*निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण और कचरा प्रबंधन के लिए नियमित निगरानी के निर्देश*
*प्रदूषण नियंत्रण के लिए ग्रैप की पालना सुनिश्चित करें अधिकारी, खुले में कचरा जलाने पर लगे रोक*
गुरुग्राम, 15 अक्टूबर- डीसी उत्तम सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए सभी संबंधित विभाग अपने-अपने क्षेत्र में निर्धारित दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करें। निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण, सड़कों की सफाई, कचरे के उचित निस्तारण और खुले में कचरा जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने ये निर्देश गुरुवार को लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित संयुक्त समीक्षा बैठक में दिए। बैठक में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के दिशा-निर्देशों और ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के तहत विभिन्न विभागों की तैयारियों एवं कार्यवाही की समीक्षा की गई।
*निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के लिए नियमित जांच करें*
डीसी ने निर्माण स्थलों पर निर्धारित धूल नियंत्रण मानकों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र निर्माण परियोजनाओं का हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पोर्टल पर पंजीकरण कराने, निर्धारित मानकों के अनुसार एंटी-स्मॉग गन लगाने और नियमों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने निर्माण स्थलों से निकलने वाले मलबे को व्यवस्थित तरीके से एकत्रित करने, निर्धारित स्थान तक पहुंचाने और उसका उचित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
*सड़कों की सफाई और धूल रोकने के उपायों पर ध्यान दें*
डीसी ने संबंधित एजेंसियों को सड़कों की मैकेनिकल स्वीपिंग, पानी के छिड़काव और गड्ढों की मरम्मत का कार्य नियमित रूप से करने को कहा। उन्होंने धूल प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां आवश्यक कदम उठाने, सड़क किनारे हरियाली विकसित करने और सड़क रखरखाव से जुड़ी एजेंसियों को अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
*कचरे का उचित निस्तारण और लैंडफिल साइटों पर सुरक्षा व्यवस्था रखें*
बैठक में ठोस कचरे का नियमित उठान सुनिश्चित करने, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने तथा उसका उचित निस्तारण करने के निर्देश दिए तथा बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर पुराने कचरे के निस्तारण की समीक्षा की गई। डीसी ने लैंडफिल साइटों पर आग की घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी, अग्निशमन उपकरणों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने खुले में कचरा एवं बायोमास जलाने पर रोक लगाने और अवैध रूप से कचरा डालने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
*औद्योगिक कचरे और पटाखों से जुड़े नियमों की पालना सुनिश्चित करें*
डीसी ने औद्योगिक एवं अन्य क्षेत्रों में जमा कचरे को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उठाने और उसका उचित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में पटाखों के संबंध में न्यायालयों के आदेशों की पालना, अवैध भंडारण एवं बिक्री पर निगरानी तथा संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की समीक्षा भी की गई।
*ग्रैप के विभिन्न चरणों के लिए तैयारियां पूरी रखें विभाग*
डीसी ने अधिकारियों को ग्रैप के विभिन्न चरणों के तहत लागू होने वाले प्रतिबंधों के अनुरूप विभागीय तैयारियां पूरी रखने, निगरानी टीमों को सक्रिय रखने और प्रदूषण संबंधी शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को प्रदूषण नियंत्रण के उपायों के प्रति जागरूक करने तथा पूर्व बैठकों में लिए गए निर्णयों पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट निर्धारित समय पर प्रस्तुत करने को भी कहा।
बैठक में एडीसी सोनू भट्ट, अतिरिक्त नगर निगम आयुक्त रविंद्र यादव, एसीपी ट्रैफिक सत्यपाल यादव, डीईओ कैप्टन इंदु बोकन तथा एडीटीओ हरेंद्र वीर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








