मंजिला इमारत झुकी, तीन मकान खाली कराए

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पड़ोसी प्लॉट में नींव की खुदाई के दौरान घटना; प्लॉट मालिक, ठेकेदार और जेसीबी चालक पर मामला दर्ज

गुरुग्राम, 20 अक्टूबर। सुशांत लोक-1 के सी ब्लॉक में सोमवार रात लगभग तैयार पांच मंजिला निर्माणाधीन इमारत एक तरफ झुक गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची सुशांत लोक थाना पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के तीन मकानों में रह रहे लोगों को सुरक्षित बाहर निकलवाया। पीड़ित मकान मालिक की शिकायत पर पड़ोसी प्लॉट के मालिक, ठेकेदार और जेसीबी चालक के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, बीती रात सी ब्लॉक के प्लॉट नंबर 1770 में निर्माणाधीन इमारत के झुकने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने पाया कि साथ लगते प्लॉट में नींव की खुदाई के कारण इमारत करीब दो से ढाई इंच एक तरफ झुक गई थी।

सुरक्षा के लिए तत्काल कदम

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संभावित दुर्घटना से बचाव के लिए इमारत के दोनों ओर स्थित कुल तीन मकानों को खाली कराया। इनमें रह रहे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर एहतियाती कदम उठाए गए।

पुलिस ने बताया कि मकान मालिक की शिकायत के आधार पर खुदाई करवाने वाले प्लॉट मालिक, ठेकेदार और जेसीबी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

गुरुग्राम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि निर्माण कार्य और नींव की खुदाई के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों तथा आवश्यक सावधानियों का पालन करें, ताकि आसपास की इमारतों और उनमें रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें