गुरुग्राम में पेयजल आपूर्ति क्षमता में होगी वृद्धि

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जीएमडीए चंदू बुढेडा में लगाएगा 100 एमएलडी की छठी ट्रीटमेंट यूनिट

द्वारका एक्सप्रेसवे के सेक्टर 81 से 115 तक के लोगों को मिलेगा फायदा

सीएम की अध्यक्षता वाली हाई पावर वर्क्स परचेज कमेटी ने टेंडर को दी मंजूरी

गुरुग्राम, 20 अक्टूबर। गुरुग्राम में बढ़ती आबादी और पानी की मांग को देखते हुए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) चंदू बुढ़ेडा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में 100 एमएलडी क्षमता की छठी ट्रीटमेंट यूनिट स्थापित करेगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में सोमवार को चंडीगढ़ में हुई हाई पावर वर्क्स परचेज कमेटी की बैठक में इस परियोजना के टेंडर को मंजूरी दे दी गई है ।

इस नई यूनिट से शहर के मौजूदा और विकसित हो रहे रिहायशी क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति मजबूत करने में मदद मिलेगी। खासकर द्वारका एक्सप्रेसवे के साथ लगते सेक्टर 81 से 115 और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए अतिरिक्त क्षमता उपलब्ध होगी। इससे तेजी से विकसित हो रहे नए गुरुग्राम में भविष्य की जरूरतों के अनुरूप जलापूर्ति व्यवस्था तैयार करने में मदद मिलेगी।

जीएमडीए के सीईओ श्री पीसी मीणा ने कहा कि गुरुग्राम की तेजी से बढ़ती आबादी के साथ बुनियादी सुविधाओं की क्षमता बढ़ाना जरूरी है। चंदू बुढ़ेडा में 100 एमएलडी की अतिरिक्त यूनिट स्थापित होने से पानी की उपलब्धता बढ़ाने और मौजूदा व नए सेक्टरों की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि जीएमडीए वर्ष 2051 तक गुरुग्राम की जलापूर्ति जरूरतों का आकलन कर रहा है, ताकि भविष्य की मांग के अनुसार चरणबद्ध और टिकाऊ तरीके से बुनियादी ढांचा विकसित किया जा सके।

15 एकड़ में बनेगा नया यूनिट, ऑटोमैटिक मॉनिटरिंग भी होगी

नई यूनिट चंदू बुढ़ेडा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट परिसर में 15 एकड़ भूमि पर स्थापित की जाएगी। परियोजना में पानी के भंडारण के लिए क्लियर वाटर रिजर्वायर, कच्चे और शोधित पानी की पंपिंग व्यवस्था तथा स्लज (अवशेष) को मशीनों से सुखाने की सुविधा भी विकसित की जाएगी।

इस यूनिट को जीएमडीए के सुपरवाइजरी कंट्रोल एंड डाटा एक्विजिशन (एससीएडीए) नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इससे प्लांट की कार्यप्रणाली की ऑटोमैटिक मॉनिटरिंग और संचालन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। परियोजना का काम आवंटन के 24 महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

दोनों प्लांट से रोजाना हो रही 770 एमएलडी पानी की आपूर्ति

जीएमडीए वर्तमान में चंदू बुढ़ेडा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से लगभग 500 एमएलडी और बसई प्लांट से 270 एमएलडी पानी की आपूर्ति कर रहा है। दोनों प्लांट से कुल 770 एमएलडी पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।

चंदू बुढ़ेडा में छठी यूनिट शुरू होने के बाद वहां की ट्रीटमेंट क्षमता में 100 एमएलडी की और वृद्धि होगी। इससे बढ़ती आबादी और शहरीकरण के बीच भविष्य की जलापूर्ति जरूरतों को पूरा करने के लिए अतिरिक्त क्षमता उपलब्ध होगी।

जीएमडीए की दीर्घकालीन योजना के तहत गुरुग्राम में वर्ष 2051 तक पानी की संभावित मांग का आकलन किया जा रहा है। इसके आधार पर जलापूर्ति से जुड़े जरूरी प्रोजेक्ट और क्षमता विस्तार की योजना बनाई जा रही हैं , ताकि शहर के मौजूदा और नए सेक्टरों में लोगों की जरूरतों के अनुरूप बुनियादी सुविधाएं विकसित की जा सकें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें