मतदाता सूची के लंबित मामलों का प्राथमिकता से करें निपटान: मंडल आयुक्त रवि प्रकाश गुप्ता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे करने के निर्देश

वीसी के माध्यम से मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने की पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा

गुरुग्राम, 15 अक्टूबर- मंडल आयुक्त रवि प्रकाश गुप्ता ने अधिकारियों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में सही और पात्र मतदाताओं के नाम दर्ज होना तथा सूची में दर्ज विवरण की शुद्धता सुनिश्चित करना आवश्यक है। इसके लिए संबंधित अधिकारी पुनरीक्षण से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी करें और निर्धारित समयसीमा में सभी प्रक्रियाएं पूरी करें।

इससे पहले हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के उपायुक्तों, जिला निर्वाचन अधिकारियों और संबंधित अधिकारियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में विधानसभा क्षेत्रवार प्रगति, लंबित मामलों और मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तैयारियों पर चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनरीक्षण से संबंधित कार्यों में अनावश्यक देरी न हो और सभी लंबित मामलों का नियमानुसार समय पर निपटान किया जाए।

मंडल आयुक्त रवि प्रकाश गुप्ता ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया के लिए महत्वपूर्ण है। इसलिए प्रत्येक लंबित मामले की तथ्यों के आधार पर जांच की जाए और दावों एवं आपत्तियों का पारदर्शी तरीके से निपटारा किया जाए। पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करने की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जाए, जबकि अपात्र नामों से संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनरीक्षण से संबंधित लंबित कार्यों की नियमित समीक्षा करें और अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन से पहले सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर लें। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि किसी भी मामले में अनावश्यक देरी न हो और निर्वाचन संबंधी निर्धारित कार्यक्रम का पालन किया जाए।

बैठक में एडीसी सोनू भट्ट, एसडीएम बादशाहपुर संजीव सिंगला, एसडीएम गुरुग्राम हितेंद्र कुमार तथा एसडीएम पटौदी दिनेश लुहाच, सीटीएम ज्योति नागपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें