जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, डीएलएसए नरेंद्र सुरा ने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
एक माह तक गांव-गांव पहुंचकर लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता, लोक अदालत व मध्यस्थता की देंगे जानकारी

गुरुग्राम, 1 सितंबर- जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गुरुग्राम की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके कानूनी अधिकारों और निःशुल्क कानूनी सेवाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से एक माह के ग्रामीण जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गुरुग्राम नरेंद्र सुरा ने जागरूकता अभियान के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी निशा, पैनल अधिवक्ता और पैरा लीगल वालंटियर्स मौजूद रहे।
अभियान के दौरान डीएलएसए की टीम गुरुग्राम जिले के विभिन्न गांवों और दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से सीधे संवाद करेगी। ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क कानूनी सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही, लोगों की कानूनी समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान करने में भी सहायता की जाएगी।

ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच बनाने के लिए अभियान का विस्तृत कार्यक्रम तैयार किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अलग-अलग गांवों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। पैनल अधिवक्ता और पैरा लीगल वालंटियर्स ग्रामीणों को उपलब्ध विधिक सेवाओं की जानकारी देने के साथ उन्हें विवादों के त्वरित और सौहार्दपूर्ण समाधान के माध्यमों के बारे में भी बताएंगे।
इस अवसर पर नरेंद्र सुरा ने कहा कि न्याय और कानूनी सहायता की जानकारी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना जरूरी है। आर्थिक स्थिति या कानूनी जानकारी के अभाव में कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे, इसके लिए विधिक सेवा प्राधिकरण लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि गांव-गांव तक पहुंचने वाले इस अभियान से ग्रामीणों को अपने अधिकारों और उपलब्ध कानूनी सेवाओं की जानकारी आसानी से मिल सकेगी।
यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में कानूनी जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क विधिक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।








