*बाजरा खरीद में किसानों के साथ अन्याय, खाद के लिए भटक रहे किसान : संजय दत्त*
*ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें, लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा; किसानों की समस्याओं पर सरकार जवाब दे : राव नरेंद्र सिंह*
चंडीगढ़, 17/10/2026 – हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त के मार्गदर्शन और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को चरखी दादरी जिले के बाढड़ा में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कांग्रेस सेवा दल की प्रदेश अध्यक्ष पूनम चौहान भी विशेष रूप से मौजूद रहीं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की और उनके प्रतीकात्मक पुतले का दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दादरी रोड स्थित गणपति ट्रेडर्स के पास से मार्च शुरू किया, जो क्रांतिकारी चौक से होते हुए बीडीपीओ कार्यालय तक पहुंचा। इससे पूर्व कांग्रेस नेताओं ने क्रांतिकारी चौक पर महाशय मंशाराम और राजा महताब सिंह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट उसकी सबसे बड़ी ताकत है और इस ताकत की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक तथा संवैधानिक संस्था की जिम्मेदारी है। वोट चोरी और चंदा चोरी जैसे गंभीर मुद्दों पर उठ रहे सवालों का जवाब दिया जाना चाहिए। चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना चुनाव आयोग का दायित्व है। यदि चुनाव प्रक्रिया को लेकर जनता के मन में सवाल उठ रहे हैं, तो उनकी निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच हो, उनकी गिरफ्तारी की मांग पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए और उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। आगामी चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग पर भी गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का विश्वास मजबूत हो सके।
संजय दत्त ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान अब केवल कांग्रेस पार्टी का आंदोलन नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और जनता के मताधिकार की रक्षा से जुड़ा जन-जन का आंदोलन बन चुका है। कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और ब्लॉक स्तर तक पहुंचकर लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा और चुनावी पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव व्यवस्था पर निर्भर करती है।
जनता को यह विश्वास होना चाहिए कि उसका वोट सुरक्षित है और उसके जनादेश का सम्मान किया जाएगा। चुनावी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी। लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए जवाबदेही सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए, ताकि मतदाताओं का चुनाव प्रक्रिया पर भरोसा और मजबूत हो।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। यह लड़ाई किसी एक राजनीतिक दल तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के अधिकारों से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा कांग्रेस संगठन की मजबूती के साथ इस अभियान को प्रदेश के हर गांव, हर ब्लॉक और हर जिले तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
दादरी जिले के किसानों के साथ बाजरा खरीद के नाम पर अन्याय कर रही सरकार
कांग्रेस नेताओं ने चरखी दादरी जिले में बाजरा खरीद को लेकर किसानों को हो रही परेशानियों पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि किसानों के पास उपलब्ध बाजरे की पूरी मात्रा का ऑनलाइन पंजीकरण अथवा सत्यापन नहीं हो पा रहा है और न ही सरकार या उसकी खरीद एजेंसी द्वारा अपेक्षित खरीद की जा रही है। ऐसे में किसान अपनी उपज बेचने के लिए परेशान हैं और स्थानीय आढ़ती अपने स्तर पर बाजरे की खरीद कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बाजरे की खरीद के मामले में सरकार का रुख स्पष्ट नहीं है। भावांतर भरपाई योजना के तहत किसानों को राहत मिलेगी या नहीं, इसे लेकर भी असमंजस बना हुआ है। सरकार की अस्पष्ट नीति के कारण किसान रुष्ट, परेशान और हैरान हैं। किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए स्पष्ट व्यवस्था और उचित आर्थिक सुरक्षा की जरूरत है, लेकिन सरकार की ओर से उन्हें राहत देने के बजाय अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसान पहले ही मौसम, खेती की बढ़ती लागत और फसलों के उचित दाम को लेकर परेशान हैं। ऐसे में बाजरे की खरीद में आ रही बाधाएं उनकी मुश्किलें और बढ़ा रही हैं। सरकार को खरीद प्रक्रिया में आ रही समस्याओं को तत्काल दूर करना चाहिए, किसानों के बाजरे की खरीद सुनिश्चित करनी चाहिए और भावांतर भरपाई को लेकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, ताकि किसानों को आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े।
खाद के लिए दर-दर भटकने को मजबूर किसान
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसानों को खाद प्राप्त करने के लिए भी दर-दर की ठोकरें खानी पड़ रही हैं। खेती के महत्वपूर्ण समय पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। किसानों को आवश्यक कृषि सामग्री के लिए परेशान होना पड़ रहा है, जो सरकार की कृषि व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करना चाहिए। बाजरे की खरीद, भावांतर भरपाई और खाद की उपलब्धता जैसे मुद्दों पर केवल आश्वासन देने के बजाय ठोस कदम उठाने चाहिए। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य और खेती के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना सरकार का दायित्व है।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी किसानों के अधिकारों, लोकतंत्र की रक्षा और जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी। ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के माध्यम से कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के साथ-साथ किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाएगी।
प्रदर्शन में ये नेता रहे मौजूद
इस अवसर पर चरखी दादरी जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील धानक, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रणसिंह मान, पूर्व विधायक सोमवीर सिंह, पूर्व विधायक धर्मपाल सांगवान, पूर्व विधायक कर्नल रघुबीर सिंह छिल्लर, कनेक्ट सेंटर के प्रभारी दीपक लांबा, डॉ. मनीषा सांगवान, राजू मान, कमल सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश कुमार, अजीत बबली, सतबीर सिंह, सुरेंद्र सांगवान, महेंद्र सोनी, जयभगवान मांढी, दीपक सांगवान, मंदीप सिंह, दलबीर गांधी, जगबीर बेरला और अनिल धनखड़ सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।








