प्रशासकीय सचिव ने मंडी में हेल्प डेस्क, गेट पास और बायोमीट्रिक सत्यापन व्यवस्था का किया निरीक्षण, किसानों व आढ़तियों से फसल खरीद व्यवस्था का लिया फीडबैक
बाजरा उत्पादक किसानों को मिलगा भावान्तर भरपाई योजना का भी लाभ

गुरुग्राम, 15 अक्टूबर। आबकारी एवं कराधान विभाग हरियाणा की आयुक्त एवं सचिव तथा गुरुग्राम जिला की प्रशासकीय सचिव आशिमा बराड़ ने गुरुवार को गुरुग्राम जिले का दौरा किया। डीसी उत्तम सिंह ने गुरुग्राम आगमन पर प्रशासकीय सचिव का स्वागत किया। प्रशासकीय सचिव ने जटौली अनाज मंडी का दौरा कर खरीफ सीजन के दौरान फसलों की खरीद व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से खरीद प्रक्रिया की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान आशिमा बराड़ ने मंडी में किसानों की सुविधा के लिए स्थापित हेल्प डेस्क, किसानों को जारी किए जाने वाले गेट पास, बायोमीट्रिक सत्यापन सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंडी परिसर में किसानों, आढ़तियों और आमजन से बातचीत कर खरीद प्रक्रिया के संबंध में फीडबैक भी प्राप्त किया। प्राप्त फीडबैक के आधार पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए खरीद प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाए रखने के निर्देश दिए।
प्रशासकीय सचिव आशिमा बराड़ ने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों के हितों की रक्षा और उनकी उपज की खरीद सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों की उपज की खरीद की जाएगी। इसके साथ ही बाजरा उत्पादक किसानों को भावांतर भरपाई योजना का लाभ भी दिया जाएगा, ताकि उन्हें उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके।
वीसी के माध्यम से मुख्य सचिव ने की खरीद व्यवस्था की समीक्षा


इसके उपरांत हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गुरुग्राम सहित प्रदेश के सभी जिलों में खरीफ सीजन की फसलों की खरीद व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान प्रशासकीय सचिव आशिमा बराड़ ने गुरुग्राम जिले में फसल खरीद से संबंधित प्रबंधों की जानकारी साझा की।
गुरुग्राम जिला में 28 हजार मीट्रिक टन से अधिक बाजरे की हुई खरीद
उन्होंने बताया कि गुरुग्राम जिले में जटौली अनाज मंडी के अलावा सोहना और फर्रुखनगर में भी खरीद केंद्र बनाए गए हैं। जिले में अब तक 11,649 किसानों से कुल 28,394.15 मीट्रिक टन बाजरे की खरीद की जा चुकी है। उन्होंने खरीद प्रक्रिया से जुड़े प्रबंधों और किसानों की सुविधा के लिए किए गए इंतजामों के बारे में भी जानकारी दी।
इस अवसर पर पटौदी के एसडीएम दिनेश कुमार, सीटीएम ज्योति नागपाल, डीईटीसी एनआर फुले, मार्केट कमेटी के चेयरमैन मनोज मोकलवास, डीएफएससी केके गोयल, मार्केट कमेटी के सचिव विपिन यादव, तहसीलदार रोहताश सिंह सहित अन्य अधिकारी व क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।








