गुरुग्राम में दुर्गा पूजा समारोह में शामिल हुए हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भारत की पांच हजार वर्ष पुरानी सभ्यता की निरंतरता का आधार आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक परंपराएं : राज्यपाल

प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा, दुर्गा पूजा सामाजिक सद्भाव और सांस्कृतिक जुड़ाव का सशक्त माध्यम

गुरुग्राम, 17 अक्टूबर। हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष ने कहा कि भारत की लगभग पांच हजार वर्ष पुरानी सभ्यता की निरंतरता का प्रमुख आधार इसकी आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक परंपराएं हैं। विश्व की अनेक प्राचीन सभ्यताएं समय के साथ समाप्त हो गईं, लेकिन भारत ने विभिन्न ऐतिहासिक चुनौतियों के बावजूद अपनी सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखा। उन्होंने कहा कि हमारी धार्मिक परंपराएं, भजन और संस्कार पीढ़ी-दर-पीढ़ी समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। राज्यपाल शनिवार को गुरुग्राम के सेक्टर-37डी स्थित कान्हा फार्म में सार्वजनिक मिलन उत्सव चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित दुर्गा पूजा समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।

राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने पूजा पंडाल में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना करने के उपरांत उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की आध्यात्मिक विरासत उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। दुर्गा पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक मेलजोल, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से समाज में आपसी सद्भाव बढ़ाने का अवसर भी प्रदान करती है। ऐसे आयोजनों से बच्चों को विभिन्न लोगों के साथ संवाद करने और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है, जिससे उनके व्यक्तित्व का विकास होता है। राज्यपाल ने समिति द्वारा धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से समाज को जोड़ने के प्रयासों की सराहना की और संस्था के भविष्य के विकास के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा की।

राज्यपाल ने कहा कि भारत को आर्थिक रूप से विकसित, सशक्त और उदार राष्ट्र बनाने के लिए सभी नागरिकों को मिलकर प्रयास करना चाहिए, ताकि भारत विश्व में जरूरतमंद देशों की सहायता करने में सक्षम बने। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और अन्य महान विभूतियों के योगदान को याद करते हुए कहा कि देश को आजादी अनेक बलिदानों और संघर्षों के बाद मिली है। इस स्वतंत्रता, राष्ट्रीय एकता और देश की सुरक्षा को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने मां दुर्गा से देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति तथा जनकल्याण की कामना करते हुए कहा कि समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सम्मान से राष्ट्र और अधिक मजबूत बनता है।

इस अवसर पर अतनु भट्टाचार्य, सुशांत कुमार, संदीप राव, रुपजीत दत्ता, तमालिका डे, सुराजित सेन गुप्ता सहित आयोजन समिति के अन्य सदस्य तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें