‘पेट में दर्द’, ‘नंगे’, ‘पप्पू’ और ‘जाति-पाति का जहर’ जैसे शब्द विधानसभा की कार्यवाही से हटाए गए
चंडीगढ़, 1 सितंबर। हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन मंगलवार को सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच हुई तीखी नोकझोंक के दौरान इस्तेमाल किए गए कई शब्दों तथा टिप्पणियों को विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही से निकलवा दिया।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने विपक्ष को लेकर कहा—“इनके पेट में दर्द होने लगा है”, “इनके पेट में दर्द होता है” और “इनके पेट में दर्द हो रहा है।” विधानसभा अध्यक्ष ने इन टिप्पणियों को सदन की कार्यवाही से हटाने का निर्देश दिया।
मंत्री कृष्ण कुमार बेदी द्वारा विपक्ष के लिए इस्तेमाल किया गया शब्द “नंगे” भी सदन की कार्यवाही से निकाल दिया गया।
विधायक राम कुमार गौतम ने विपक्ष को संबोधित करते हुए “आपके नेता पप्पू” कहा। अध्यक्ष ने इस टिप्पणी को भी कार्यवाही का हिस्सा नहीं बनने दिया।
वहीं, विधायक गीता भुक्कल ने राम कुमार गौतम को लेकर कहा—“गौतम जी जैसे, जो बात-बात में जाति-पाति का जहर घोलने का काम करते हैं।” विधानसभा अध्यक्ष के निर्देश पर यह टिप्पणी भी सदन की कार्यवाही से हटा दी गई।






