सरकार के दो साल पर कांग्रेस मांगेगी हिसाब

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

21 अक्टूबर को 13 स्थानों पर वरिष्ठ नेता करेंगे पत्रकार वार्ता; गुरुग्राम में राज बब्बर संभालेंगे मोर्चा

चंडीगढ़, 19 अक्टूबर। हरियाणा की भाजपा सरकार के तीसरे कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस ने सरकार की नीतियों और कामकाज को लेकर सवाल उठाने की तैयारी की है। बुधवार, 21 अक्टूबर को हरियाणा के विभिन्न शहरों सहित दिल्ली और चंडीगढ़ में वरिष्ठ कांग्रेस नेता पत्रकार वार्ताएं करेंगे। पार्टी के अनुसार, इनमें सरकार की कथित वादाखिलाफी, जनविरोधी नीतियों और प्रशासनिक विफलताओं को उजागर किया जाएगा।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के हरियाणा प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की ओर से जारी विज्ञप्ति में आरोप लगाया गया कि भाजपा सरकार के दो वर्षों में किसान, मजदूर, युवा, महिलाएं, विद्यार्थी और छोटे व्यापारी परेशान रहे हैं। कांग्रेस ने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और बिगड़ती कानून-व्यवस्था ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ाई हैं।

पार्टी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर प्रदेश की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया। विज्ञप्ति में कहा गया कि जनता के मुद्दों का समाधान करने के बजाय मुख्यमंत्री विदेश यात्राओं और अन्य राज्यों के दौरों में व्यस्त हैं, जबकि हरियाणा की जनता सरकार से जवाबदेही चाहती है।

‘दो साल का हिसाब दो’ होगा प्रमुख नारा

कांग्रेस इस अभियान में ‘दो साल का हिसाब दो, हरियाणा को जवाब दो’, ‘तीसरे कार्यकाल का दूसरा साल, हरियाणा बेहाल’ और ‘जश्न सत्ता का, दर्द जनता का’ जैसे नारों के साथ सरकार के कामकाज पर सवाल उठाएगी। पार्टी भाजपा के पिछले बारह वर्षों के शासन को भी मुद्दा बनाएगी।

कहां, कौन करेगा पत्रकार वार्ता
स्थानकांग्रेस नेता
सिरसाप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह
दिल्लीभूपेंद्र सिंह हुड्डा
चंडीगढ़कुमारी सैलजा
रोहतकदीपेंद्र सिंह हुड्डा
फरीदाबादचौधरी बीरेंद्र सिंह
पानीपतधर्मपाल सिंह मलिक
भिवानीडॉ. अशोक तंवर
करनालचौधरी उदय भान
हिसारजयप्रकाश
अंबालावरुण मुलाना
सोनीपतसतपाल ब्रह्मचारी
कुरुक्षेत्रकर्मवीर बौद्ध
गुरुग्रामराज बब्बर

विज्ञप्ति के अनुसार, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला 21 अक्टूबर को गुजरात के प्रभारी के रूप में संगठनात्मक दौरे पर गुजरात में रहेंगे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें